: महापौर के फर्जी जाती प्रमाण पत्र की जल्द जांच हो- भाजपा पार्षद दल
Fri, Dec 8, 2023
आज जिलाधीश कार्यालय में भाजपा पार्षद दल की भीड़ देखने को मिली। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल से बातचीत के दौरान पता चला की 2021 में पार्षद दल द्वारा महापौर राजकिशोर प्रसाद द्वारा कूटनीतिक तरीके से जाति प्रमाण पत्र बनाकर महापौर बने की शिकायत एवं उसकी जांच कराए जाने की शिकायत की गई थी। भाजपा की महापौर प्रत्याशी रितु चौरसिया के द्वारा इस संबंध में पत्र दिया गया था। परंतु प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार होने की वजह से उक्त विषय पर कार्यवाही लंबित थी। इस बीच बार-बार स्मरण पत्र भाजपा पार्षद दल द्वारा जिलाधीश कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई। अब जबकि प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है, तो एक बार फिर भाजपा पार्षद दल द्वारा इस संबंध में कार्यवाही को लेकर स्मरण पत्र अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू को दिया गया। जिसमें लिखा था कि 12 फरवरी 2021 को कोरबा के महापौर राजकिशोर प्रसाद के द्वारा कूटनीतिक तरीके से स्वयं का जाति प्रमाण पत्र बनवाए जाने की शिकायत आपके कलेक्टर कार्यालय स्थित जिला स्तरीय जाति प्रमाण सत्यापन समिति में की गई थी। उक्त प्रकरण पर स्मरण पत्र दिनांक 27 मार्च 2021, 3 जनवरी 2023, 16 मई 2023, 7 जून 2023 को दिया गया। किंतु प्रकरण आज दिनांक तक लंबित है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिस आधार पर लोगों को पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र दिया जाता है उसमें राज किशोर प्रसाद योग्यता रखते हैं या नहीं जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र छानबीन समिति की समय सीमा समाप्त हो गई है। उनके विषय का संज्ञान लेते हुए महापौर राजकिशोर प्रसाद का जाति प्रमाण पत्र सही है या नहीं का फैसला लेते हुए गलत प्रक्रिया अपना का जल्दबाजी में राजनीतिक दबाव के कारण बिना उचित आधार व दस्तावेज के तहसीलदार व अनुविभागीय अधिकारी द्वारा जारी स्थाई एवं अस्थाई जाति प्रमाण पत्र निरस्त एवं शून्य किए जाने हेतु छानबीन समिति को दिशा निर्देश दिया जाना प्रार्थनीय है। स्मरण पत्र देने के दौरान भाजपा पार्षद दल से नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, भाजपा महापौर प्रत्याशी रितु चौरसिया, नरेंद्र देवांगन, विकास अग्रवाल, कमला बरेठ, धनश्री साहू, कविता नारायण, पुराइन बाई, शैल कुमारी राठौर, विजय साहू, फिरत साहू, बुधवार साय, उर्वशी राठौर, सुफल दास, भानुमति जायसवाल, अनीता शकुंदी यादव, अजय गोंड, नारायण दास महंत, अमित मिंज, एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
: जिला पंचायत सीईओ श्री आर के खुंटे ने ली समीक्षा बैठक
Thu, Dec 7, 2023
संजय पांडे की रिपोर्टजांजगीर-चांपा 06 दिसम्बर 2023/ कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ श्री आर के खुंटे ने बुधवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक जिला पंचायत के सभागार में ली। समीक्षा बैठक में महात्मा गांधी नरेगा, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, क्रियान्वयन एजेंसी के कार्यों की प्रगतिवार समीक्षा की।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा के कार्यों को लेकर जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है उसको प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाय। मनरेगा कार्यों में प्रतिदिन चल रहे कार्यों का स्थल निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा का मूल उद्देश्य सभी जॉबकार्डधारी परिवारों को गांव में ही रोजगार मुहैया कराया जाना है। इसके लिए कार्य की सूचना और रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्कूलों में बाउंड्रीवाल, पानी की सुविधा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के उपलब्धता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मनरेगा के साथ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व सहायता समूह की महिलाए, स्कूल शिक्षा विभाग, उद्यानिकी विभाग मिलकर प्लान तैयार करें। इसके अलावा लक्ष्य के विरूद्ध सृजित मानव दिवस की उपलब्धि, चल रहे कार्यों में नियोजित श्रमिकों की समीक्षा, महिलाओं द्वारा सृजित मानव दिवस, 100 दिवस रोजगार प्राप्त किए परिवार, समयबद्ध मजदूरी भुगतान, कार्यपूर्णता का प्रतिशत, हितग्राही मूलक कार्यों को लेकर समीक्षा की।
जिला पंचायत सीईओ ने पीएम आवास के तहत बनाए जा रहे आवास की जनपद पंचायतवार समीक्षा की। उन्होंने समय सीमा में आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा किश्त प्राप्त उपरांत अप्रारंभ, अपूर्ण, प्रगतिरत आवासों की प्रगति, स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को शतप्रतिशत प्रथम एवं अंतिम किश्त भुगतान किये जाने के संबंध में चर्चा की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की जियोटैगिंग एवं निर्माण को लेकर सतत रूप से मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक शौचालय के निर्माण के बाद उसका उपयोग सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जियोटैगिंग एवं संचालन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लक्ष्य, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, घर-घर कचरा संग्रहण चालू करने एवं सेग्रीगेशन शेड, गोबरधन योजना के अंतर्गत बायोगैस संयंत्र स्थापना एवं संचालन, ओ.डी.एफ. प्लस ग्राम की समीक्षा की गई। बैठक में वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्री विजय पांडेय, क्रियान्वयन एजेंसी के जिला अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ, आरईएस एस.डी.ओ., मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, एसबीएम ब्लॉक समन्वयक, पीएम आवास योजना ब्लॉक कॉर्डिनेटर, तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
