: डीआईजी गर्ग ने दिये निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश
Thu, Oct 12, 2023
Lरायगढ़ - पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में आज पुलिस अधिकारियों के लिये एकदिवसीय जिला स्तरीय निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आचार संहिता का पालन कराने और सुरक्षा प्रबंध समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। वहीं डीआईजी और एसएसपी रायगढ़ ने अधिकारियों को निष्पक्ष रहकर चुनाव सम्पन्न कराने के निर्देश दिये।
इस एकदिवसीय जिला स्तरीय निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा अधिनस्थ पुलिस अधिकारियों को प्रभावशील आचार संहिता का प्रभावी रूप से पालन कराने एवं सुरक्षा प्रबंध को लेकर की जाने वाली तैयारी के संबंध में मास्टर ट्रेनर के रूप में अपना वक्तव्य दिया गया। कार्यशाला में रायगढ़ रेंज डीआईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी पुलिस अधिकारी व जवानों को निष्पक्ष रहकर चुनाव कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि चुनाव संपन्न करना प्रशासन व पुलिस के चुनौती पूर्ण होता है , रायगढ़ जिले में प्रशासन व पुलिस के बीच अच्छा सामंजस्य देखने को मिला है। कार्यशाला में उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं आचार संहिता का पालन करें और अपने अधीनस्थ स्टाफ से भी करावें। कार्यशाला का लाभ उठावें तथा इसके अलावा भी कार्यवाही को लेकर किसी प्रकार की दुविधा हो तो किसी भी समय सलाह लिया जा सकता है परंतु कार्यवाही में किसी प्रकार की कोताही ना बरती जावे। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराये जाने की अपनी शुभकामनायें भी दी। इस कड़ी में एसएसपी सदानंद कुमार द्वारा पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि आने वाले दिनों में पूरी ऊर्जा के साथ पूरा फोकस चुनाव कार्य में लगावें और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में लग जावें , किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने किसी भी प्रकार से अन्य राज्यों से मादक पदार्थ व अवांछित सामग्री जिले में नहीं लायी जानी चाहिये कहकर सभी अधिकारियों को सचेत करते हुये कार्यवाही बढ़ाये जाने की आवश्यकता बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडिशनल एसपी रायगढ़ संजय महादेवा द्वारा आदर्श आचार संहिता एवं सुरक्षा प्रबंध के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन के पूर्व और निर्वाचन दिवस तथा निर्वाचन के पश्चात पुलिस के द्वारा की जाने वाली कार्यवाही , तैयारियों के संबंध में अपना प्रेजेंटेशन प्रस्तुत कर विस्तार से सभी जानकारी दिया गया।रायगढ़ एसडीएम गगन शर्मा द्वारा पुलिस अधिकारियों को जिले में प्रशासन द्वारा चिन्हित किये गये संवेदनशील मतदान केन्द्रों की जानकारी देकर उनकी निगरानी , कार्यवाही के संबंध में संक्षिप्त जानकारी देकर निगरानी फ्लाइंग स्क्वायड , स्थैतिक निगरानी दल की कार्यवाही के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दिया। उन्होंने बताया कि प्रशासन व पुलिस के अच्छे कोआर्डिनेशन से चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से चुनाव संपन्न होगा । प्रशासन व पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है , पुलिस व प्रशासन एक टीम की तरह कार्य कर रहे है। एसडीओपी धरमजयगढ़ दीपक मिश्रा द्वारा कानून व्यवस्था एवं चुनाव दौरान की जा रहे कार्यवाही पर प्रकाश डाला गया और चुनावी अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दिया गया। कार्यशाला के अंत में चुनाव सेल प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल द्वारा डीआईजी रायगढ़ , एसएसपी रायगढ़ एवं सभी वक्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला में जिले के सभी प्रधान आरक्षक से वरिष्ठतम क्रम के सभी पुलिस अधिकारीगण उपस्थित थे। रक्षित निरीक्षक एवं थाना , चौकी प्रभारियों को थाना , चौकी , रक्षित केन्द्र व विभिन्न शाखाओं में कार्यरत जवानों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये गये हैं।
: डीआईजी गर्ग ने अधिकारियों को दिये कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश
Sun, Oct 8, 2023
रायगढ़ - उप पुलिस महानिरीक्षक रायगढ़ रेंज राम गोपाल गर्ग द्वारा आज रायगढ़ जिले के पुलिस अधिकारियों की वर्चुअल मीटिंग ली गई। इसमें उन्होंने अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित करते हुये चुनावी तैयारी , बैंकों की सुरक्षा , सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल व विजुअल पुलिसिंग पर कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिये।
