: बालको ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर किया मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
Fri, Oct 25, 2024
*बालकोनगर, 21 अक्टूबर 2024।* वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन (आईडीओपी) दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के लिए एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री सत्येंद्र कुमार साहू, विशेष न्यायाधीश श्री जयदीप गर्ग, सिविल जज सुश्री डिंपल ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की।
हेल्पएज इंडिया के सहयोग से कंपनी ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया। मानसिक स्वास्थ्य सत्र में मनोचिकित्सक ने वृद्धावस्था में डिमेंशिया तथा मेंटल हेल्थ से निपटने का तरीका बताया। वृद्धजनों को महत्वपूर्ण तकनीक जानकारी देने के लिए डिजिटल साक्षरता कार्यशाला तथा संतुलित एवं पोषण आहार की जानकारी दी गई। अतिथियों ने समाज में उनके समर्पण और सेवा की सराहना करते हुए महत्वपूर्ण योगदान के लिए दस वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों या युवाओं के बीच पारस्परिक समझ विकसित करना तथा वरिष्ठ समुदाय की शक्ति और अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला गया।
शिविर में बुजुर्ग सदस्यों के लिए गतिशीलता और दैनिक जीवन को बेहतर बनाने के लिए सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इलेक्ट्रोथेरेपी तकनीक का उपयोग करके 33 बुजुर्गों को फिजियोथेरेपी सेवाएँ प्रदान की गईं। इन उपायों से उनकी बीमारियों में कमी एवं स्वास्थ्य लाभ हुआ। कंपनी की द्वि-मासिक मोबाइल फिजियोथेरेपी सेवा समुदाय के बुजुर्ग आबादी को राहत पहुँचा रही है।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने स्वास्थ्य अभियान के प्रभाव पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कंपनी अपने संयंत्र के आसपास के समुदायों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य इस क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं को बढ़ाना है और इसके साथ दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और समुदाय के कमजोर वर्गों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है।आरोग्य परियोजना के मल्टी-स्पेशलिटी मेगा हेल्थ कैंप के द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग लाभान्वित हुए। अपने मोबाइल हेल्थ वैन के तहत कंपनी ने जामबहार और शांति नगर में दो हेल्थ कैंप आयोजित किये। कैंप की मदद से 5 गांव के 360 से अधिक सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। कंपनी के सामुदायिक स्वास्थ्य शिविरों में मधुमेह, रक्तचाप जैसी सेवाओं के साथ दंत, आर्थोपेडिक्स, स्त्री रोग, साइकेट्री, मनोवैज्ञानिक और स्किन केयर विभिन्न विशेषज्ञ मौजूद थे।आरोग्य परियोजना बालको का व्यापक स्वास्थ्य पहल है जो ग्रामीण स्वास्थ्य पोस्ट के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तथा कुपोषण को कम करने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है। परियोजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024 में 45 से अधिक समुदायों के 49,963 लोग लाभान्वित हुए हैं। ‘उपचार आपके दरवाजे’ थीम पर संचालित चलित स्वास्थ्य इकाई की मदद से जरूरतमंदों को निःशुल्क परामर्श और चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। वित्तवर्ष 2024 में एमएचवी से लगभग 15600 तथा 8 मल्टी-स्पेशलिटी मेगा हेल्थ कैंप से 1700 लोग लाभान्वित हुए।
-------------------------------------------------
: दिल्ली हॉफ मैराथन चैलेंज में बालको ने फिर लहराया परचम
Fri, Oct 25, 2024
*बालकोनगर, 21 अक्टूबर, 2024।* वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) वीडीएचएम 'रन फॉर जीरो हंगर' चैलेंज का विजेता बना। 20 अक्टूबर तक चले वीडीएचएम अभियान में बालको ने कुल 15,27,708 लाख किलोमीटर का सफर तय किया। वेदांता समूह के विभिन्न व्यावसायिक इकाई में बालको सबसे आगे रहा। दिल्ली में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने ट्रॉफी लिया। लगभग 2 महीनों तक चले अभियान में बालको के कर्मचारी, उनके परिवारजन, व्यावसायिक साझेदार और समुदाय के सदस्यों के सामूहिक प्रयास से कंपनी ने लगातार तीसरी बार यह ट्रॉफी हासिल की।
दिल्ली हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण में 36,000 से अधिक धावकों ने ‘रन फॉर जीरो हंगर’ मैराथन में हिस्सा लिया। आयोजक वेदांता समूह ने संकल्प लिया है कि कर्मचारियों के प्रत्येक किमी चलने पर जरूरतमंद बच्चों को पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। इस वर्ष 10 मिलियन भोजन जुटाए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना है। अभियान में लोगों ने अपने समाजिक दायित्व तथा खुद को फिट रखने के उद्देश्य से इसमें हिस्सा लिया। रन फॉर जीरों हंगर के अंतर्गत समूह ने कुल 10 मिलियन किलोमीटर का लक्ष्य हासिल किया।ट्रॉफी पर खुशी जाहिर करते हुए बालको के सीईओ एवं निदेशक राजेश कुमार कहा कि वीडीएचएम चैलेंज में सबसे अधिक किलोमीटर तय करना, समुदाय की भलाई के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने 1.5 मिलियन से अधिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए बालको परिवार के सामूहिक प्रयास की सराहना की।वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल के समाज को वापस देने के सिद्धांत के तहत समूह द्वारा भारत भर के 14 राज्यों में संचालित लगभग 6,500 नंद घरों के बच्चों को पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा बाल विकास में योगदान देने के उद्देश्य से नंद घर परियोजना की शुरूआत की गई है। समुदाय के साथ-साथ कंपनी बच्चों के सर्वागीण विकास में विश्वास रखती है। यह कंपनी के कुपोषण मुक्त भारत बनाने की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। बच्चों के साथ-साथ समूह के एनिमल वेलफेयर प्रोजेक्ट, द एनिमल केयर ऑर्गनाइजेशन (टाको) के माध्यम से जानवरों को भी लाभ मिलेगा।
