: जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित
Tue, Dec 19, 2023
कोरबा 19 दिसंबर 2023/मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना (एमएमवाईएसवाई), वित्तीय वर्ष 2023-24 हेतु जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों द्वारा स्वयं का उद्योग, सेवा, व्यवसाय स्थापना के लिए ऋण हेतु आवेदन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त आवेदनों के अनुमोदन हेतु 22 दिसंबर 2023 को दोपहर 12 बजे कार्यालय महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई है।
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में समिति के समक्ष आवेदकों का साक्षात्कार एवं प्रकरणों का अनुमोदन किया जाएगा। उन्होंने सभी आवेदकों को साक्षात्कार हेतु निर्धारित तिथि को 11:30 बजे कार्यालय महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा में उपस्थित होने हेतु सूचित किया है।
: डा० रमनसिंह निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित
Tue, Dec 19, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के लिये पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह को आज सर्वसम्मति से विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले सदन में सीएम विष्णुदेव साय , नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत , भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल , केदार कश्यप और अजय चंद्राकर ने प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का भाजपा विधायक अरुण साव , भूपेश बघेल , विजय शर्मा , भावना बोहरा और पुन्नुलाल मोहले ने समर्थन किया। सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह को विधानसभा का अध्यक्ष चुना। प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की सदन में घोषणा की। प्रोटेम स्पीकर के अनुरोध पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उन्हें आसंदी तक पहुंचाया।बाद में विष्णुदेव साय ने सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष पद पर रमन सिंह के चयन पर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि रमन सिंह का लंबा संसदीय अनुभव रहा है। वो मुख्यमंत्री , विधायक और अब विधानसभा अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। उनके अनुभव का लाभ सभी को मिलेगा। मख्यमंत्री ने विधानसभा में विपक्ष का भी आभार जताया , जिन्होंने संसदीय परंपरा का निर्वहन करते हुये सर्व सम्मिति से अध्यक्ष चुना। वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि विपक्ष ने भी आपको अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि पंद्रह साल आपने मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश की सेवा की है , अब विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर आप संसदीय परंपरा के उच्च मापदंड को स्थापित करेंगे। महंत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आप जहां अभी बैठे हैं वो मेरा अतीत है , मैं अभी जहां बैठा हूं , वो मेरा वर्तमान है..और अतीत का वर्तमान के प्रति सदैव सम्मान रहा है। उल्लेखनीय है कि डॉ. रमन का विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिये निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष बनना तय था। इसके पहले डॉ. रमन सिंह ने गत दिवस भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर विधानसभा अध्यक्ष के लिये अपना नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा था कि 90 विधायकों के संरक्षक के नाते इस नई जिम्मेदारी में उनका पूरा प्रयास होगा कि विधानसभा का संचालन बेहतर ढंग से हो और प्रदेश के हित में हर विषय विधानसभा के पटल पर गंभीरता के साथ रखे जाये़ , जिससे अगले पांच सालों में छत्तीसगढ़ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सके। वहीं आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम ने सभी विधायकों को शपथ दिलाई। सीएम विष्णुदेव साय , द्वय डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा सहित नेता प्रतिपक्ष ने छत्तीसगढ़ी में शपथ ली। इसके अलावा कई विधायकों ने छत्तीसगढ़ी , हिंदी तो कुछ विधायकों ने संस्कृत भाषा में भी शपथ लिया।
: डिप्टी कलेक्टर श्री विकास कुमार चौधरी होंगे जनसूचना अधिकारी
Tue, Dec 19, 2023
कोरबा 19 दिसंबर 2023/ अपर कलेक्टर द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था के दृष्टिकोण से पूर्व में जारी कार्यालयीन आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए आगामी आदेश पर्यन्त कलेक्टर कार्यालय कोरबा के जन सूचना अधिकारी का दायित्व श्री विकास कुमार चौधरी डिप्टी कलेक्टर कोरबा को अधिकृत किया गया है।