इस वर्चुअल मीटिंग में डीआईजी रामगोपाल गर्ग द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से चुनावी तैयारी के संबंध में जानकारी लिया गया तथा चुनाव कराने आने वाले अर्धसैनिक बलों के ठहरने , आवागमन इत्यादि के संबंध में चर्चा कर कर महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये।डीआईजी गर्ग द्वारा शीघ्र आचार संहिता लागू होने की जानकारी देकर सभी को आचार संहिता का पालन करने व प्रभावी रूप से पालन करने कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को फ्लांईग स्क्वॉड व एसएसटी की टीमों को अच्छे से ब्रीफ कर बॉर्डर चेक पोस्ट पर अवैध शराब व अन्य किसी अवांछित सामग्रियों की सघन जांच व कार्यवाही के निर्देश दिये। मीटिंग में उन्होंने जमीन संबंधी विवाद में अनिवार्य रूप से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही का निर्देश दिया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि में गश्त में लगे जवानों को ब्रीफ करें कि वे रात्रि में आने जाने वालों की सघन जांच करे। ट्रैफिक को लेकर उन्होंने निर्देशित किया कि अनावश्यक सड़क पर खड़े ट्रैकों व वाहनों पर कार्यवाही किया जावे। उन्होंने आने वाले समय में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होना बताकर उन्हें सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगाह रखने एवं अनर्गल , भड़काऊ पोस्ट डालने वालों को चिन्हित कर कार्यवाही का निर्देश दिया। बैंक सुरक्षा को लेकर उन्होंने निर्देशित किया कि प्रतिदिन बैंकों की चेकिंग की जानी चाहिये , किरायेदारों की नियमित जांच हो तथा जेल से रिहा होने वाले संपत्ति संबंधी अपराधों के आरोपियों की लिस्टिंग कर निगाह रखी जाये। अपराधों में कमी लाने विजुअल पुलिसिंग के साथ लघु व प्रतिबंधात्मक कार्यवाही अधिक से अधिक करे। डीआईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से करने हेतु निर्देशित किया और कहा के जनता से सौद्र व्यवहार करें। वहीं डीआईजी ने किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी भी दी। इस मीटिंग में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार समेत जिले के राजपत्रित अधिकारी , थाना/चौकी प्रभारी व उप निरीक्षक स्तर के अधिकारीगण सम्मिलित हुये।
: विमान से उतरते ही नेता प्रतिपक्ष हितानंद ने किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत-अभिनंदन
Fri, Sep 15, 2023
रायगढ़ आगमन के दौरान जिंदल एयरपोर्ट में सौजन्य मुलाकात कर लिया आशीर्वाद
कोरबा। नगर निगम कोरबा के नेताप्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्रभाई मोदी से सौजन्य मुलाकात की। जिंदल एयरपोर्ट में विमान से उतरते नेता प्रतिपक्ष हितानंद ने पीएम श्री मोदी का स्वागत-अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद लिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंचे थे। इस प्रवास में उन्होंने रायगढ़ जिले के कोड़ातराई में रेलवे तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी 6400 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश के 9 जिलों में क्रिटिकल केयर ब्लाक का शिलान्यास भी किया। प्रधानमंत्री द्वारा आरंभ की गई रेल परियोजनाओं में छत्तीसगढ़ पूर्व रेल परियोजना फेस-1, चांपा से जामगांव के बीच तीसरी रेल लाइन, पेंड्रा रोड से अनूपपुर के बीच तीसरी रेल लाइन और तलाईपल्ली कोयला खदान को एनटीपीसी लारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन को जोड़ने वाली मेरी गो राउंड (एमजीआर) भी शामिल है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 9 क्रिटिकल केयर ब्लाक का शिलान्यास भी किया। उन्होंने सिकल सेल काउंसलिंग कार्ड भी इस मौके पर वितरित किए। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे के इस प्रोजेक्ट से छत्तीसगढ़ में ऊर्जा सामर्थ्य बढ़ाने में मदद मिलेगी। सिकल सेल एनीमिया के संबंध में किए जा रहे कार्यों से प्रदेश में इस बीमारी से पीड़ित लोगों को सहायता मिलेगी। नेता प्रतिपक्ष हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार देश के समूचे विकास का समर्थन करती है। इसी कड़ी में बिना किसी भेदभाव छत्तीसगढ़ की धरा को भी अपने विकास के मूलमंत्र से जोड़ते हुए उन्होंने इन लोकहितैषी परियोजनाओं की सौगात रायगढ़ में प्रदान की। सर्वजनहिताय की पीएम मोदी की इसी सोच की ही यह परिणाम है जो विश्व स्तर पर हमारा देश एक नए भारत रुप में उभरकर पेश हुआ है और आज हर देशवासी गौरवांवित है।