: भारत बंगलादेश के बीच बहुआयामी परियोजनाओं से संबंध हुआ मजबूत -- पीएम मोदी
Mukesh Kumar Bharti
Wed, Nov 1, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली - ये बहुत खुशी की बात है कि हम एक बार फिर भारत-बांग्लादेश की सफलता को मनाने के लिये एक साथ जुड़े हैं , हमारे संबंध नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। पिछले नौ वर्षों में जितना काम किया गया है , उतना कई दशकों में नहीं हुआ। दोनों देशों के बीच लैंड बाउंड्री एग्रीमेंट और मैरीटाइम एग्रीमेंट किया गया। दोनों देशों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये विशेष बल दिया। तीन नये बसों की सेवा शुरू की गई और पिछले नौ साल में तीन रेल सेवायें भी शुरू की गईं।
उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बांग्लादेश के प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ बीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भारतीय सहायता प्राप्त तीन परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करते हुये कही। पीएम मोदी ने कहा कि सीमा पर शांति , सुरक्षा और स्थिरता स्थापित करने के लिये हमने दशकों से लंबित भूमि सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किये। हमने समुद्री सीमा का भी समाधान किया। पिछले नौ वर्षों में ढाका , शिलांग , अगरतला , गुवाहाटी और कोलकाता को जोड़ने वाली तीन नई बस सेवायें शुरू की गई हैं। पिछले 9 वर्षों में तीन नई ट्रेन सेवायें भी शुरू हुईं। भारत और बांग्लादेश के बीच 2020 से पार्सल और कंटेनर ट्रेनें भी चल रही हैं। दोनों देशों के बीच दुनियां का सबसे बड़ा क्रूज गंगा विलास शुरू करके पर्यटन को बढ़ावा दिया गया है। वहीं भारत और बांग्लादेश के बीच तीन विकास परियोजनाओं के उद्घाटन पर पीएम शेख हसीना ने कहा - मैं हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत करने की आपकी प्रतिबद्धता के लिये आभार व्यक्त करती हूं। शेख मुजीबुर रहमान की बायोपिक 'मुजीब द मेकिंग ऑफ ए नेशन' की स्क्रीनिंग बांग्लादेश के साथ भारत में भी चल रही है। इसके लिये शेख हसीना ने पीएम मोदी का आभार जताया। बता दें बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की बायोपिक बनाने की पहल पीएम मोदी ने ही की थी। उल्लेखनीय है जिन तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया उनमें अखौरा-अगरतला क्रॉस बॉर्डर रेल लिंक, खुलना-मोंगला पोर्ट रेल लाइन और बांग्लादेश के रामपाल में मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट का दूसरा यूनिट शामिल है। ये तीनों परियोजनायें भारत की सहायता से क्रियान्वित की गई हैं। उल्लेखनीय है कि अखौरा-अगरतला क्रॉस-बॉर्डर रेल लिंक परियोजना को भारत सरकार की ओर से बांग्लादेश को दी गई 392.52 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता के तहत क्रियान्वित किया गया है। पीएमओ के बयान में कहा गया है कि बांग्लादेश में 6.78 किमी दोहरी गेज रेल लाइन और त्रिपुरा में 5.46 किमी के साथ रेल लिंक की लंबाई 12.24 किमी है। वहीं खुलना-मोंगला पोर्ट रेल लाइन परियोजना को भारत सरकार की रियायती कर्ज सुविधा के तहत 38.83 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कुल परियोजना लागत के साथ तैयार किया गया है। इस परियोजना में मोंगला बंदरगाह और खुलना में मौजूदा रेल नेटवर्क के बीच करीब 65 किमी ब्रॉड गेज रेल मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही बांग्लादेश का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह मोंगला ब्रॉड-गेज रेलवे नेटवर्क से जुड़ गया है। इसी तरह से 15 किमी लम्बा अगरतला-अखौरा क्रॉस बॉर्डर रेल संपर्क (भारत में 5 किमी और बांग्लादेश में 10 किमी) सीमा पार व्यापार को बढ़ावा देगा और ढाका के रास्ते अगरतला से कोलकाता आने-जाने में लगने वाला समय भी घटायेगा। फिलहाल ट्रेन को अगरतला से कोलकाता पहुंचने में 31 घंटे लगते हैं , जो इस परियोजना के शुरू होने के बाद 21 घंटे रह जायेंगे। इस परियोजना के काम में तेजी लाने के लिये भारतीय रेल ने अपने बजट से 153.84 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं। वहीं मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट परियोजना बांग्लादेश-भारत मैत्री पावर कंपनी (प्राइवेट) लिमिटेड (बीआईएफपीसीएल) द्वारा कार्यान्वित की गई है , जो भारत की एनटीपीसी लिमिटेड और बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (बीपीडीबी) के बीच फिफ्टी - फिफ्टी की संयुक्त उद्यम कंपनी है। मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट की यूनिट -1 का सितंबर 2022 में दोनों प्रधानमंत्रियों द्वारा संयुक्त रूप से अनावरण किया गयाथा। मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट के परिचालन से बांग्लादेश में ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी। इन परियोजनाओं के लिये बांग्लादेश सरकार ने भारत का आभार जताया है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन