: मां सहित अंधेकत्ल के दो आरोपी जेल दाखिल
Mukesh Kumar Bharti
Sun, May 28, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चांपा - अवैध संबंध के चलते बालक के गला एवं मुंह को दबाकर हत्या करने एवं उसके पैर को तार और पत्थर से बांधकर शव को कुआं में फेंक दिये जाने के मामले में नैला चौकी पुलिस ने मां सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मीडिया ग्रुप से इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया द्वासा बाई धीवर निवासी मुड़पार ने गत माह 14 अप्रैल को चौकी नैला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 अप्रैल को इसका नाबालिग लड़का घर में नहीं है और आसपास पता करने पर कोई पता नहीं चला। जिसे कोई अज्ञात आरोपी द्वारा अपहरण कर ले जाने की रिपोर्ट पर चौकी नैला में अपराध क्रमांक 269/23 धारा 363 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान 13 मई को प्रार्थिया के घर के बाड़ी से लगे कुंयें मेें एक बालक का शव तैरता हुआ मिला। जिसे कुंआ से निकालने पर प्रार्थिया द्वारा उक्त बालक की पहचान अपने पुत्र के रूप में की गई। मृत बालक का पैर तार एवं पत्थर से बंधा हुआ था। जिस पर मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्यवाही कराकर मर्ग जांच उपरांत प्रकरण में धारा 302 , 201, 34भादवि जोड़ी जाकर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान घटना की गम्भीरता को देखते हुये मौके पर एफएएल वैज्ञानिक व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित होकर घटनास्थल का निरीक्षण किये एवं डॉग स्कॉट की टीम भी भेजी गई। प्रकरण के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये। प्रकरण के संदेही मृतक की मां द्वासा बाई धीवर एवं चाचा राजू धीवर को पुलिस हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर अपने मेमोरण्डम कथन में बताये कि मृतक के पिता वर्ष 2008 से हत्या के प्रकरण में सजा होने पर बिलासपुर जेल में निरूद्ध है। इसी दौरान द्वासा बाई धीवर एवं राजू धीवर के मध्य प्रेम संबंध स्थापित हो गया था। गत माह 13 अप्रैल को दोनों तिलई के बैंक से वापस घर आये और बाद मे मृतक बालक दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। उक्त घटना के संबंध में मृतक द्वारा जेल जाकर अपने पिता को बताऊंगा कहने पर आरोपी राजू धीवर मृतक बालक के गला एवं मुंह को दबाकर हत्या कर दिया एवं मृतक के पैर को बाड़ी में रखे तार एवं पत्थर से बांधकर शव को कुंआ मेें फेंक देना बताया गया। नैला चौकी पुलिस ने इस हत्याकांड के मामले में मां सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में चंद्रशेखर परमा उप पुलिस अधीक्षक , यदुमणि सिदार एसडीओपी चांपा , निरीक्षक लखेश केवट , उप निरीक्षक गजा लाल चंद्राकर चौकी प्रभारी नैला , उप निरीक्षक पुष्पराज साहू , सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह , राम खिलावन साहू , प्रधान आरक्षक बलवीर सिंह , राजकुमार चंद्रा , आरक्षक जितेश सिंह , गोपेश्वर सिंह एवं महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी का विशेष योगदान रहा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन