: पीड़ितों को न्याय दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता - टीआई भास्कर शर्मा
Wed, Jun 12, 2024
जांजगीर चाम्पा - जिले के थाना नवागढ़ की कमान सम्हालने पर आज राष्ट्रीय समाचार प्रसारण केन्द्र के संवाददाताओं सहित अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप बेल्ट विजेता एवं छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध रेसलर प्रतीक तिवारी "द लायन" ने थाना में सप्रेम भेंट मुलाकात कर निरीक्षक भास्कर शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी। अभिवादन स्वीकार करने के बाद निरीक्षक शर्मा ने रेसलर प्रतीक तिवारी का कुशलक्षेम पूछा और उनके रेसलिंग क्षेत्र में जाने की प्रेरणा, उनके प्रशिक्षण और विभिन्न राज्यों एवं देशों के साथ उनके द्वारा खेले गये मौत के मुकाबला का अनुभव और परिणाम जाना। थाना प्रभारी ने रेसलर को प्रदेश और देश का स्टार बताते हुये मौत के मुकाबले में मिली जीत की बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बताते चलें कि रेसलर प्रतीक तिवारी नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मां शंवरीन दाई की पावन धरा ग्राम अमोरा ( महंत) के मूल निवासी हैं। इन्होंने द ग्रेट खली के चंडीगढ़ पंजाब स्थित प्रशिक्षण केंद्र में चार वर्षों तक कठिन प्रशिक्षण प्राप्त कर मौत के मुकाबले में देश - विदेश के रेसलरों का छक्का छुड़ाकर अपने गांव के साथ ही साथ देश और प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पुलिस विभाग द्वारा कानून व्यवस्था में कसावट लाने के लिये निरीक्षक शर्मा का जशपुर से नवागढ़ तबादला किया गया है। थाना परिसर में अपने संक्षिप्त मुलाकात के दौरान नवागढ़ थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने विशेष चर्चा में अरविन्द तिवारी से कहा कि क्षेत्र में जुआ और सट्टा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पीड़ितों को न्याय दिलाने उनकी पहली प्राथमिकता होगी। निरीक्षक शर्मा ने कहा कि थाना परिसर में वे गरीब एवं पीड़ितों की समस्या सुनने के लिये हमेशा उपस्थित रहते हैं और पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा उनका प्रयास रहता है कि गरीब और पीड़ित व्यक्ति को थाना स्तर से ही न्याय मिल जाये क्योंकि थाना में आने वाले हर पीड़ित व्यक्ति को यही लगता है कि थाने से हमें न्याय मिल जाये और उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के पास जाना ना पड़े। क्योंकि थाना नजदीक है जहाँ आने पर न्याय मिल जाये तो गरीब व्यक्ति के लिये इससे ज्यादा और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उनका बेहतर पुलिसिंग करने का प्रयास रहेगा। अंत में नवपदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधो में अंकुश लगाना , अवैध शराब - जुआ - सट्टे पर कार्रवाई करना , थाना आने वाले पीड़ितों का समस्या सुनते हुये रिपोर्ट दर्ज कर न्याय दिलाना , न्यायालय से जारी स्थाई वारंटियों की धरपकड़ कर न्यायालय में पेश करना , क्षेत्र में पुलिस के प्रति अच्छा माहौल बनाना , थाना क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को अच्छे तरीके से सुचारू करना , एक्सीडेंट स्पॉट को चिन्हांकित कर हल निकालना ये सभी मेरी जिम्मेदारी रहेगी।
: शादी डाट काम में नौकरी के नाम पर ठगी करने का आरोपी जेल दाखिल
Tue, Jun 11, 2024
जांजगीर चाम्पा - शादी डाट काम में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी को नवागढ़ पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस प्रकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया प्रार्थी रामचरण यादव निवासी मिसदा के द्वारा थाना नवागढ़ आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि क्रांति कश्यप , शरद कश्यप , योगेश्वर के द्वारा शादी कॉम में नौकरी लगवाने के नाम पर धोखा देकर इंडसंड बैंक में झारखंड ले जाकर प्रार्थी का खाता खुलवाया और प्रार्थी से 5000 रूपये भी लिये। खाता खुलवाने के बाद उक्त खाता के एटीएम को आरोपीगण अपने पास रख लिये। खाता में अत्यधिक पैसे ट्रांजेक्शन होने से और मोबाइल में मैसेज आने से प्रार्थी के द्वारा आरोपियों को पूछा गया कि इतना पैसा कैसे ट्रांजेक्शन हो रहा है , तब आरोपीगण के द्वारा तुम्हारा नौकरी लगेगा उससे मतलब रखो बोलकर कुछ नही बताये। जल्द तुम्हारा नौकरी लगवा देंगे बोले। जब प्रार्थी को यह एहसास हुआ कि इसके खाता का गलत उपयोग हो रहा है तब वह बलौदाबाजार जाकर अपने खाता को बंद करवा दिया। प्रार्थी के खाता में ठगी के रकम 521000 रूपये को अपने पुराने खाता में रख लिया। तब आरोपियों के द्वारा डरा धमकाकर प्रार्थी से 468000 रूपये को वापस ले लिये। जिस पर से थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 108/23 धारा 420 , 384 , 34 भादवि. कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में आरोपी योगेश्वर , क्रांति कुमार कश्यप , शरद कश्यप की पूर्व में ही गिरफ्तारी हो चुकी है। उक्त आरोपियों से पूछताछ करने पर बताया कि ओमप्रकाश श्रीवास निवासी कुरियारी के साथ मिलकर ये लोग घटना को अंजाम देते थे और लोगो से ठगी करते थे। जो पैसा मिलता था उसको किराए में लिये अकाउंट में डलवाते थे और खा पीकर मौज मस्ती करते थे। पुलिस अधीक्षक महोदय जांजगीर चाम्पा विवेक शुक्ला (भापुसे.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी नवागढ़ पामगढ़ अनिल कुर्रे के मार्गदर्शन में आरोपी ओमप्रकाश को पकड़ने हेतु मुखबिर तैनात किया गया था। मुखबिर की सूचना पर ओमप्रकाश श्रीवास निवासी कुरियारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया , उन्होंने बताया कि किराये के अकाउंट से ठगी के पैसे का जो हिस्सा मिला उसको अपने साथियों के साथ खा पीकर मौज मस्ती किया है। एवं एक अपाचे मोटर सायकल ओमप्रकाश के द्वारा खरीदा गया था जिसे जप्त किया गया है। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा , एस आई रमेश एक्का , प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर , राधेश्याम पूर्णा , आरक्षक टूकेश्वर डड्सेना , संजय टंडन , श्याम कुमार शांतेय , सायबर से विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।गिरफ्तार आरोपी -ओमप्रकाश श्रीवास पिता संतोष श्रीवास निवासी कुरियारी थाना शिवरीनारायण जिला जांजगीर चाम्पा छत्तीसगढ़।
: गुम बालिकाओं को बरामद करने में नवागढ़ पुलिस को मिली सफलता
Tue, Jun 11, 2024
जांजगीर चाम्पा - जिले के नवागढ़ पुलिस को दस माह और छह माह पूर्व बालिकाओं के गुम (अपहृत) के दो अलग - अलग प्रकरणों में बालिकाओं को जम्मू कश्मीर से बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। दोनों अपहृत बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया है , वहीं प्रकरण में शामिल विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को नवागढ़ पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर किशोर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया पुलिस अधीक्षक महोदय जांजगीर चांपा विवेक शुक्ला (भापुसे.) के निर्देशन में गुम बालक बालिकाओं का पतासाजी के लिये लगातार अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिल कुर्रे के कुशल मार्गदर्शन में गुम बालक बालिकाओं की लगातार पातासाजी की जा रही थी। जिसमे थाना नवागढ़ के दो प्रकरण में गुम बालिकाओं का जम्मू तरफ जाने का लोकेशन प्राप्त होने से थाना नवागढ़ से टीम बनाया गया। जिसमे प्रधान आरक्षक प्रेमलाल दिवाकर , आरक्षक जनक कश्यप , महिला आरक्षक नीता महंत के टीम को जम्मू कश्मीर तरफ रवाना किया गया। जहां पर पहले प्रकरण की अपहृता 26 अक्टूबर 2023 को बिना बताये अपने घर से अज्ञात व्यक्ति के बहलाने फुसलाने से कही चली गई थी। जिस पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 320/23 धारा 363 आईपीसी कायम कर विवेचना में लिया गया था। अपहृता का लोकेशन जम्मू तरफ मिलने से टीम के द्वारा जम्मू में बरामद किया गया। पूछताछ पर अपहृता के द्वारा बताया गया की अपहृता को नाबालिक बालक के द्वारा शादी का झांसा देकर भागकर ले गया था। जिस पर विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के विरुद्ध थाना नवागढ़ में धारा 363 , 366 , 376 भादवि 4, 6 पाक्सो एक्ट कायम कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया , जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेजा गया। वहीं एक अन्य प्रकरण में अपहृता 10 जनवरी 2024 को अपने गांव से बिना बताये कही चली गई थी , जिस पर से थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 14/24 धारा 363 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। अपहृता को जम्मू कश्मीर के पास से बरामद किया गया जाकर उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। उक्त प्रकरण में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा , प्रधान आरक्षक प्रेम लाल दिवाकर , स्वाति गिरोलकर , आरक्षक जनक कश्यप , महिला आरक्षक नीता महंत , साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।