: जिले के किसानों को होगा लंबित बोनस का भुगतान
Fri, Dec 22, 2023
कोरबा दिसंबर 2023/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किसान हितैषी लिए गए निर्णय के पश्चात् कोरबा जिले के किसानों को 25 दिसंबर को वर्ष 2014-15 के 13879 एवं 2015-16 के 12077 किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान के लंबित बोनस राशि का भुगतान किया जाएगा। खाद्य अधिकारी श्री जे. के. सिंह ने बताया कि जिले में खरीफ वर्ष 2014-15 में धान बेचने वाले कुल 13879 किसानों से 91714.50 मे.टन धान की खरीदी की गई थी जिसका बोनस राशि 2751.435 लाख रूपये है। इसी प्रकार खरीफ वर्ष 2015-16 में धान बेचने वाले कुल 12077 किसानों से 82052.43 मे.टन धान की खरीदी की गई थी। जिसका बोनस राशि 2461.5729 लाख रूपये भुगतान किसानों के खाते में सीधे समायोजन किया जाएगा। जिले में किसानों को ब्लॉक स्तर एवं समिति स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बोनस प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा। किसानों को 300 रूपए प्रति क्विंटल की दर से बोनस का वितरण किया जाएगा।
: भाजपा के नये छग प्रदेशाध्यक्ष बने किरण सिंह देव
Thu, Dec 21, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - भारतीय जनता पार्टी ने जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आदेश जारी कर किरण देव को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है , जिसका आदेश राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने जारी किया है। करीब एक साल के भीतर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने तीन प्रदेश अध्यक्ष को देखा है। वर्तमान सीएम विष्णु देव साय ने अगस्त 2022 में यह पद छोड़ा था जिसके बाद मौजूदा डिप्टी सीएम अरुण साव को यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब अरुण साव के सरकार में शामिल होने के बाद यह जिम्मेदारी किरण देव सिंह को दी गई है। किरण देव सिंह तत्काल प्रभाव से प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष नियुक्त किये गये हैं। इस बार भाजपा ने सामान्य वर्ग को मौका दिया है , किरण सिंह देव सामान्य वर्ग से आते हैं। इससे पहले आदिवासी और ओबीसी को अध्यक्ष के रूप में मौका दिया गया।आदिवासी अध्यक्ष के रूप में नंदकुमार साय , विष्णुदेव साय के अलावा विक्रम उसेंडी रह चुके हैं। वहीं ओबीसी वर्ग से धरमलाल कौशिक और अरुण साव प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। इससे पहले सामान्य वर्ग से डॉ. रमन सिंह भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। किरण सिंह देव ने भारतीय जनता युवा मोर्चा से अपने राजनीति की शुरुआत की। वे पिछले तीस सालों से भाजपा से जुड़े हुये हैं। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के बस्तर जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के अलावा भारतीय जनता पार्टी के बस्तर जिला अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश मंत्री व प्रदेश महामंत्री का भी कार्यभार किरण सिंह देव ने सम्हाला है। इन्होंने छात्र जीवन से ही राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी। वे वर्ष 1985 से 1986 तक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर में छात्रसंघ के अध्यक्ष थे। वर्ष 1998 में भाजयुमो बस्तर जिला जगदलपुर के उपाध्यक्ष और वर्ष 2002 में अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके बाद वर्ष 2002 में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बने। इसके बाद वर्ष 2005 में भाजपा के प्रदेश मंत्री बने और वर्ष 2009 से 2014 तक भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अरुण साव के पास थी.। उनके डिप्टी सीएम बनने के बाद ये जिम्मेदारीअब किरण सिंह देव को दी गई है। वे पहली बार विधानसभा का चुनाव जीतकर जगदलपुर से विधायक बने हैं। बस्तर संभाग की बारह सीटों में से जगदलपुर एक है। यह संभाग की एकमात्र ऐसी सीट है , जो अनारक्षित है। वर्तमान में वे बिलासपुर संभाग के भाजपा के प्रभारी के तौर पर दायित्व सम्हाल रहे थे। ये पेशे से अधिवक्ता भी हैं , इन्होंने वर्ष 1985 में बीएससी की डिग्री के लेने के बाद 1989 में एलएलबी किया और फिर वकालत शुरू की। किरण सिंह देव खेती-किसानी भी करते हैं , वहीं उनकी पत्नी रीना सिंह देव शासकीय शिक्षिका हैं। इनकी एक पुत्री राशि सिंह देव है। किरण देव की छवि साफ-सुथरी है. उन पर किसी भी तरह का कोई अपराधिक मामला नहीं है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने इस बार जातिगत समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है। पार्टी ने चुनाव के बाद आदिवासी वर्ग से मुख्यमंत्री का चयन किया है , जबकि ओबीसी और ब्राह्राण वर्ग से डिप्टी सीएम बनाये हैं। ऐसे में सामान्य वर्ग के आदमी को संगठन की जिम्मेदारी देकर जातिगत समीकरण और भी दुरुस्त करने की कोशिश की है।
: किसान सभा ने कहा : आदिवासी अधिकारों और कानूनों का सम्मान करें भाजपा सरकार, हसदेव के आंदोलनकारियों की रिहाई की मांग
Thu, Dec 21, 2023
रायपुर। अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा ने हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति से जुड़े आंदोलनकारियों और ग्रामीणों की गिरफ्तारियों की तीखी निंदा करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है। किसान सभा ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार परसा ईस्ट केते बासेन कोयला खदान को अडानी को सौंपना चाहती है और इसके खिलाफ होने वाले प्रतिरोध को सरकार कुचल रही है।
आज यहां जारी एक बयान में छत्तीसगढ़ किसान सभा के संयोजक संजय पराते ने कहा है कि हसदेव क्षेत्र को खनन मुक्त रखने के संबंध में छत्तीसगढ़ विधानसभा ने भाजपा के समर्थन से सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया था। आज भाजपा सत्ता में आने के बाद इस प्रस्ताव से मुकर रही है और अडानी की लूट के लिए खनन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस बल के साए में जंगल की कटाई करवा रही है।किसान सभा नेता ने कहा है कि भाजपा सरकार का यह कदम आदिवासी विरोधी और वनाधिकार कानून, पेसा कानून और भू-अर्जन कानून का उल्लंघन है, जो यह कहता है कि वन भूमि पर आदिवासी अधिकारों की स्थापना पहले की जाएगी और उसके बाद ही ग्राम सभाओं की सहमति से खनन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हसदेव क्षेत्र में वनों पर काबिज आदिवासियों को पट्टे देने के बजाए उनसे वन अधिकार पत्रक तत्कालीन भाजपा सरकार द्वारा छीन लिए गए थे।किसान सभा नेता ने कहा है कि हसदेव के जंगलों के विनाश का अर्थ है -- बांगो बांध का अस्तित्व खत्म होना, पर्यावरण और जैव विविधता का खत्म होना, कृषि का चौपट होना, मानव-हाथी संघर्ष का बढ़ना और आदिवासियों का बड़े पैमाने पर विस्थापन। ये सभी कारक मिलकर छत्तीसगढ़ और आदिवासियों की विनाश लीला ही रचेंगे।छत्तीसगढ़ किसान सभा ने कहा है कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने इस प्रदेश के आदिवासियों से जो वादे किए थे, सत्ता में आने के बाद भाजपा उस पर अमल करें, न कि कॉर्पोरेटपरस्त आदिवासी विरोधी रुख अपनाए।