------------------------------------
: नकदी रकम लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के दो आरोपी जेल दाखिल
Sun, Oct 20, 2024
रायपुर - अपने ऊपर हुये कर्ज को चुकाने के लिये प्रार्थी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से साजिश रचते हुये मनगढ़ंत कहानी बनाकर नगदी रकम लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के दो आरोपियों को एसीसीयू. की टीम की संयुक्त टीम की संयुक्त कार्यवाही से मुजगहन थाना पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
सिविल लाईन स्थित सी /4 भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में इस लूटकाण्ड का खुलासा करते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर ने बताया प्रार्थी मनोज कुमार धु्रव ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह शाश्वत नगर बोरियाखुर्द रायपुर में रहता है तथा सेक्टर 15 कमल विहार रायपुर में सांई फ्यूल्स एवं इस्कान इंडिया प्रायवेट लिमिटेड कंपनी में सुपरवाईजर के पद पर कार्य करता है। प्रार्थी रीयल स्टेट कंपनी का पैसा लगभग 15,00,000 से 20,00,000 रूपये तक रहा होगा को अपने पास घर में रखा था जिसे गत दिवस 17 अक्टूबर को ऑफिस के सी.ए. अनुज अग्रवाल ने मंगाने पर बैग में भरकर घर से ऑफिस सेक्टर 15 कमल विहार रायपुर से अपनी मोटर सायकल क्रमांक सी जी/04/एम डब्ल्यू/9735 से जा रहा था। सुबह करीबन सवा दस बजे केपीएस स्कूल और कमल विहार मेन गेट के पास पहुंचा था कि पीछे से एक मोटर सायकल में सवार दो व्यक्ति प्रार्थी के पास आकर प्रार्थी से पैसे से भरे बैग जिसमें प्रार्थी का मोबाईल फोन भी था , को लूटकर भाग गये। जिस पर अज्ञात अरोपी के विरूद्ध थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 250/24 धारा 304 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। लाखों रूपये लूट की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. संतोष सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल , नगर पुलिस अधीक्षक नया रायपुर कर्ण कुमार उके , उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह , प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट निरीक्षक परेश पाण्डेय , थाना प्रभारी मुजगहन निरीक्षक आशीष सिंह राजपूत तथा थाना प्रभारी मंदिर हसौद निरीक्षक सचीन सिंह को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी से घटना , आरोपियों के हुलियों व उनके मोटर सायकल के संबंध में विस्तृत पूछताछ करते हुये विवेचना की जा रही थी। पुलिस टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी से पूछताछ करने पर वह बार - बार वह अपना बयान बदल कर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। जिस पर से प्रार्थी से पुनः घटनास्थल का सीन रिक्रीएट कराया गया तथा उसके बयान और सीन रि-क्रिएशन में भिन्नता के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ प्रारंभ किया गया। जिस पर प्रार्थी ज्यादा देर अपने झूठ के सामने टिक ना सका और अंततः अपने अन्य साथी योगेन्द्र कुमार भारती उर्फ बबलू के साथ मिलकर रकम गबन करने की योजना बनाकर लूट की उक्त झूठी घटना को कारित करना स्वीकार कर लिया। आरोपी प्रार्थी मनोज कुमार धु्रव ने पूछताछ में बताया कि वह योगेन्द्र कुमार भारती उर्फ बबलू का मित्र है। योगेन्द्र कुमार भारती उर्फ बबलू के द्वारा उसको व्यापार में नुकसान होने के कारण पैसे की आवश्यकता होना बताया था। जिस पर आरोपी योगेन्द्र भारती के कहने पर मनोज कुमार धु्रव द्वारा उसकी सहायता करने के नियत से योगेन्द्र कुमार भारती के साथ मिलकर उसकी कम्पनी के उसके पास रखे 20,00,000 रूपये को लूट करने की योजना बनाई एवं दिनांक घटना को योजना अनुसार अपने ऑफिस के रकम को अपने घर से दोपहिया वहन में लेकर निकला एवं घटनास्थल पास अपने साथी योगेन्द्र कुमार भारती को बुलाकर पैसे से भरे बैग एवं उसमें अपना मोबाईल फोन बंद कर दे दिया एवं इसके बाद आरोपी ने लूट की झूठी मनगंढ़त कहानी बनाकर थाने में लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करायी थी।जिस पर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके निशानेदेही पर कब्जे से नगदी रकम 18,54,000 रूपये तथा घटना से संबंधित चार नग मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त एक नग दोपहिया वाहन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है। आरोपी मनोज कुमार धु्रव द्वारा लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पर पृथक से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से मुजगहन थाना पुलिस ने दोनो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपीगण -मनोज धु्रव पिता स्व. घसियाराम धु्रव उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम नागझर पोस्ट सोरीद खुर्द थाना फिंगेश्वर गरियाबंद और योगेंद्र कुमार भारती उर्फ़ बबलू पिता धनसाय भारती उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम चोरहाडीह छान्टापार पोस्ट भनसोज थाना आरंग रायपुर (छत्तीसगढ़)