: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत रबी फसलों के लिये बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2023 निर्धारित
Sat, Dec 23, 2023
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत रबी फसलों के लिये बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2023 निर्धारित किया गया है। इसके लिए राज्य शासन के द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिले में रबी मौसम में गेहूं सिंचित फसल को अधिसूचित किया गया है। गेहूं फसल के लिये ग्राम को इकाई क्षेत्र लिया गया है। जिले में विकासखण्ड जैजैपुर अन्तर्गत चार ग्राम चिखलरौंदा, झालरौंदा,भोथिया मलनी तथा विकासखण्ड मालखरौदा अन्तर्गत तीन ग्राम बड़े सीपत, कुरदा, चारपारा और विकासखण्ड सक्ती अन्तर्गत तीन ग्राम जाजंग, मसनियांकला, रगजा को अधिसूचित किया गया है। जिला सक्ती में फसल बीमा के लिए बीमा कम्पनी बजाज जनरल इन्शोरेंस कम्पनी लिमिटेड को अनुबंध किया गया है। गेहूं सिंचित के लिये बीमांकित राशि 10400 रू. रूपये प्रति एकड है तथा कृषकों के लिये प्रीमियम देय राशि 156 रूपये प्रति एकड है।
उप संचालक कृषि श्री शशांक शिंदे के द्वारा अधिसूचित ग्रामों में सभी गेहूं उत्पादक कृषकों को फसल बीमा का लाभ लेने के लिए आग्रह किया गया है। अधिसूचित ग्राम के अधिक से अधिक किसानों को बीमा आवरण में सम्मिलित करने के लिये मैदानी स्तर पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा चौपाल के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रमों में भी निर्देशानुसार शिविर में कृषि विभाग के मैदानी अमलों और संबंधित बीमा क्रियान्वयक कम्पनी द्वारा किसानों को अधिक से अधिक योजना का लाभ लेने के लिय प्रचार किया जा रहा है। फसल बीमा के लिये किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी,पटवारी या अपने नजदीकी सी.एस.सी.सेंटर/ संबंधित बैंक से सम्पर्क कर सकते है। किसान आवश्यक दस्तावेज - बुवाई प्रमाण पत्र, आधार कार्ड,बैंक पासबुक, पर्ची, बी-1 तथा पी-2 फसल विवरण के साथ निर्धारित तिथि 31 दिसम्बर 2023 से पूर्व अपने नजदीकी सी.एस.सी. सेंटर / संबंधित बैंक में जा कर फसल बीमा करा सकते हैं।
: भव्य कलशयात्रा के साथ आज होगा श्रीराम कथा का शुभारंभ
Sat, Dec 23, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की असीम अनुकम्पा से सनातन धर्म के प्रचार प्रसार एवं हिन्दूत्व और राष्ट्रवाद के भावना की विस्तार हेतु तिवारी अर्थमूवर्स उदयबंद (जांजगीर) में 22 दिसंबर से 28 दिसंबर तक सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। पद्मविभूषण रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्यजी महाराज तुलसीपीठ चित्रकूट के कृपापात्र शिष्य डा० अशोक हरिवंश (भईयाजी) अपने मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर एक बजे से श्रीराम कथा का रसपान करायेंगे। इस कथा में उप आचार्य के रूप में पं० केशव प्रसाद पाण्डेय विराजमान रहेंगे एवं मुख्य यजमान श्रीमति संध्या - रामविलास तिवारी होंगे। आज भव्य कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ होगा , यह कलशयात्रा उदयबंद भांठा से उदयबंद गांव स्थित प्रहलाद बंद तालाब जायेगी और वहां से जल भरकर पुन : कथास्थल पहुंचेगी। यहां कलश स्थापना और देव आवाहन - पूजन - प्रतिष्ठा के बाद कथा होगी , जिसमें श्रीराम नाम महिमा एवं सती श्रीशंकर संवाद का वर्णन किया जायेगा। वहीं कथा के दूसरे दिन 23 दिसंबर को श्रीशिव पार्वती विवाह व श्रीराम अवतरण , 24 दिसंबर को पुष्पवाटिका प्रसंग व श्रीराम जानकी विवाह , 25 दिसंबर श्रीराम बनवास व केंवट प्रसंग , 26 दिसंबर माता शबरी प्रसंग , 27 दिसंबर श्रीराम - हनुमान मिलन कथा का रसपान कराया जायेगा। वहीं कथा के अंतिम दिवस 28 अक्टूबर को सुंदरकांड की व्याख्या के साथ कथा विश्राम एवं भंडारा होगा। रेसलिंग के क्षेत्र में कई इंटरनेशनल चैम्पियनशिप बेल्ट विजेता रेसलर की दुनियां में द लायन के नाम से सुप्रसिद्ध प्रतीक तिवारी एवं आनन्द तिवारी (रिंकू) ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कथास्थल पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण लाभ लेने की अपील की है।
:
Sat, Dec 23, 2023
कोरबा 22 दिसंबर 2023/कोरबा जिले में 67 वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 का आयोजन 28 जनवरी से 01 फरवरी 2024 तक प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी स्टेडियम टीपी नगर और सीएसईबी पूर्व फुटबाल मैदान में आयोजित किया जायेगा। प्रतियोगिता में 20 राज्यों के लगभग दो हजार प्रतिभागी एवं कोच, मैनेजर, रेफरी आदि सम्मिलित होंगे। पांच दिवसीय इस आयोजन में 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं बेस बाल खेलेंगे। स्कूल शिक्षण विभाग एवं राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति अन्तर्गत होने वाले इस प्रतियोगिता की तैयारियों और आवासीय, परिवहन, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा आदि व्यवस्था को लेकर आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप ने आयोजन की रूपरेखा और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों, सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में राष्ट्रीय स्तर के शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है। इसकी तैयारियों एवं व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जी.पी.भारद्वाज ने राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन तथा समापन प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी स्टेडियम टीपी नगर और सीएसईबी पूर्व फुटबाल मैदान में किया जायेगा। प्रतियोगिता में बेस बाल खेले जायेंगे। इसके लिए नियंत्रण कक्ष विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-एक और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा टीपी नगर को बनाया गया है। प्रतियोगिता में 720 बालक एवं 720 बालिकाएं कुल 1440 प्रतिभागी सम्मिलित होंगे। इसके अतिरिक्त लगभग 560 विभिन्न राज्यों से कोच, मैनेजर, रेफरी, आफिसियल स्टाफ भी आयेंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बालक-बालिका हेतु अलग-अलग आवास व्यवस्था, खेल के आयोजन हेतु मैदान निर्माण व्यवस्था सहित चिकित्सा, सुरक्षा, पेयजल एवं साफ-सफाई, परिवहन, पुरस्कार, खेल सामग्री, मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्युत व्यवस्था आदि पर बैठक में चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप ने आयोजन को गंभीरता से लेने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखते हुए सफल आयोजन में सबकी सहभागिता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने आवास, भोजन तथा खिलाड़ियों को खेल मैदान तक पहुंचाने परिवहन की व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिये। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल अधिकारी, परिवहन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं सार्वजनिक एवं निजी उपक्रमों के अधिकारी उपस्थित थे।