: अंकिता शर्मा की पहल पर नि:शुल्क कोचिंग क्लास का शुभारंभ
Tue, Nov 15, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टखैरागढ़-छुईखदान-गंडई - नवगठित जिला में पुलिस अधीक्षक महोदया सुश्री अंकिता शर्मा (आईपीएस) के निर्देश पर थाना खैरागढ़ परिसर में गत दिवस नर्सरी से कक्षा पहलीं तक के बच्चो को उच्च प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से कोचिंग क्लास प्रारम्भ किया गया है। जिसमें वर्तमान में करीबन दस - पंद्रह बच्चों के द्वारा कोचिंग का लाभ लिया जा रहा है। नगर सहित आसपास के समस्त नागरिक से सादर अपील है कि जिस किसी भी परिजन के बच्चे नर्सरी से कक्षा पहली में पढ़ाई कर रहें है वे थाना खैरागढ़ परिसर में संचालित कोचिंग क्लास का लाभ लेने हेतु थाना खैरागढ़ में निःशुल्क रजिस्ट्रेशन कराकर पुलिस ट्यूटोरियल्स के अंतर्गत प्रारम्भ निःशुल्क कोचिंग क्लास में प्रवेश ले सकते है। सुश्री अंकिता शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया कि निकट भविष्य में इसे बढ़ाकर पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने का प्रयास है।
: बालको अस्पताल उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा मुहैया कराने हेतु कटिबद्ध
Sat, Nov 12, 2022
बालकोनगर, 12 नवंबर 2022। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक सिन्हा एवं उनकी टीम ने दादर खुर्द (खरमोरा) निवासी 20 वर्षीय युवक के पैरों की टूटी हड्डी और सड़ चुके मांसपेशियों को सही करने के लिए कई चरणों में सर्जरी की गई। ट्रक की चपेट में आने से लकी राम यादव का एक्सीडेंट हुआ जिसे तत्काल कोरबा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत बिगड़ने पर मरीज को नाजुक स्थिति में चौथे दिन परिजनों ने बालको अस्पताल में भर्ती कराया। एक्सीडेंट में मरीज के दाएं पंजे की हड्डी एवं मांस पूरी तरह से क्रश हो चुके थे और पंजे की तीन हड्डियां बाहर आ गई थी। इसके अलावा जांघ की हड्डी टूटने के साथ ही घुटने तक की चमड़ी खराब हो गई थी जिसमें खून की कमी से सड़ांध फैल चुका था। डाक्टर के अनुसार मरीज की जान बचाना मुश्किल था और लगा कि जान बचाने के लिए पैर काटना पड़ता।
मरीज के घर वालों को सारी स्थिति बताकर पहला ऑपरेशन किया गया जिसमें खराब हुई चमड़ी और मांस (जांघ के पास) को निकाला गया। जांघ की टूटी हड्डी में रॉड डाला गया। पंजे की सड़ी तीन हड्डियों को निकालकर हटाया गया जिसकी वजह से शेप खराब हो गया तो पंजे की बची पहली एवं पांचवी हड्डी में तार डालकर सही किया गया। पंजे के घाव की अच्छे तरीके से सफाई की गई जिसमें से मिट्टी, घास के टुकड़े निकले। डॉ. के सामने चुनौती थी कि इतने बढ़े घाव को भरे कैसे? लगातार ड्रेसिंग करने और दवाईयों की वजह से घाव में धीरे-धीरे सुधार हुआ।
दूसरे ऑपरेशन में दाहिने जांघ के घाव पर बाये जांघ से चमड़ी निकालकर (स्किन ग्राफिटिंग) लगाई गई जो एक जटिल प्रक्रिया है जिसमें कई बार मांस नए स्किन को स्वीकार नहीं करता लेकिन यह सर्जरी सफल रही। एक और ऑपरेशन किया गया जिसमें दाहिने जांघ से चमड़ी निकालकर दाहिने पंजे पर चढ़ाई गई। ड्रेसिंग और देखभाल से घाव में जल्द सुधार हुआ तथा दो महीने भर्ती रहने के पश्चात मरीज पूर्ण स्वस्थ्य होकर अपने घर गया। इन ऑपरेशनों के दौरान कुल 12 बॉटल खून चढ़ाया गया। मरीज का सारा इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि बालको अस्पताल में क्षतिग्रस्त हड्डी और मांसपेशियों की सर्जरी 100 फीसदी सफल रही। ऑपरेशन के बाद अब मरीज अपने पैर का संचालन ठीक से कर पा रहे हैं। मरीज के परिवारजनों ने बालको प्रबंधन का साधुवाद किया उन्होंने कि अस्पताल की उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाओं से मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। अस्पताल के चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों का व्यवहार मरीजों और उनके परिवारजनों के प्रति बेहतरीन है। बालको अस्पताल की सेवाओं से वो पूरी तरह संतुष्ट हैं।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री अभिजीत पति ने बालको अस्पताल की टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बालको अस्पताल वर्तमान में एक मल्टी स्पेशिएलिटी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में काम कर रहा है जहां क्षेत्रीय नागरिकों के लिए विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं मौजूद हैं। बालको कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के अलावा अन्य स्थानीय नागरिकों को भी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं दी जाती हैं। श्री पति ने कहा कि बालको अस्पताल के जरिए क्षेत्र के जरूरतमंदों को हरसंभव चिकित्सा सुविधाएं देने के प्रति बालको प्रबंधन कटिबद्ध है।
----------------------------
: सीएम बघेल ने जांजगीर में ली समीक्षा बैठक
