: अपहरण - दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का आरोपी जेल दाखिल
Tue, Jul 16, 2024
रायगढ़ - नाबालिग को भगा ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को कोतरा रोड पुलिस ने नवागढ़ ( जांजगीर) पुलिस के सहयोग से अपहरण , दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के अपराध में विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर गुम नाबालिक की खोज में कोतरा रोड पुलिस को पिछले डेढ़ साल से लापता बालिका को ढूंढ निकालने में सफलता मिली है। विगत दिवस 08 जुलाई 2024 को कोतरा रोड पुलिस द्वारा गुम बालिका को जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र से दस्तयाब किया गया था , जबकि बालिका को भगा ले जाने वाला आरोपी युवक फरार था। गुम बालिका के संबंध में 12 सितंबर 2022 को थाना कोतरारोड़ में बालिका के पिता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया कि 09 सितंबर को बालिका स्कूल जाने के नाम पर घर से निकली थी और शाम तक वापस नहीं आई। बालिका के पिता के रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 252/2022 धारा 363 आईपीसी के तहत अज्ञात आरोपी पर अपराध पंजीकृत कर गुम बालिका को पता तलाश में लिया गया। पतासाजी के क्रम में बालिका के परिजन , सहेलियों से पूछताछ करने पर बालिका के जिला जांजगीर चांपा थाना नवागढ़ क्षेत्र के युवक परमेश्वर अजगल्ले के साथ मित्रता होने की जानकारी मिली। संदेही युवक और बालिका मोबाइल बंद कर छिप कर रहे थे , दोनों के रहने के स्थान की पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही थी। गुम इंसान की खोज के विशेष अभियान में थाना प्रभारी कोतरा रोड निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा लंबित गुम नाबालिगों की खोज के लिये नये सिरे से मुखबिरों को एक्टिव कर जानकारी ली गई। जिसमें संदेही परमेश्वर अजगल्ले के गांव में देखे जाने की जानकारी मिली जिस पर तत्काल थाने से प्रधान आरक्षक करुणेश राय के साथ टीम जांजगीर चांपा रवाना किया गया। कोतरा रोड पुलिस द्वारा थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक भास्कर शर्मा व उनके स्टाफ के साथ संदेही के घर दबिश दिया गया। संदेही परमेश्वर अजगल्ले के घर पर गुम बालिका मिली जिसे साथ रायगढ़ लाया गया , जबकि आरोपी युवक फरार था। बालिका ने अपने कथन में संदेही परमेश्वर अजगल्ले से बातचीत और प्रेम संबंध होने की जानकारी दी और 09 सितंबर 2022 को परमेश्वर द्वारा शादी का झांसा देकर रेलवे स्टेशन रायगढ़ बुलाकर ट्रेन में बिठाकर दिल्ली ले जाना और किराया मकान में रखकर शारीरिक संबंध बनाना बतायी। उसके बाद बालिका को गांव में छोड़कर परमेश्वर अलगल्ले काम करने उड़ीसा चला गया था। बालिका के कथन , मेडिकल रिपोर्ट पर प्रकरण में धारा 366 , 376 आईपीसी 4 , 6 पॉक्सो एक्ट जोड़कर बालिका का बाल कल्याण समिति से काउंसलिंग कराया गया। वहीं फरार आरोपी को आज नवागढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर थाने लाया गया। आरोपी परमेश्वर अजकल्ले पिता शत्रुघन अजगले उम्र 23 वर्ष निवासी थाना क्षेत्र नवागढ़ जिला जांजगीर चांपा द्वारा घटना घटित करना स्वीकार किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी , मेडिकल आदि की औपचारिकतायें पूर्ण कर कोतरा रोड पुलिस ने आज आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में बालिका की पतासाजी एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतरा रोड निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक करूणेश राय , बाबूलाल पटेल , आरक्षक कमलेश सागर एवं थाना प्रभारी नवागढ़ (जांजगीर) भास्कर शर्मा व नवागढ़ थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
