: सीईओ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई आयोजित
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003, ई-सिगरेट अधिनियम 2019 एवं हुक्का प्रतिबंध सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही तंबाकू उत्पादों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव का व्यापक प्रचार प्रसार किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सीईओ श्री विश्वदीप ने बैठक में तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के क्रियान्वयन हेतु ग्राम सभा के एजेंट को भी शामिल किए जाने की बात कही तथा तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थाओं के क्रियान्वयन को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केसरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
: मिशन इन्द्रधनुष 5.0 अभियान का जिले में हो रहा आयोजन, 26 सितंबर तक लगाए जाएंगे टीके
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में जिले में टीकाकरण सुदृढ़ीकरण एवं मीजल्स रूबेला वैक्सीन की डोज से छूटे हुए, लेफ्ट आउट, ड्राप आउट लाभार्थियों (बच्चों) तथा गर्भवती महिलाओं को टीकाकृत किए जाने हेतु मिशन इन्द्रधनुष अभियान का द्वितीय चरण चरण 20 सितंबर से 26 सितंबर तक (रविवार को छोड़कर) चलाया जा रहा है। जिसमें 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को विभिन्न बीमारियों से बचाव हेतु टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान जिले के समस्त टीकाकरण केन्द्रों में संचालित होगा।
सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केशरी ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों को निर्देशित किया है कि वे अपने कार्यक्षेत्र के समस्त गर्भवती महिलाओं तथा शिशुओं का टीकाकरण कराएं। साथ ही जिले के जनप्रतिनिधियों तथा पालकों से अपील किया गया है कि वे गर्भवती महिलाओं तथा टीकाकरण से छूटे हुए शिशुओं का टीकाकरण कराकर वैक्सीन से रोकी जा सकने वाली विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति सतर्क रहें।
: जिले में अब तक 924.0 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई दर्ज
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ जिले में 01 जून से अब तक 924.0 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिले में बीते 10 वर्षों की तुलना में 19 सितंबर तक औसत वर्षा 1071.9 मिमी हुई है। बीते 24 घण्टे में जिले में 1.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से अब तक तहसील कोरबा में 942.6 मिमी, भैंसमा में 985.8 मिमी, करतला में 956.0 मिमी, कटघोरा में 1001.2 मिमी, दर्री में 1037.6 मिमी, पाली में 756.2 मिमी, हरदीबाजार में 770.0 मिमी, पोड़ी-उपरोड़ा में 902.8 मिमी एवं पसान में 963.6 मिमी वर्षा हो चुकी है। अब तक सर्वाधिक वर्षा दर्री तहसील में दर्ज की गई है।