: नेता प्रतिपक्ष की कमान सम्हालेंगे नारायण चंदेल
Wed, Aug 17, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के बाद आखिरकार अपना नेता प्रतिपक्ष भी बदल दिया है। जांजगीर चांपा के विधायक नारायण चंदेल को छत्तीसगढ़ विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। आज राजधानी में हुई विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर पार्टी ने मुहर लगा दिया। भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया और बीजेपी प्रदेश प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी ने विधायक दल की मीटिंग में बंद लिफाफे से नेता प्रतिपक्ष का नाम निकाला। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की जगह अब बीजेपी ने नये नेता प्रतिपक्ष के रूप में नारायण चंदेल को चुना है। माना जा रहा है भाजपा में यह सर्जरी मिशन-2023 के चुनावों के मद्देनजर की जा रही है। बताया जा रहा है कि नारायण चंदेल का नाम राष्ट्रीय संगठन के नेताओं के साथ चर्चा के बाद फाइनल किया गया है। भाजपा की इसे जातिगत समीकरण सेट करने की कोशिश माना जा रहा है। भाजपा ने बिलासपुर सांसद अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद नारायण चंदेल को नेता प्रतिपक्ष बनाकर ओबीसी चेहरे पर दांव खेला है। अब देखना लाजिमी है कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी नीचे स्तर तक के संगठन में किस तरह से फेरबदल करते हुये कार्यकर्ताओं में उर्जा डालने का काम करती है। विधायक दल की बैठक में छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी , सहप्रभारी नितिन नवीन , प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव , पूर्व मुख्यमंत्री रमनसिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित कई नेता शामिल थे। वहीं नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में विधायक नारायण चंदेल , अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल और शिवरतन शर्मा थे। बताते चलें भाजपा में हमेंशा यह भी देखा जाता है कि पार्टी में अचानक से कोई चौंकाने वाला नाम सामने आ जाता है जैसे हाल ही में अरुण साव को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया।बदलाव सतत प्रक्रिया है - चंदेलनेता प्रतिपक्ष के बदलाव के सवाल पर चंदेल ने कहा कि बदलाव सतत प्रक्रिया है। विधायक दल की बैठक में सर्व सम्मति से मुझे यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। सभी विधायक साथियों का मैं आभार व्यक्त करता हूं। वहीं नये नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कहा कि चुनौती के समय मुझे विधायक दल का नेता चुना गया है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार उखाड़कर फेंकना और आने वाले चुनाव में शान से कमल खिलाना यह हमारी प्राथमिकता है , हम सब टीम के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की दशा और दिशा ठीक नहीं है। झूठे वादे कर जनता का जनादेश कांग्रेस ने पाया है , सरकार के ख़िलाफ़ जनाक्रोश है। सदन में हम संख्या में सिर्फ़ चौदह हैं , लेकिन सरकार को घुटने टेकने पर हमने मजबूर कर दिया। वहीं धरमलाल कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार है जिन्होंने मुझे नेता प्रतिपक्ष के रूप में काम करने का मौक़ा दिया। आगे भी जो ज़िम्मेदारी मिलेगी उसे निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि आज नारायण चंदेल के नाम का प्रस्ताव मैंने बैठक में रखा और पुन्नूलाल मोहले ने समर्थन किया। विधानसभा में हमने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा है , एकजुटता के साथ हमने काम किया है।जिला संयोजक खम्हन तिवारी ने दी बधाईनारायण चंदेल को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह एवं जोश का माहौल देखने को मिल रहा है। भाजपा जिला के तरफ से सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य खम्हन प्रसाद तिवारी ने नारायण चंदेल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित की है। तिवारी ने कहा है कि चंदेल के मंशानुरूप हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने में अपना सब कुछ न्यौछावर कर देंगे।नारायण चंदेल संक्षिप्त परिचयनारायण चंदेल जन्म 19 अप्रैल 1965 एक भारतीय राजनीतिज्ञ और भारतीय जनता पार्टी , छत्तीसगढ़ राज्य के महासचिव हैं। वे जांजगीर-चांपा का प्रतिनिधित्व करने वाली छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्य भी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। चंदेल पहली बार वर्ष 1998 में मध्यप्रदेश विधानसभा के लिये चुने गये थे। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के बाद उन्होंने वर्ष 2003 छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव उसी निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा , लेकिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मोतीलाल देवांगन से 7710 मतों के अंतर से हार गये थे।फिर से उन्होंने वर्ष 2008 का विधानसभा चुनाव जीता और छत्तीसगढ़ विधानसभा में उपाध्यक्ष बने। इसके बाद वर्ष 2018 में चंदेल फिर से कांग्रेस पार्टी के मोती लाल देवांगन को 4188 मतों के अंतर से हराकर विधानसभा के लिये चुने गये। अब वे छत्तीसगढ़ में बीजेपी विधायक दल के नेता के रूप में काम करेंगे।
