: मानहानि मामले में 29 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होंगे राहुल
Mukesh Kumar Bharti
Wed, Oct 27, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सूरत - गुजरात के एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'मोदी सरनेम' पर टिप्पणी को लेकर तलब करते हुये उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि मामले के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिये 29 अक्टूबर को कोर्ट के सामने पेश होने का निर्देश दिया है। बताते चलें राहुल गांधी ने अप्रैल 2019 में मोदी सरनेम को लेकर टिप्पणी की थी और सूरत हाईकोर्ट में इसी मामले में सुनवाई चल रही है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ए एन दवे ने राहुल गांधी को अपना बयान दर्ज करने के लिये 29 अक्टूबर को पेश होने के लिये कहा है। सूरत कोर्ट में इससे पहले भी कई बार राहुल गांधी पेश हो चुके हैं। पिछली बार हुई पेशी में जज ने राहुल गांधी से सवाल किया था कि क्या उन्हें अपना गुनाह कबूल है ? इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया था कि उन्हें गुनाह कबूल नहीं है। राहुल गांधी के वकील किरीट पंवाला ने कहा कि अदालत ने सोमवार को मौखिक रूप से राहुल गांधी को दो नए गवाहों की गवाही पर अपना आगे का बयान दर्ज करने के लिये 29 अक्टूबर को पेश होने का निर्देश दिया। राहुल गांधी के उस दिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे के बीच अदालत में मौजूद रहने की संभावना है। बताते चलें सूरत के भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने अप्रैल 2019 में गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत मानहानि का मामला दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में भाजपा विधायक ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने वर्ष 2019 में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये पूरे मोदी समुदाय को यह कहकर बदनाम कर दिया था कि 'सभी चोरों का सामान्य सरनेम मोदी कैसे है ?' पूर्णेश मोदी अब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली नई गुजरात सरकार में मंत्री हैं , जिनके पास सड़क और भवन, परिवहन, नागरिक उड्डयन और पर्यटन और तीर्थ विकास विभाग हैं। अदालत के समक्ष गांधी की अंतिम उपस्थिति के बाद से दो और गवाहों की गवाही ली गई- कर्नाटक में कोलार के तत्कालीन चुनाव अधिकारी जहां कांग्रेस नेता ने भाषण दिया था और एक वीडियो रिकॉर्डर जिसे चुनाव आयोग ने अपना भाषण रिकॉर्ड करने के लिये नियोजित किया था। लोकसभा चुनाव से पहले 13 अप्रैल 2019 को कोलार में रैली के दौरान अपने भाषण में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कथित तौर पर पूछा था कि नीरव मोदी , ललित मोदी , नरेंद्र मोदी ... . सभी चोरों का सामान्य सरनेम मोदी कैसे है ?
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन