: सरकार द्वारा किसानों को बकाया बोनस राशि के वितरण से जिले के किसान परिवार में छाई खुशहाली
Wed, Dec 27, 2023
कोरबा 27 दिसंबर 2023/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन द्वारा किसानों को दो साल के धान खरीदी की बकाया बोनस राशि प्रदान करने से राज्य के किसानों के चेहरे में प्रसन्नता छाई है। सरकार बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के शुभ अवसर पर प्रदेश सरकार ने अपना किया वादा पूरा किया है। यह बोनस किसानों के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है। बोनस राशि मिलने से कोरबा जिले के किसान प्रफुल्लित होकर छत्तीसगढ़ सरकार के जन कल्याणकारी निर्णय के प्रति कृतज्ञता प्रकट कर रहे हैं।
इसी कड़ी में जिले के ग्राम रंजना के रहने वाले किसान श्री टंकेश्वर प्रसाद ने प्रदेश सरकार के किसान हितैषी निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हर किसान परिवार की अलग सी जरूरतें होती है और इस बोनस राशि का उपयोग से सभी किसान अपना नए घर बनाने, घर की मरम्मत, बच्चों की शिक्षा, कृषि कार्य, परिवार के सदस्यों की आवश्यकताओं की पूर्ति एवं अन्य जरूरी सामान खरीदने में कर पाएंगे। किसानों की आवश्यकताओं को पूरा करने में यह राशि मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि बकाया बोनस के रूप में उनके खाते में 01 लाख 89 हजार 600 रुपए प्राप्त हुए है, जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि यह सब मोदी के गारंटी के कारण ही संभव हो पाया है। इस राशि के उपयोग से वे अपने परिजनों की आवश्यकताओं की पूर्ति करने एवं कृषि उपज बढ़ाने में करेंगे। किसान टंकेश्वर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को सहृदय धन्यवाद दिया।
इसी प्रकार ग्राम मुढ़ाली निवासी श्री संतोष सिंह कहते हैं कि सरकार ने दो वर्ष का लम्बित बोनस राशि देकर किसानों को बहुत बड़ी सौगात दी है, जिससे किसानों के परिवार में खुशहाली आई है। दो वर्ष के धान विक्रय की बोनस का उन्हें 01 लाख 37 हजार 40 रुपए मिला है। उन्होंने बताया कि बोनस राशि का उपयोग वे उन्नत खेती अपनाकर फसलों की पैदावार बढ़ाने में करेंगे। साथ ही जल्द ही अपने कृषि भूमि में बोर खनन कर रबी फसल एवं साग-सब्जी का उत्पादन करेंगे, जिससे उनके परिवार की आय और बढ़ेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के किसान हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति कृतज्ञता प्रकट किया।
: कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश
Wed, Dec 27, 2023
कोरबा 27 दिसम्बर 2023/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय अधिकारियों से जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना, विकसित भारत संकल्प यात्रा, राजस्व प्रकरणों एवं मुख्य विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री विश्वदीप, नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा श्री कुमार निशांत, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, श्री दिनेश नाग, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से ऐसे समुदायों की बसाहटों में पेयजल, आवास, सड़क, मोबाईल मेडिकल यूनिट, छात्रावास निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, वनधन केंद्र की स्थापना, इंटरनेट एवं मोबाईल सर्विस की उपलब्धता तथा आजीविका संवर्धन हेतु कौशल विकास सहित कुल 11 महत्वपूर्ण गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजनांतर्गत जिले के 74 बसाहटों में रहने वाले 1200 परिवारों के लगभग 04 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं से पात्रतानुसार लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने योजनांतर्गत जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति समूह की सामाजिक आर्थिक उन्नति के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिले के चिन्हांकित सभी पीव्हीटीजी समुदाय के लोगों को प्रधानमंत्री जनमन योजना का लाभ दिलाने मिशन मोड में कार्य करने की बात की। इस हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सर्वे कराने तथा शिविर के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति के वंचित लोगों का आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जनधन खाता, केसीसी, वन अधिकार पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सर्वे के पश्चात प्राप्त आंकड़े के आधार पर चिन्हांकित लोगों को लाभान्वित करने हेतु पूरी तत्परता से कार्य करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने योजना के मॉनिटरिंग हेतु जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी बनाने तथा कमेटी गठित करने की बात कही। साथ ही योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने तथा सर्वे का प्रारूप बनाने के लिए भी कहा। कलेक्टर ने कहा कि जनमन योजना के अंतर्गत प्रगति की एंट्री ऑनलाईन पोर्टल में भी की जाएगी और इसी के आधार पर समीक्षा की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत विकासखंड वार ग्राम पंचायतों में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा केंद्र शासन की महत्वपूर्ण योजना है। सभी अधिकारी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए विशेष तौर पर कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से जनसामान्य को केन्द्र शासन की योजना से अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण के अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए विवादित-अविवादित नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने एवं लंबित प्रकरणों को यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अभी एक दिन में 10 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जहां शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनसे आवेदन भी लिया जा रहा है।
: विकसित भारत संकल्प यात्रा यात्रा के तहत शिविर का आयोजन आज
Wed, Dec 27, 2023
कोरबा 27 दिसम्बर 2023/ विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत 28 दिसंबर 2023 को विकासखंड कोरबा के ग्राम बड़गांव, सुर्वे में 10 बजे से तथा डोकरमना, कुदरीचिंगार, विमलता में 2 बजे से, विकासखंड कटघोरा के ग्राम कोलिहामुड़ा में 10 बजे से और देवगांव में 2 बजे से, पोडी उपरोडा ब्लॉक के खिरटी में 10 बजे से, अरसिया में दोपहर 2 बजे से, करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेंद्रीपाली में 10 बजे से तथा केराकछार मे 2 बजे से, विकासखंड पाली के ग्राम सेंद्रीपाली में 10 बजे से और रंगोले में दोपहर 2 बजे से विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का आयोजन किया गया है।