: पर्यावरण को प्रदूषित करने वाले राखड़ लोड वाहनों पर हुई कार्यवाही
Fri, Jan 12, 2024
कोरबा 12 जनवरी 2024/ राखड़ परिवहन के संबंध में कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा नियमानुसार कार्यवाही के कड़े निर्देश के पश्चात जिले में जाँच और कार्यवाही के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में परिवहन अधिकारी शशिकांत कुर्रे, एसडीएम कटघोरा श्रीमती रिचा सिंह द्वारा गोपालपुर जेंजरा-कटघोरा मार्ग में पर्यावरण को ताक पर रख कर राखड़ परिवहन करने वाले वाहनों की आज सघन जांच की गई। बिना तिरपाल, बिना रिफलेक्टर, अवैध डंपिंग, बिना फिटनेस के संचालित राखड़ लोड वाहनों पर चलानी कार्यवाही की गई। मौके पर ही वाहनों में सुव्यवस्थित तरीके से तिरपाल लगवाई गई तथा सड़क किनारे, खुले जमीन पर राखड डंप न करने की समझाइश दी गई। टीम द्वारा रात्रि में सड़क किनारे अवैध डंपिंग कर पर्यावरण को प्रदूषित करने वाले ऐसे वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है जो नियमों को ताक पर रख कर राखड़ डंप कर रहे हैं। आर.टी.ओ. उड़नदस्ता टीम द्वारा विभिन्न मार्गाे पर 12 ऐसे वाहनों पर चालानी कार्यवाही से 43000/- रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई। अभी यह संयुक्त कार्यवाही आगे दिनों में भी जारी रहेगा।
: युवा दिवस पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन
Fri, Jan 12, 2024
कोरबा 12 जनवरी 2024/ स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस अवसर पर आज राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त नगर निगम श्री खजान्ची कुम्हार और प्राचार्य लाईवलीहुड कॉलेज श्री अरूणेन्द्र मिश्रा सहित कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के युवाओं के नाम विकसित भारत 2047 युवा के लिए युवा के द्वारा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देश के विकास के लिए आगे बढ़ने प्रेरित किया गया।
: भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह का कोरबा प्रवास 13 जनवरी से
Fri, Jan 12, 2024
कोरबा 12 जनवरी 2024/भारत सरकार के अंतर्गत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह 13 जनवरी से 15 जनवरी तक कोरबा प्रवास पर रहेंगे। श्री सिंह का 13 जनवरी को कोरबा आगमन होगा। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह 13 जनवरी को शाम 6 बजे से एनटीपीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेंगे। वे 14 जनवरी को प्रातः 10 बजे मंदिर में स्वच्छता अभियान में, प्रातः 11 बजे ग्राम ढोंगदरहा विकासखंड कोरबा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में भाग लेंगे। दोपहर 2.15 बजे विकासखंड कटघोरा अंतर्गत ग्राम रंजना में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में शामिल होंगे। 15 जनवरी को केंद्रीय मंत्री श्री सिंह एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में प्रधानमंत्री जनमन योजना कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। दोपहर 1.30 बजे वे कार द्वारा कोरबा से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।