: दिव्यांग बच्चों के लिए आंकलन एवं मूल्यांकन शिविर 11 से 16 दिसंबर तक
Sun, Dec 10, 2023
कोरबा 08 दिसंबर 2023/ राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर समग्र शिक्षा द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय आंकलन एवं मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकता निर्धारण के साथ यूनिक आईडी कार्ड/दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने एवं सभी प्रकार के दिव्यांगता आधारित मूल्यांकन एवं परीक्षण किया जाएगा। कक्षा 01 से 12वीं तक अध्ययनरत् दिव्यांग बच्चों हेतु आंकलन एवं मूल्यांकन शिविर 11 दिसंबर 2023 से 16 दिसंबर 2023 तक आयोजित शिविर में दिव्यांग बच्चों को उपकरण, सहायक सामग्री तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में शिविर आयोजन हेतु स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय कोरबा (जिला चिकित्सालय) में चिकित्सक, विशेषज्ञ एवं सहायकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। विकासखण्ड करतला में 11 दिसंबर 2023 को बीआरसी भवन करतला, विकासखण्ड कटघोरा में 12 दिसंबर 2023 को बीआरसी भवन कटघोरा, विकासखण्ड पाली में 13 दिसंबर 2023 को बीआरसी भवन पाली, विकासखण्ड पोड़ी-उपरोड़ा में 14 दिसंबर 2023 को बीआरसी भवन पोड़ी-उपरोड़ा, विकासखण्ड कोरबा के शहरी क्षेत्र में 15 दिसंबर 2023 को बीआरसी भवन खरमोरा एवं कोरबा ग्रामीण क्षेत्र में 16 दिसंबर 2023 को बीआरसी भवन अंधरीकछार में सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 03ः30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन हेतु आयुक्त नगर पालिक निगम कोरबा, कार्यालय संयुक्त संचालक सह-अस्पताल अधीक्षक, उप-संचालक समाज कल्याण कोरबा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एनटीपीसी, सर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सर्व विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एंड गाईड कोरबा एवं समस्त शैक्षणिक समन्वयकों को दायित्व सौंपें गए हैं।
: दिव्यांग बच्चों के मेंटरो और पालको का कार्यशाला सम्पन्न
Sun, Dec 10, 2023
कोरबा 08 दिसम्बर 2023/कलेक्टर सौरभ कुमार के निर्देश पर व सीईओ जिला पंचायत श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में आज डाइट कोरबा में दिव्यांग बच्चो के मेंटरो व पालकों का एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण में बताया गया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का 21 प्रकार की दिव्यांगता पर पहचान व चिन्हांकन कैसे करना है। चिन्हांकन के पश्चात् बच्चो का कक्षा प्रबंधन और आवश्यक जानकारी कैसे प्रदान की जानी है। दिव्यांगजनों को मिलने वाली शासन की सुविधा व रियायत का लाभ उन तक कैसे पहुँचाया जाए। इस संबंध में शिविर का आयोजन किया जाएगा और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को लाभान्वित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में डाइट के प्राचार्य, डीएमसी श्री मनोज पाण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
: ठिठुरन से बचाने चौक चौराहो पर जलाया गया अलाव
Sun, Dec 10, 2023
कोरबा 8 दिसम्बर 2023/ हल्की बारिश के पश्चात बढ़ी ठंड और ठिठुरन को देखते हुए कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने चौक चौराहो सहित महत्वपूर्ण स्थानों में अलाव जलाने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई ने शहर के प्रमुख चौक चौराहो पर अलाव जलवाया है। शहर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक, ट्रांसपोर्ट नगर चौक और कोरबा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों में लकड़ी के अलाव की व्यवस्था की गई है। अलाव जलने से शहर के अनेक लोग इन स्थानों पर आग ताप रहे हैं।
शीतलहर जैसी स्थिति निर्मित होने और ठंड बढ़ने से बहुत से लोगों को घर से बाहर ऐसे ही अलाव की आवश्यकता महसूस हो रही थी। जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वालों को अपने आसपास जलते हुए अलाव मिलने पर वे अपनी हथेलियों को सेंकते हुए नजर आने लगे हैं। कलेक्टर ने मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए सभी को सतर्क रहने और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील भी की है। उन्होंने आवश्यकता अनुसार सभी महत्वपूर्ण स्थानों और आवाजाही वाले स्थलों सहित निगम के जोन में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।