: बालको ने वेदांता स्किल स्कूल के साथ मनाया विश्व युवा कौशल दिवस
Tue, Jul 16, 2024
बालकोनगर, 16 जुलाई 2024।* वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) अपने वेदांता स्किल स्कूल के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को स्वावलंबी बनाया है। कंपनी के इस पहल ने 2010 से अबतक छत्तीसगढ़ के 12,000 युवाओं के जीवन में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन लाने में सहायक बना। विश्व युवा कौशल दिवस पर बालको ने वेदांता स्किल स्कूल में 100 से अधिक प्रशिक्षुओं के लिए कार्यक्रम का आयोजन कियाजिसमें युवाओं को सशक्त बनाने और उनकी क्षमता को पहचानने में कौशल के महत्व पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में व्यक्तिगत विकास और व्यावसायिक विकास दोनों को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन की गई प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। इनका उद्देश्य छात्रों के अपने-अपने ट्रेड में कौशल को बढ़ाना और साथ ही उनके समग्र व्यक्तित्व को बढ़ावा देना था। आयोजन मनोरंजन और उत्साह से भरा रहा जिसमें नृत्य प्रदर्शन, फैशन शो, खाना पकाने की चुनौतियाँ और अन्य आकर्षक गतिविधियों के अलावा इलेक्ट्रिकल मॉडल बनाना शामिल था।
सोलर पीवी इंस्टॉलर ट्रेड में प्रशिक्षु कशिश यांगडे ने अपने अनुभव को साझा करते हुए बोली की मैं आर्थिक रूप से सशक्त तथा परिवार का भरण-पोषण करना चाहती थी। सोलर एनर्जी के साथ काम करना अविश्वसनीय रूप से संतुष्टिदायक है। कंपनियों और सरकारी निकायों द्वारा सोलर स्रोतों पर बढ़ते ध्यान के साथ मुझे इस ट्रेड में कुशल होने पर गर्व है।
फिटर ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त हिमांशु कुमार साहू एक्वा पंप्स लिमिटेड में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी स्वावलंबी बनने की यात्रा को साझा करते हुए कहा कि वेदांता स्किल स्कूल में 45-दिवसीय प्रशिक्षण जीवन बदलने वाला रहा है। आवासीय सुविधा एक महत्वपूर्ण लाभ था जिसे शिक्षण अनुभव को बेहतर बनाया। प्रशिक्षण ने मुझे नौकरी के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल में निपुण बनाया और मेरे व्यक्तित्व को भी निखारा। हमें औद्योगिक संचालन और प्रभावी संचार को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।45 दिवसीय सिलाई मशीन ऑपरेटर कोर्स की प्रशिक्षु तामेश्वरी पटेल ने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि मुझे हमेशा से सिलाई में रुचि रही है और मैं अपनी गुड़ियों के लिए कपड़े बनाती थी। जब एक मित्र ने मुझे वेदांता स्किल स्कूल के सिलाई कार्यक्रम के बारे में बताया तो मैंने इसमें शामिल होने का फैसला किया। प्रशिक्षण ने मुझे रोजगारपरक कौशल प्रदान किए हैं जो मुझे आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए सशक्त भी बनाते हैं।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने वेदांता स्किल स्कूल पहल के महत्व पर बताया कि वेदांता में सतत आजीविका विकास हमारे सामुदायिक प्रयासों का केंद्र है। छत्तीसगढ़ और भारत के भविष्य को आकार देने के लिए हमारे युवाओं को सही कौशल और शिक्षा से लैस करना आवश्यक है। वेदांता स्किल स्कूल स्थानीय युवाओं को रोजगार योग्य कौशल हासिल करने के लिए मार्ग बनाते हैं जिससे उनकी वित्तीय सुरक्षा और आर्थिक विकास सुनिश्चित होता है। व्यक्तियों को सशक्त बनाकर हम सामुदायिक विकास और सशक्त भारत के बड़े लक्ष्य में योगदान करते हैं।वेदांता स्किल स्कूल हॉस्पिटैलिटी, वेल्डिंग, सिलाई मशीन ऑपरेटर, सोलर पीवी टेक्निशियन, इलेक्ट्रिकल, फिटर-लेवलिंग अलाइनमेंट बैलेंसिंग और मोबाइल रिपेयर ऑपरेटर सहित कुल सात ट्रेडों में मुफ्त आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। 