: भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह का कोरबा प्रवास 13 जनवरी से
Thu, Jan 11, 2024
कोरबा 10 जनवरी 2024/भारत सरकार के अंतर्गत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह 13 जनवरी से 15 जनवरी तक कोरबा प्रवास पर रहेंगे। श्री सिंह का 13 जनवरी को कोरबा आगमन होगा। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह 13 जनवरी को शाम 6 बजे से एनटीपीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेंगे। वे 14 जनवरी को प्रातः 10 बजे मंदिर में स्वच्छता अभियान में, प्रातः 11 बजे ग्राम ढोंगदरहा विकासखंड कोरबा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में भाग लेंगे। दोपहर 2.15 बजे विकासखंड कटघोरा अंतर्गत ग्राम रंजना में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में शामिल होंगे। 15 जनवरी को केंद्रीय मंत्री श्री सिंह एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरीकला में प्रधानमंत्री जनमन योजना कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। दोपहर 1.30 बजे वे कार द्वारा कोरबा से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
: राखड़ लोड गाड़ियों पर हुई कार्यवाही
Thu, Jan 11, 2024
कोरबा/ कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा टीएल बैठक में दिए गए निर्देश के बाद एसडीएम कोरबा श्रीकांत वर्मा और आरटीओ शशिकांत कुररे, पुलिस की टीम द्वारा 12 राखड़ लोड गाड़ियों पर विभिन्न धाराओं (तिरपाल,रिफलेक्टर, नो पार्किंग) में चालानी कार्यवाही से 18000 /- शास्ति राशि वसूल की गई। कल से राजस्व, आरटीओ, पुलिस की जॉइंट टीम जाँच का दायरा बढाते हुए कार्यवाही करेगी। राखड़ परिवहन में लगे वाहनों द्वारा एग्रीमेंट के विपरीत परिवहन पर कार्यवाही की जाएगी।
: शंकराचार्य जी से पुरी के राजा एवं छग के राज्यपाल ने लिया आशीर्वाद
Thu, Jan 11, 2024
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - पुरी उड़ीसा के राजा गजपति महाराज ने अपने प्रतिनिधिमंडल सहित प्रातःसत्र में श्रीसुदर्शन संस्थानम् , शंकराचार्य आश्रम रावाभांठा रायपुर पहुंचकर पुरी शंकराचार्य स्वामी श्रीनिश्चलानंद सरस्वतीजी महाराज से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने शंकराचार्यजी को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के चारों ओर कारिडोर के लोकार्पण के लिये आमंत्रित किया। इसी कड़ी में दूसरे सायं सत्र में छग के महामहिम राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भी श्रीसुदर्शन संस्थानम् पहुंचकर पुरी शंकराचार्यजी से प्रदेश सहित पूरे देश के लिये सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। गौरतलब है कि पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी श्रीनिश्चलानंद सरस्वतीजी महाराज पांच जनवरी को सुबह पंचदिवसीय प्रवास पर राजधानी पहुंचे। यहां सात जनवरी को उन्होंने विशाल हिन्दू राष्ट्र धर्मसभा को संबोधित किया , वहीं प्रतिदिन सुबह एवं सायं सत्र में धर्म , राष्ट्र एवं अध्यात्म से परिचर्चा किया। इसके अलावा प्रतिदिन दीक्षा कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। अपने पंचदिवसीय रायपुर प्रवास के अंतिम दिन कल पुरी शंकराचार्यजी दोपहर बारह बजे दीक्षा कार्यक्रम और सभा को संबोधित करने के बाद शाम पांच बजे मुम्बई हावड़ा मेल से कलकत्ता के लिये रवाना हो जायेंगे।