: उत्कृष्ट सेवा के लिए बालको अस्पताल को सहर फाउंडेश ने किया सम्मानित
Mon, Jul 10, 2023
सहर फाउंडेश ने बालको अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों के उत्कृष्ट सेवा कार्यों की प्रशंसा कर उन्हें सम्मानित किया। फाउंडेश ने बालकोनगर और कोरबा जिले के नागरिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बालको अस्पताल के प्रतिबद्धता की सराहना की। हाल ही में बालको अस्पताल ने स्वास्थ्य क्षेत्र में विभिन्न उल्लेखनीय कार्य किये जिसमें बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर के सहयोग से कैंसर हेल्थ वैन में स्थानीय नागरिकों का निशुल्क कैंसर जांच किया गया और जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अस्पताल में एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समर्पित बालको कर्मचारियों और समुदाय के सदस्यों के एकजुट प्रयास से कोरबा जिले में एक दिन में सबसे अधिक रिकॉर्ड 1000 यूनिट रक्तदान हुआ।
बालकोनगरवासियों में स्वास्थ्य जागरूकता के प्रसार और विभिन्न दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने में बालको अस्पताल के चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों ने सराहनीय योगदान दिया है। बालको अस्पताल हर साल छत्तीसगढ़ के कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर चांपा जिले के 2,50,000 से अधिक मरीजों को सेवा प्रदान करता है। आयुष्मान भारत और राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित समस्त टीकाकरण कार्यक्रमों का अनुसरण बालको अस्पताल में किया जाता है।
बालको के 75 बिस्तरों के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल ने अपने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से बालको अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, ठेकाश्रमिकों और स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की पूर्ति पूरी दक्षता से की है। यहां पांच बिस्तरों वाला गहन चिकित्सा कक्ष मौजूद है जहां गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों का इलाज एमडी मेडिसिन की देखरेख में किया जाता है। विशेषज्ञों की एक टीम है जिसमें सामान्य चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, दंत चिकित्सक, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ और आर्थोपेडिक सर्जन के अलावा 27 नर्सों और 80 सहायक कर्मचारियों के साथ बालको अस्पताल उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाओं के प्रति कटिबद्ध है। चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रबंधन एवं गुणवत्ता के लिए बालको अस्पताल को आई.एस.ओ. 9001-2015 प्रमाणपत्र मिल चुका है।
: डी. ए. व्ही. उ. मा . विद्यालय बालको में मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव
Wed, Jun 28, 2023
आर्य समाज द्वारा संचालित विद्यालय डी. ए.व्ही. उ. मा. विद्यालय बालको नगर में शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। सर्वप्रथम शाला प्रवेशोत्सव में सभी बच्चों को तिलक लगाकर स्वागत किया गया।तत्पश्चात मंदिर प्रांगण में वैदिक हवन किया गया इस दौरान कक्षा के प्राचार्य श्री एस. एन. सिंह एवं आचार्य श्री उद्धव शास्त्री जी द्वारा आशीर्वचन प्रस्तुत किया गया। साथ ही निः शुल्क पाठयपुस्तक का वितरण किया गया एवम मिष्ठान व टॉफी वितरण किया गया। इस समस्त कार्यक्रम में सभी शिक्षक शिक्षिका एवम बच्चे उपस्थित थे।
: बालको श्रीराम मंदिर में श्री शिव महापुराण कथा एवं रूद्राभिषेक का भव्य आयोजन
Wed, Jun 28, 2023
बालकोनगर/बुधवार/ हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन का महीना इस बार बेहद खास होने वाला है . दरअसल, इस बार सावन पूरे 2 महीने का रहेगा . सावन का महीना महादेव को समर्पित है . इस पवित्र महीने में भगवान शिव की उपासना की जाती है . सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है . मान्यताओं के अनुसार इस समय भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं तो उनके बाद देवों के देव महादेव सृष्टि के संचालन का उत्तरदायित्व संभालते हैं . इस वजह से इस माह को बहुत ही शुभ और खास माना जाता है . सावन के महीने में जलाभिषेक कर भगवान शिव पर धतूरा, बेलपत्र, चाँवल, चंदन, शहद आदि जरूर चढ़ाना चाहिए . सावन के महीने में की गई पूजा से भगवान शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं . श्रावण मास में द्वादश ज्योतिर्लिंग में से किसी एक के भी दर्शन करने से साधक को अश्वमेध यज्ञ के समान फल की प्राप्ति होती है . इतनी खूबियों लिए सावन मास में बालको सेवा समाज, बालकोनगर के तत्वावधान में श्री राम मंदिर में दिनाँक *5 जुलाई से 15 जुलाई 2023 तक* श्री शिव महापुराण कथा एवं रूद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया है . शिव महापुराण कथा ब्यास को आचार्य *पं. पवन त्रिपाठी*, धर्म प्रचार मंत्री (धर्म प्रचार संघ), प्रयागराज सुशोभीत करेंगे . 11 दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में 5 जुलाई, बुधवार को कलश यात्रा एवं 6 जुलाई से 15 जुलाई तक नित्य प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से 11.30 बजे तक पार्थिव शिव लिंग पूजन (रूद्राभिषेक) एवं संध्या 4 बजे से 8 बजे तक शिव पुराण कथा होगी . कलश यात्रा शाम 3 बजे श्री राम मंदिर से निकल कर श्री गौरीशंकर मंदिर (सेक्टर 3) से श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर (सेक्टर 5) होते हुए वापस श्री राम मंदिर पहुँचेगी . कलश वापसी के बाद संध्या 7.30 बजे आचार्य जी द्वारा शिव महापुराण महात्म का उद् बोधन होगा . 6 जुलाई से प्रतिदिन रूद्राभिषेक पूजन, आरती के बाद भोजन प्रसाद (कुटुम्ब भोज) की व्यवस्था मंदिर में ही रहेगा . रूद्राभिषेक में भाग लेने वाले श्रद्धालु जन अपने नाम, बैठने का दिन व मोबाइल नम्बर देकर अपना पंजीयन करा लें . भोजन प्रसाद व पूजा सामग्री व्यवस्था हेतु प्रतिभागी जनों से *प्रति परिवार 700/- सहयोग राशि* निर्धारित की गयी है .13 जुलाई को शिव पार्वती विवाह प्रसंग तथा छप्पन भोग का आयोजन रहेगा . माताएँ छप्पन भोग लगाने के लिए पकवान अपने घर से, अपने हाथों से बनाकर प्रसाद लाएँगी . 15 जुलाई को मास शिवरात्रि व प्रदोष व्रत का शुभ योग तथा आयोजन का अंतिम दिवस है, शिव सह्स्त्र नाम पाठ, तुलसी वर्षा, हवन व महाआरती पश्चात अनुष्ठान का समापन होगा . मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष अशोक पटेल ने बताया कि श्रीराम मंदिर समिति हर साल विविध आयोजन बड़े ही धुमधाम से करती है . जन कल्याणार्थ श्री शिव महापुराण कथा पहली बार श्रीराम मंदिर परिसर मे हो रहा है . नगर के रहवासियों तथा श्रद्धालु जनों से निवेदन व अपील है इस पवित्र आयोजन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें तथा तन मन धन से सहयोग प्रदान कर पुण्य लाभ लें . कथा में सपरिवार आने के लिए समय अवश्य निकालें .