: फसल मुआवजा प्रकरण,6 घंटे एसईसीएल कोरबा मुख्यालय का घेराव किया प्रभावित किसानों ने माकपा के नेतृत्व में
Mukesh Kumar Bharti
Mon, Oct 11, 2021
एसईसीएल ने कहा कटघोरा एसडीएम कार्यालय में रुकी है फाइल , दीपावली से पहले मिलेगा किसानों को मुआवजा
कोरबा । एसईसीएल के बल्गी सुराकछार खदान के भूधसान से प्रभावित किसानों के फसल मुआवजा की मांग को लेकर किसानों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में 12 बजे से एसईसीएल कोरबा मुख्यालय के मेन गेट को बंद करके घेराव जारी रखा और 2 महीने पहले दिए झूठे लिखित आश्वासन की प्रतिलिपि को जला कर जताया विरोध। घेराव के बाद प्रबंधन ने वार्ता के लिए माकपा और प्रभावित किसानों को बुलाया बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर प्रदर्शन कारी बैठक से उठ कर वापस बाहर निकल गए। 6 घंटे तक घेराव जारी रहने के बाद दुबारा प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों को बैठक के लिए बुलाया और लिखित आश्वासन दिया कि दीपावली से पहले मुआवजा दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी जिसके बाद घेराव समाप्त हुआ।
माकपा जिला सचिव प्रशांत झा ने कहा कि बल्गी सुराकछार खदान के भूधसान के कारण सुराकछार बस्ती के किसानों की भूमि वर्ष 2009 से कृषि कार्य करने योग्य नहीं रह गई है। इससे किसानों को हुए भारी नुकसान को देखते हुए वर्ष 2016-17 तक का फसल क्षतिपूर्ति व मुआवजा एसईसीएल प्रबंधन को देना पड़ा है। लेकिन इसके बाद वर्ष 2017-18 से वर्ष 2020-21 तक का चार वर्षों का मुआवजा अभी तक लंबित है। वर्ष 2012 में एसईसीएल प्रबंधन ने खेतों के भूमि समतलीकरण करने का भी आश्वासन दिया था, लेकिन उसने इस पर भी आज तक अमल नहीं किया है।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर, और दीपक साहू ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार आंदोलन किया गया है। जुलाई में सीएमडी के लगातार पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल प्रबंधन ने दो महीने के अंदर फसल नुकसानी का मुआवजा देने का लिखित आश्वासन
दिया था, लेकिन इस पर प्रबंधन ने आज तक कोई कार्यवाही नही की है और मुआवजे प्रकरण की फ़ाइल को दबाकर बैठी हुई है। माकपा नेताओं ने कहा है कि दशहरा और दीवाली के त्यौहारों पर किसानों को पैसों की सख्त जरूरत होती है। इसलिए एसईसीएल को उनके मुआवजे का ब्याज सहित भुगतान करना चाहिए।
प्रथम राउंड के वार्ता की असफलता के बाद एसईसीएल की उदासीनता और उसकी वादाखिलाफी के खिलाफ आक्रोशित किसानों ने घेराव को अनिच्छित कालीन करने की घोषणा कर दी 6 घंटे तक मुख्य गेट में घेराव के बाद पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद प्रबंधन ने दुबारा बैठक के लिए प्रदर्शनकारियों को बैठक के लिए बुलाया बैठक में एस ई सी एल के अधिकारी, सिटी कोतवाल सनत सोनवानी, माकपा जिला सचिव प्रशांत झा,किसान सभा के जवाहर सिंह कंवर, दीपक साहू,ग्रामीण गणेश राम,मोहर दास, रमा,सावित्री चौहान उपस्थित थे बैठक में प्रबंधन ने लिखित रूप से दीपावली से पहले किसानों को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया और बताया कि फाइल एस डी एम कार्यालय में है फाइल आते ही एक कमेटी तुरंत किसानों के फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने की पहल करेगा। लिखित आश्वासन के बाद घेराव समाप्त हुआ।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से संजय यादव, महिपाल सिंह, गणेश राम, मोहर दास, कन्हाई सिंह, विशाल राम, लालजी, रघुलाल, सावित्री चौहान, दुज बाई, झूल बाई,अंजोर सिंह, सोमेश्वर सिंह,सुरेश कुमार,राकेश कुमार तंवर, रमन के साथ बड़ी संख्या में प्रभावित किसान उपस्थित थे ।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन