: बलौदा थाना प्रभारी एवं आरक्षक हुये आईजी से सम्मानित
Sat, Feb 11, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - दुष्कर्म के प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी पश्चात 72 घंटो में विवेचना पूर्ण कर चालान माननीय न्यायालय पेश करने पर बद्री नारायण मीणा पुलिस महानिरीक्षक , बिलासपुर रेंज बिलासपुर द्वारा जांजगीर चांपा जिले के बलौदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी एवं विवेचना कार्य में सहयोग करने वाले आरक्षक जितेन्द्र कुर्रे को महिला एवं नाबालिग बच्चों के विरूद्ध घटित अपराध में उत्कृष्ट कार्य करने के फलस्वरूप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि नाबालिग पीड़िता कक्षा सातवीं की छात्रा से किशन बंजारे द्वारा जबरदस्ती दुष्कर्म करने एवं किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने पर आरोपी के विरुद्ध थाना बलौदा में अपराथ क्रमांक 34/2023 धारा 376 ,506 ,363 भादवि 4 पाक्सो एक्ट कायम कर आरोपी को गत 22 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया था। प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुये प्रकरण के विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी ने आरोपी के गिरफ़्तारी पश्चात मात्र 72 घंटे में विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र तैयार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया। इस प्रकार प्रकरण में त्वरित विवेचना कर चालान माननीय न्यायालय प्रस्तुत करने के फलस्वरूप उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी थाना प्रभारी बलौदा एवं विवेचना कार्य में सहयोग करने वाले आरक्षक जितेंद्र कुर्रे थाना बलौदा को बद्री नारायण मीणा पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज बिलासपुर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उक्त अवसर पर विजय अग्रवाल पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा एवं बिलासपुर रेंज के अन्य पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
: आईजी ने दिये विवेचना की गुणवत्ता के स्तर में सुधार के निर्देश
Fri, Feb 10, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबिलासपुर - रेंज स्तरीय पुलिस अधीक्षकों की बैठक आज रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में बद्री नारायण मीणा पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज द्वारा आहूत की गई । बैठक के दौरान रेंज के गंभीर आपराधिक प्रकरणों , समंस-वारंट तामिली , चिन्हित अपराधों की प्रगति , महिला-बच्चों से संबंधित अपराध , यातायात प्रबंधन , पासपोर्ट सत्यापन , अनियमित वित्तीय कंपनियों , दोषमुक्ति प्रकरणों के साथ-साथ पुलिस कल्याण के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में आईजी मीणा द्वारा जिलों में अपराधों के नियंत्रण हेतु प्रोएक्टिव पुलिसिंग एवं विजिबल पुलिसिंग हेतु निर्देश दिये गये। समंस-वारंट की शत प्रतिशत तामीली के संबंध में निर्देश देते हुये कहा गया कि विभागीय पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को भी समन किये जाने पर उन्हें आवश्यक रूप से साक्ष्य हेतु उपस्थित कराया जावे। स्थायी वारंट की तामीली हेतु अभियान चलाने निर्देश दिये गये । चिन्हित अपराध योजना के अंतर्गत चिन्हांकित किये गये अपराधों का पर्यवेक्षण घटना दिनांक से ही वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर किये जाने तथा इस हेतु केस आफिसर नियुक्त करने के लिये भी कहा गया। महिलाओं-बच्चों पर घटित होने वाले अपराधों की समीक्षा की गई तथा लंबित अपराधों के शीघ्र निकाल हेतु निर्देशित किया गया। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिये दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर दुर्घटना में कमी लाने हेतु कार्यवाही करने , विशेषतौर पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये स्कूल लगने व छूटने के समय भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण एवं स्कूल वाहनों के चालकों व वाहनों की नियमित जॉच के निर्देश दिये गये। अनियमित कंपनियों के फरार डायरेक्टरों की गिरफ्तारी , कंपनियों की संपत्ति के चिन्हांकन एवं कुर्की कार्यवाही तथा कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों के शीघ्र निराकरण के भी निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक मीणा द्वारा बैठक के दौरान दोषमुक्ति प्रकरणों पर भी चर्चा कर पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के पूर्व इसकी समीक्षा संबंधित थाने के पर्यवेक्षणकर्ता अधिकारी के माध्यम से आवश्यक रूप से कराया जावे ताकि न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान अभियोजन पक्ष की कमी लाभ आरोपी पक्ष को ना मिले व विवेचना के स्तर में सुधार लाया जा सके। जिला पुलिस कार्यालय के शिकायत शाखा को मजबूत बनाने व शिकायत जॉच की गुणवत्ता बढ़ाने निर्देश दिये गये। पुलिस एवं जनता के आपसी समन्वय एवं संवाद , अपराधों के प्रति जागरूकता लाने के सभी जिलों में जिला एवं अनुविभाग स्तर पर सामुदायिक पुलिसिंग के कार्यक्रम का आयोजन करने निर्देश दिये गये। आईजी मीणा द्वारा पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की भी चर्चा मीटिंग के दौरान की गई जिसमें साप्ताहिक परेड , पुलिस लाईन व पुलिस क्वार्टर की साफ-सफाई , पानी-बिजली व अन्य कठिनाईयों पर चर्चा करते हुये उनके निदान के लिये निर्देशित किया गया। पुलिस कर्मियों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ्य बनाये रखने व टीम भावना से कार्य करने के उद्देश्य से जिलों में रेंज स्तरीय खेलों का आयोजन किये जाने निर्देशित किया गया। उपरोक्त बैठक में सदानंद कुमार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ , एम.आर.अहीरे पुलिस अधीक्षक सक्ती , संतोष कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक बिलासपुर , राजेश कुकरेजा पुलिस अधीक्षक सारंगढ-बिलाईगढ़ , विजय अग्रवाल पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा , चन्द्र मोहन सिंह पुलिस अधीक्षक, मुंगेली , यू.उदय किरण पुलिस अधीक्षक कोरबा , श्रीमती दीपमाला कश्यप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंज पु.म.नि. कार्यालय बिलासपुर सहित रेंज कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।कई अधिकारी कर्मचारी हुये सम्मानितबैठक के समापन के दौरान रेंज के जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिसमें जिला बिलासपुर से सउनि अवधेश सिंह , आरक्षक सरफराज खान , जिला रायगढ़ से आरक्षक प्रमोद सागर , प्रधान आरक्षक राजेश पटेल , जिला कोरबा से निरीक्षक अश्वनी राठौर व आरक्षक ओम प्रकाश , जिला जांजगीर-चांपा से उनि गोपाल सतपथी , आरक्षक जितेन्द्र कुर्रे , जिला मुंगेली से राजाराम साहू , प्रधान आरक्षक राजेश बंजारे , जिला गौ.पे.म. से सउनि नवीन मिश्रा एवं सउनि मनोज हनौतिया , जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ से निरीक्षक रूपेन्द्र नारायण साय , जिला सक्ती से निरीक्षक सतरूपा तारम , आरक्षक खगेश्वर राठौर तथा रेंज पु.म.नि. कार्यालय से उनि(अ) संजय रावत , रवि निर्मलकर व आरक्षक श्रीश तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
: पीड़ितों को न्याय दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता - लखेश केंवट
Fri, Feb 10, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - सिटी कोतवाली की दूसरी बार कमान सम्हालने पर आज कई इंटरनेशनल चैम्पियन बेल्ट विजेता रेसलर प्रतीक तिवारी एवं संवाददाताओं ने निरीक्षक लखेश केंवट से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी।बताते चलें कि इसके पहले निरीक्षक लखेश केंवट जून 2020 में कोतवाली थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हुये थे। उसके बाद इनका स्थानांतरण नवागढ़ , बाराद्वार , अकलतरा करते हुये वहां से रक्षित केंद्र भेज दिया गया था। जिले के तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने हाल ही में कानून व्यवस्था में कसावट लाने के लिये कर्मचारियों का तबादला किया है। इसी कड़ी में एक ओर जहां निरीक्षक लखेश केंवट को रक्षित केंद्र से एक बार फिर कोतवाली जांजगीर का प्रभार दिया गया है। वहीं दूसरी ओर कोतवाली जांजगीर में लम्बे समय से पदस्थ टीआई उमेश साहू का स्थानांतरण अकलतरा थाना किया गया है। संक्षिप्त मुलाकात के दौरान नवनियुक्त सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने विशेष चर्चा में अरविन्द तिवारी से कहा कि क्षेत्र में जुआ और सट्टा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पीड़ितों को न्याय दिलाने उनकी पहली प्राथमिकता होगी और गरीबों के साथ दबंग लोग अब कोई उत्पीड़न की कार्यवाही नहीं कर सकेंगे। कोतवाली निरीक्षक ने कहा कि थाना परिसर में वे गरीब एवं पीड़ितों की समस्या सुनने के लिये हमेशा उपस्थित रहते हैं और गरीबों को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा उनका प्रयास रहता है कि गरीब और पीड़ित व्यक्ति को थाना स्तर से ही न्याय मिल जाये और वरिष्ठ अधिकारियों के पास उसको ना जाना पड़े। क्योंकि थाना नजदीक है जहाँ आने पर न्याय मिल जाये तो गरीब व्यक्ति के लिये इससे ज्यादा और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उनका बेहतर पुलिसिंग करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर व देहात क्षेत्र के अपराधी व अपराध का कार्य करने वाले या जुआ , सट्टा जैसे जितने भी समाज विरोधी कार्य हैं उनको करने वाले या तो उन कार्यों को छोड़ दें अन्यथा पुलिस अब अपने स्तर से इन सभी अवैध कार्यों को बंद करायेगी। उन्होंने एक बात और स्पष्ट की है कि उनको अपराधियों के लिये सिफारिश पसंद नहीं है।