: जिले में अब तक 611.7 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई दर्ज
Tue, Aug 8, 2023
कोरबा 07 अगस्त 2023/ जिले में 01 जून से अब तक 611.5 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिले में बीते 10 वर्षों की तुलना में 07 अगस्त तक औसत वर्षा 636.0 मिमी हुई है।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से अब तक तहसील कोरबा में 581.4 मिमी, भैंसमा में 743.5 मिमी, करतला में 609.4 मिमी, कटघोरा में 726.2 मिमी, दर्री में 660.6 मिमी, पाली में 572.2 मिमी, हरदीबाजार में 438.2 मिमी, पोड़ी-उपरोड़ा में 601.0 मिमी एवं पसान में 543.0 मिमी वर्षा हो चुकी है। अब तक सर्वाधिक वर्षा भैंसमा तहसील में दर्ज की गई है।
: भैंसमा महाविद्यालय में मानव श्रृंखला बनाकर दिया गया मतदान का संदेश
Tue, Aug 8, 2023
कोरबा 07 अगस्त 2023/ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री सौरभ कुमार एवं जिला नोडल स्वीप व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में श्रीमती सीमा पात्रे उप जिला निर्वाचन अधिकारी के सहयोग से जिले के सभी विद्यालय एवं महाविद्यालयों में मतदान के प्रति युवाओं में जागरूकता लाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विगत दिवस स्व. प्यारे लाल कंवर शासकीय महाविद्यालय भैंसमा में मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत महाविद्यालय के प्राचार्य, सहायक प्राध्यापक, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ मानव श्रृंखला का निर्माण कर मतदाताओं को मताधिकार का उपयोग करने हेतु जागरूक व प्रोत्साहित किया गया। मानव श्रृंखला का यह अनोखा दृश्य भैंसमा में पहली बार बनाया गया। श्रृंखला के माध्यम से महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न आकृतियों का निर्माण कर मतदाताओं को शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। जिसमें मतदान जागरूकता संबंधी संदेश लोकतंत्र में हिस्सेदारी, हम सबकी है जिम्मेदारी, छोड़ कर अपने सारे काम, पहले करेंगे हम मतदान जैसे नारे लगाए गए।
महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी व सहायक प्राध्यापक श्री दीपेश कुमार ने छात्र- छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र का आधार मतदान है। मतदाता की सक्रिय भागीदारी से देश का लोकतंत्र मजबूत एवं स्थायी बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतंत्र की महता की जानकारी देते हुए बताया कि जनता द्वारा जनता के लिए जनता का शासन ही लोकतंत्र है। श्री दीपेश ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी छात्र छात्राएं अपने गांवों में जाकर हर एक मतदाता को मतदान करने हेतु प्रेरित करें। जिससे वे अपने मताधिकार का उपयोग कर देश के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन कर सके एवं एक स्वच्छ ईमानदार प्रत्याशी को चुनकर लोकतंत्र की मजबूती मे भागीदार बने। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ पत्र का वाचन कर शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.एल. चौहान, छात्र छात्राएं, सहित अन्य सहायक प्राध्यापक एवं स्टॉफ उपस्थित रहे।
: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग करवाना अनिवार्य
Tue, Aug 8, 2023
कोरबा 07 अगस्त 2023/भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत जिले के पंजीकृत समस्त किसानों को किसान पोर्टल मे ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग करवाना अनिवार्य कर दिया हैै। ई-केवाईसी प्रधानमंत्री किसान पोर्टल पर ई.-के.वाई.सी. अपडेट करने का ऑप्शन दिया गया है, साथ ही फेस ऐप भी उपलब्ध कराया गया है। ई-केवाईसी करवाने हेतु पंजीकृत कृषक स्वयं पी.एम.किसान पोर्टल मे जाकर फेस ऐप या ओ.टी.पी. बेस्ड माध्यम से अपने आधार कार्ड नंबर का सत्यापन कर सकते हैं या लोक सेवा केन्द्र, लोक सेवा सेंटर्स, सी.एस.सी. के माध्यम से बायोमेट्रिक ई-केवाईसी अपडेट करा सकते हैं। शासन द्वारा निर्धारित नियमानुसार हितग्राही के आधार कार्ड नंबर को बैंक खाता नंबर से लिंक कराने उपरान्त आधार कार्ड नंबर का सत्यापन ई-केवाईसी के माध्यम से कराने पर ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की आगामी किस्त की राशि प्रदान की जायेगी। ई-केवाईसी पूर्ण नही कराने वालों की सूची मे कुल 1812 हितग्राहियों का नाम है। ई-केवाईसी हेतु शेष बचे 1812 कृषकों मे से 708 कृषकों का ग्राम का नाम व विकासखण्ड का नाम एवं पता अंकित नही है। जिससे इन किसानों का चिन्हांकन नही हो पा रहा है। अतः वे सभी कृषक भी यथाशीघ्र ही अपना ई-केवाईसी पूर्ण करा लेवें। अन्यथा कृषक का ग्राम का नाम व विकासखण्ड का नाम एवं पता अंकित नही होने की स्थिति मे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के पंचनामा के आधार पर अनट्रेसबल की श्रेणी मे लेते हुए अपात्र माना जाएगा ।
लैंड सीडिंग राज्य स्तर की पोर्टल आई.डी. मे ही लैंड रिकार्ड सीडिंग अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अतः योजनांतर्गत लैंड सीडिंग कराने हेतु कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से विकासखंड कार्यालयों में बी-1 एवं आधार के साथ संपर्क करना होगा। आधार सीडिंग योजनांतर्गत आधार सीडिंग/डीबीटी इनेबल कराने हेतु हितग्राही को संबंधित बैंक मे व्यक्तिगत रूप से जाकर अपना बैंक खाता मे डी.बी.टी. इनेबल कराना होगा, साथ ही योजनांतर्गत हितग्राहियों का स्टेटस में पी.एफ.एम.एस रिजेक्ट होने की स्थिति में संबंधित बैंक से संपर्क कर आधार लिंक एवं आधार सीडिंग का आवेदन देना होगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांगर्त समस्त पंजीकृत हितग्राही अविलंब ही अपना योजनांतर्गत ई.-के.वाई.सी., बैंक खाता मे डी.बी.टी इनेबल, आधार सीडिंग तथा लैंड सीडिंग कार्य पूर्ण करा लेवें, अन्यथा इन तीनो कार्य के अभाव मे आगामी किस्ते नही प्राप्त हो पायेंगी।