45 से 60 दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के दिशानिर्देशों के अनुसार तैयार किया गया है। स्कूल स्किल के साथ व्यावहारिक ज्ञान संचार, सुरक्षा, कानूनी अधिकार और मासिक धर्म स्वास्थ्य पर सत्रों के साथ समग्र विकास पर जोर देता है। इसमें अनुभवी बालको कर्मचारियों से मार्गदर्शन शामिल है। वित्तीय वर्ष 2024 में 1241 व्यक्तियों को कार्यक्रम से लाभ हुआ जिनमें 72% महिला उम्मीदवार थीं। 100% प्रशिक्षुओं को रोजगार का अवसर प्राप्त मिलता है जो भारत भर के प्रतिष्ठित विभिन्न संस्थानों में कार्यरत है।
---------------------------------------
: तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना में शामिल दो आरोपी जेल दाखिल
Thu, Jul 11, 2024
बलौदाबाजार भाटापारा - जिला पुलिस ने बलौदाबाजार नगर में घटित तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना में शामिल दो आरोपियों गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपी आंदोलन की तैयारी करने , रूपरेखा बनाने , आंदोलन के लिये अनुमति लेने एवं आयोजक समिति के अहम सदस्यों के रूप में शामिल थे। अब तक बलौदाबाजार में तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले कुल 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली जानकारी अनुसार विगत माह 10 जून को बलौदाबाजार में आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल लोगों द्वारा आक्रोशित होकर पुलिस बल के साथ झूमाझपटी , पत्थरबाजी , मारपीट करते हुये संयुक्त कार्यालय परिसर एवं वहां खड़ी वाहनों में भी तोड़फोड़ करते हुये आग लगा दिया गया। धरना प्रदर्शन का आयोजन करने वाले तथा इस दौरान बलवा तोड़फोड़ एवं आगजनी करने वाले आरोपियों एवं उपद्रवी तत्वों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की अलग-अलग टीमों का निर्माण कर संभावित स्थलों में लगातार दबिश दिया जा रहा है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की वीडियो , फोटो , सीसीटीवी फूटेज एवं अन्य तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पहचान कार्यवाही करते हुये सरगर्मी से पतातलाश जारी है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा धरना प्रदर्शन का आयोजन करने , संपूर्ण कार्यक्रम की रणनीति बनाने , प्रदर्शन के लिये अनुमति लेने एवं धरना प्रदर्शन से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों में आयोजक समिति के सदस्य के रूप में शामिल लोगों का चिन्हांकन कर उनकी गिरफ्तारी को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है। जिसके तहत पुलिस द्वारा आज उक्त प्रकरण में शामिल आरोपी गोपी बंदे एवं संदीप कोसले को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी गोपी बंदे भीम क्रांतिवीर का छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ प्रदेश अध्यक्ष , साथ ही संदीप कोसले भीम क्रांतिवीर का उपाध्यक्ष है। इन दोनो आरोपियों को बलौदाबाजार - भाटापारा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में आज तक की स्थिति में बलौदाबाजार में तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले कुल 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।गिरफ्तार आरोपियों के नाम -गोपी बंदे उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम बरदा थाना लवन भीम क्रांतिवीर छत्तीसगढ़ छात्रसंघ प्रदेश अध्यक्ष और संदीप उर्फ मोनू कोसले उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम ढनढनी थाना लवन भीम क्रांतिवीर छत्तीसगढ़ उपाध्यक्ष।