: बालको ने दिव्य ज्योति स्कूल के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस
Thu, Dec 7, 2023
बालकोनगर, 6 दिसंबर, 2023। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने समावेशिता को बढ़ावा देने और दिव्यांग बच्चों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया। कंपनी ने दिव्यांग बच्चों के लिए माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन और कपड़ा सिलाई पर प्रशिक्षण सहित कई सत्रों को आयोजित किया। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को प्रेरक कहानियों और हस्त चित्रों के साथ इन बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए एक मंच प्रदान किया।दिव्यांग किशोरों को अक्सर माहवारी और दिव्यांगता से जुड़े दोहरे चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। बालको ने माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष रूप से डिजाइन किए गए शिक्षण मॉड्यूल को शुरू किया। यह मॉड्यूल बालको की नई किरण परियोजना के अंतर्गत शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य माहवारी संबंधी मिथकों और भ्रांतियों के प्रति लोगों में जागरूकता और क्षमता निर्माण के माध्यम से माहवारी के दौरान स्थायी स्वच्छता प्रथाओं का विकास करना है। दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए निर्देशित इस मॉड्यूल में विशेष रूप से माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन पर दिव्यांग किशोरों को शिक्षित करने के लिए विशेष रूप से तैयार की गई शिक्षण सामग्री और तरीके उपलब्ध कराए गए हैं।बालको ने 'स्टिच माई ओन पैड' नामक एक विशेष क्षमता-निर्माण कार्यक्रम भी संचालित किया। आर्थिक रूप से कमजोर और माहवारी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करते हुए कंपनी द्वारा संचालित प्रशिक्षण ने अलग-अलग दिव्यांग किशोरियों को अपने स्वयं के पुन: प्रयोज्य कपड़े के पैड सिलने के लिए सशक्त बनाया। बालको ने उनकी माहवारी संबंधी जरूरतों के लिए एक स्थायी और स्वच्छ समाधान प्रदान किया।कंपनी के मॉड्यूल से मूक, श्रवण और दृष्टि बाधित बच्चों और संवेदी चुनौतियों का सामना करने वाले इन व्यक्तियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने के लिए प्रोत्साहित करना भी है। कर्मचारी की स्वयंसेवा भावना के माध्यम से कंपनी ने अपने कर्मचारियों के साथ परिचर्चा सत्र का आयोजन किया, जिसने इन दिव्यांग बच्चों में आशा और प्रेरणा पैदा की। कई कर्मचारी प्रेरणादायक कहानी सुनाने और हाथ से पेंटिंग बनाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से इन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए सरकारी संस्थान, दिव्य ज्योति स्कूल, कोरबा छत्तीसगढ़ के 120 से अधिक दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि बालको समावेशिता की शक्ति और समाज के समग्र विकास पर इसके सकारात्मक प्रभाव में विश्वास करता है। बालको में हम ऐसे वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो सभी को समान अवसर दे। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर हमें अपनी पहल के साथ एक समावेशी समाज के निर्माण में योगदान करने पर गर्व है, जिसका उद्देश्य न केवल शिक्षा और सहायता प्रदान करना है, बल्कि सभी लोगों में सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना भी है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हम बाधाओं को तोड़ने और सभी के लिए अधिक न्यायसंगत भविष्य बनाने की उम्मीद करते हैं।कार्यक्रम में बालको के दिव्यांग कर्मचारी श्री आकाश कौशिक ने कहा कि इस पहल के लिए स्वयंसेवा करना अविश्वसनीय अनुभव रहा है। मुझे अपने व्यक्तिगत जीवन और करियर दोनों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के अनुभव को बच्चों के साथ साझा करने का अवसर मिला। यह दर्शाता है कि हमारी दिव्यांगता हमारी रूकावट नहीं है, बल्कि विशिष्ट क्षमताएं हैं। बालको के साथ मिलकर हमने विविधता की एक कथा चित्रित की, जिसमें रूढ़िवादिता को तोड़ते हुए हमने यह साबित किया कि प्रत्येक अपनी विशिष्ट क्षमताओं के साथ प्रगति करती दुनिया में योगदान कर रहे हैं।एक समान कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता के रूप में बालको विविधता और समावेशिता को बढ़ावा देने के लिए कई पहल करता है। संवेदीकरण कार्यशालाओं और प्रशिक्षण का आयोजन कर बेहतर कार्यस्थल संस्कृति को बढ़ावा देता है जो समझ और सम्मान पर पनपती है। कंपनी एक समावेशी नियुक्ति दृष्टिकोण अपनाते हुए योग्यता-आधारित चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करती है। कंपनी सक्रिय रूप से विविध पृष्ठभूमि, अनुभव और क्षमता युक्त प्रतिभा की तलाश करती है, जिससे विविधता और समावेशन की प्रतिबद्धता मजबूत होती है। कंपनी ने अब तक अपने यहां 18 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों और 5 दिव्यांग कर्मचारियों को नियोजित किया है।--------------------------------