Sat, Nov 12, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर-चांपा विधानसभा में भेंट मुलाकात के दूसरे दिन शनिवार को सर्किट हाउस जांजगीर में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अफसरों से कहा कि शिक्षा गुणवत्ता में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है , कल ही शिकायत पर एक प्राचार्य पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई है , ऐसी स्थिति नही होनी चाहिए। स्कूलों में पढ़ाई अच्छे से होने चाहिये। शिक्षक समय से स्कूल पहुंचे और पूरे समय तक स्कूल में रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी इसका औचक निरीक्षण करें। जो शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित है उस पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिये। इसके लिये स्कूल्स को क्लस्टर में बांटकर विभिन्न गतिविधियां करवाई जाये। स्वामी आत्मानंद स्कूल का मुख्य उद्देश्य अंग्रेजी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कराना है। उन्होंने शिक्षक की नियुक्ति पूरी करने के निर्देश दिये। नये खुले स्वामी आत्मानंद स्कूल में अगले शिक्षा सत्र से पूर्व इन्फ्रास्ट्रक्चर का सारा काम पूरा करें , वहां सभी व्यवस्थायें पूर्ण होनी चाहिये। सीएम बघेल ने कहा कि दिसंबर तक सड़कों के मरम्मत और सुधार का काम करना है , पैच रिपेयर में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दें। जिससे सड़कें लंबे समय तक चलें। सड़क दुर्घटना को रोकने के लिये भी संयुक्त रूप से प्रयास किये जायें। ब्लैक स्पॉट पर जरूरी व्यवस्थायें की जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी अच्छे से कार्य करें , जिम्मेदारी दी गई है उसका पूरा निर्वहन करें। शासकीय कार्यों को लेकर आने वाले किसान , आवेदक आयें तो समय से उनको उनका समाधान मिले , ताकि वे निराश होकर ना जायें। सभी अधिकारी कर्मचारियों को अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल जीवन मिशन में वर्क ऑर्डर पेंडिंग है उसकी स्वीकृति लेकर काम शुरू करायें। काम के गुणवत्ता में समझौता नही करना है , नियमित निरीक्षण करें। यदि कार्य गुणवत्ता विहीन है तो काम निरस्त करें और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करें। सीएम ने कहा कि गौठान के लिये स्वीकृत भूमि पर अतिक्रमण है तो उसे राजस्व विभाग समय सीमा निर्धारित कर अतिक्रमण मुक्त करायें। गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना है। इसमें स्थानीय लोगों की रुचि , रॉ मैटेरियल और मार्केट की उपलब्धता के अनुसार कार्य करने हैं। गोबर से पेंट बनाने का कार्य किया जा सकता है। फॉरेस्ट गौठानो में भी वर्मी कंपोस्ट निर्माण के अतिरिक्त अन्य आजीविका गतिविधियां संचालित करनी है। यहां मलबेरी उत्पादन का कार्य किया जा सकता है। पशुपालकों का पंजीयन गोधन न्याय योजना में बढ़ाया जाना है। इसके लिये वेटनरी विभाग को पंचायत विभाग से समन्वय कर पशुपालकों सर्वे कर पंजीयन करवाने के निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक में निर्देश दिये कि भूमिहीन कृषि श्रमिक न्याय योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित ना रहे। आश्रम छात्रावास के रेनोवेशन रख रखाव और साफ सफाई का विशेष ध्यान देना है। जिससे वहां रह रहे बच्चों को बेहतर माहौल मिल सके। राजीव युवा मितान क्लब में शामिल युवाओं को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन से जोड़ा जाये। धान खरीदी की समीक्षा करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि सारे मिलर्स के पंजीयन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने धान का उठाव भी तेजी से करवाने के निर्देश दिये। राशन कार्ड निर्माण के लिये कैंप लगाया जाए। पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड बनाना है। पेंशन योजनाओं से भी पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाये। धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स में दवाओं की बिक्री बढ़ाये जाने के प्रयास करने के निर्देश दिये , जिससे लोगों को सस्ती दवा का लाभ मिले। सीएम ने कहा कि डॉ० खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करना है। जिससे लोगों को इसके बारे में पूरी जानकारी हो और वे इसका लाभ ले सकें। सुपोषण अभियान के क्रियावनयन पर मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों से कहा गया कि गंभीर कुपोषित बच्चों के लिये विशेष टारगेटेड अप्रोच के साथ काम करना होगा। उनके लिये प्रति सप्ताह का डाइट प्लान तैयार कर उसके पोषण आहार दें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करनी है , जिससे वे जल्द कुपोषण के कुचक्र से बाहर निकल सके। महिलाओं विशेष कर जो गर्भवती हैं उनकी नियमित एनीमिया की जांच की जाये। एनिमिक मिलने पर उनका समुचित उपचार भी सुनिश्चित किया जाये। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एस० भारतीदासन , संभागायुक्त बिलासपुर डॉ० संजय अलंग , आईजी बिलासपुर रतन लाल डांगी , कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा , पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभागों के जिलाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।