: श्री सप्तदेव मंदिर से निकलेगी वाली गौरव यात्रा का 14 अगस्त को किया गया भव्य स्वागत
Wed, Aug 17, 2022
देश की आजादी के 75 वें वर्ष पूर्ण होने की खुशी में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को देश भर में ’’ अमृत महोत्सव ’’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी तारतम्य में दिनॉक 14 अगस्त 2022 दिन रविवार को श्री सप्तदेव मंदिर से दोपहर 3.00 बजे जे.सी.आई कोरबा संेट्रल के तत्वाधान में एक भव्य ’’ राष्ट्र ध्वज यात्रा ’’ निकाली गई।
इस यात्रा हेतु कोरबा के सभी स्कूलो के लगभग 1000- 2000 की संख्याा में छात्र छात्राओं ने भाग लिया इन बच्चों के लिये मंदिर में श्री किशनलाल मोदी मेमोरियल ट्रस्ट के द्वारा खिचडी एवं चाय की व्यवस्था की गई। बच्चों को भर पेट खिलाने के पश्चात उन्हे कतारबद्व होकर यात्रा निकाली गई जिन्होने लगभग 1/2 किलोमीटर लम्बी तिरंगे को पकडकर यात्रा निकाली किन्तु यात्रा निकालने के पूर्व इस भव्य ध्वज यात्रा का श्री सप्तदेव मंदिर में नगरपालिक निगम के आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डे .एवं मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी श्री अशोक मोदी जी ने भगवान के समक्ष पूजा अर्चना कर इस राष्ट्र ध्वज यात्रा को मंदिर से करमा नृत्य एवं भारत माता की एवं नशा मुक्ति की झॉकियों के साथ प्रारम्भ किया जो मुख्य मार्ग होते हुए टी.पी.नगर स्थित पाम माल तक गई जहॉ इस यात्रा को विराम दिया गया।
कोरबा में निकाली गई इस विशाल राष्ट्र ध्वज यात्रा की सभी ने भूरि भूरि प्रशंसा की ।
: 76 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बालको में धूमधाम से संपन्न
Wed, Aug 17, 2022
बालकोनगर, 17 अगस्त। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने 76वां स्वतंत्रता दिवस और आजादी का अमृत महोत्सव समारोह को प्रशासनिक भवन परिसर में धूमधाम से आयोजित किया। बालको प्रबंधन ने समारोह में राष्ट्र निर्माण में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री अभिजीत पति ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के उपरांत उन्होंने बालको परिवार को निरंतर श्रेष्ठ कार्य प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री पति ने अपने वक्तव्य में बताया कि देश की उत्तरोत्तर प्रगति में बालको का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में समर्पित प्रयासों से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि देश मेक इन इंडिया और लोकल फॉर वोकल की मदद से घरेलू उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि से आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करें। सतत विकास के साथ बालको अपने एल्यूमिनियम निर्माण के माध्यम से वैश्विक स्तर पर राष्ट्र नेतृत्व करने का प्रयास कर रहा है। श्री पति ने सभी से इस यात्रा का हिस्सा बनने और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के समापन पर बालको के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी श्री शुभदीप खान ने आभार जताया।श्री पति ने अपने उद्बोधन में कहा कि अपनी साढ़े पांच दशक की औद्योगिक यात्रा में बालको ने छत्तीसगढ़ और देश की सामाजिक-आर्थिक विकास में प्रशंसनीय भूमिका निभाई है। बालको देश के 20 प्रतिशत एल्यूमिनियम का उत्पादन करता है। बालको के योगदान से राज्य में हजारों करोड़ रुपए के व्यावसायिक अवसर निर्मित हुए। अपने प्रत्येक प्रचालन में बालको ने ‘शून्य क्षति, शून्य अपशिष्ट, शून्य उत्सर्जन’ की नीति का पालन सुनिश्चित किया है। विस्तार परियोजना के माध्यम से बालको वैश्विक ‘वन मिलियन टन क्लब’ में शामिल होने और देश को दुनिया की एल्यूमिनियम राजधानी के तौर पर स्थापित करने के लिए तैयार है।भारत सरकार के हर घर तिरंगा अभियान का जश्न मनाते हुए बालको परिवार के सदस्यों ने अपने घर और कार्यस्थल पर झंडा फहराने के अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक गतिविधियों, उत्कृष्ट कार्य और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। श्री पति ने समारोह के दौरान बालको की 57 वर्ष की यात्रा पर आधारित एक फिल्म भी लॉन्च की।श्री पति एवं बालको के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस पर बालको अस्पताल के मरीजों को फल वितरित किए और उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा को सुलभ बनाने की दिशा में निस्वार्थ समर्पण के लिए बालको अस्पताल के चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों के प्रति आभार और प्रशंसा व्यक्त की।