: बालको के चोटिया मेगा हेल्थ कैंप से जरूरतमंद नागरिक लाभान्वित
Fri, Sep 22, 2023
बालकोनगर, 22 सितंबर, 2023। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चोटिया खादान के परला पंचायत भवन में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया। समुदाय तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से किए गए शिविर में चिकित्सा परामर्श भी दिया गया। शिविर से लगभग 180 नागरिक लाभान्वित हुए।
शिविर में कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, ग्रामीण स्वास्थ्य समन्वयकों, सहायक कर्मचारियों और नर्सों की एक समर्पित टीम ने समुदाय को आवश्यक स्वास्थ्य उपचार एवं जरूरतमंदों को दवाएं मुफ्त में प्रदान की।
सामान्य स्वास्थ्य जांच और परामर्श प्रदान करने के साथ ही शिविर में आयुष्मान कार्ड पंजीकरण के बारे में जागरूकता फैलाने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में चोटिया के साथ-साथ परला एवं लालपुर पंचायत के 7 गाँवों के लोग शामिल हुए जिसमें उनकी आवश्यक चिकित्सा देखभाल और सेवाओं को सुनिश्चित किया गया।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि सामुदायिक भलाई और समृद्धि हमारी कंपनी की दृष्टिकोण के प्रतिबद्धता की आधारशिला है। हम व्यक्तियों को सशक्त बनाने और समुदायों को बढ़ावा देने में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा के महत्व को प्राथमिकता देते हैं। सभी के एकजुट प्रयासों से चोटिया में मेगा हेल्थ कैंप से सकारात्मक परिवर्तन संभव है। सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंदों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए बालको प्रबंधन कटिबद्ध है।
परला के सरपंच श्री जवाहर लाल मरपच्ची ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि बालको के इस पहल ने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को हमारे दरवाजे तक पहुंचा दिया है जिससे सभी को लाभ हुआ है। शिविर से स्वास्थ्य सेवा के बारे में लोगों के बीच जानकारी और जागरूकता का संचार हुआ। हम परला में शिविर आयोजित करने के लिए बालको और जिला स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। और आशा करते हैं कि भविष्य में इस तरह की पहल जारी रहेगी।
बालको की आरोग्य परियोजना स्वास्थ्य देखभाल और समुदाय की सेवा करने पर केंद्रित है। कंपनी समुदायों के लिए स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी परियोजनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। ग्रामीण स्वास्थ्य पोस्ट, एचआईवी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभियानों के माध्यम से समुदायों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करती है। विशेष परामर्श के माध्यम से सुलभ स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करते हुए कंपनी टीकाकरण और माहवारी स्वच्छता प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य शिवार और जागरूकता अभियान भी आयोजित करता है। अपनी उपचारात्मक सेवाओं के माध्यम से कंपनी वित्तीय वर्ष 2023 में 45000 से अधिक व्यक्तियों तक पहुँची।
कर्मचारी कल्याण और सामुदायिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए बालको द्वारा उठाए गए कदमों को मान्यता मिली है। कंपनी को 'हेल्दी वर्कप्लेस अवॉर्ड्स-2022' श्रेणी में प्रतिष्ठित आरोग्य वर्ल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार कर्मचारी स्वास्थ्य एवं कल्याण और देखभाल की संस्कृति के प्रति बालको की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
: राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एस. एन. केसरी के दिशा-निर्देश एवं ब्लूमबर्ग परियोजना अंतर्गत द यूनियन तकनीकी सहयोगी संस्था के सहयोग से कोरबा के होटल गणेश इन में आज समस्त विभागीय नोडल अधिकारी एवं गैर सरकारी संगठन के प्रतिनिधियों हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉक्टर कुमार पुष्पेश, नगर निगम, शिक्षा व उच्च शिक्षा विभाग, श्रम विभाग सहित, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
होटल गणेश इन में आयोजित एकदिवसीय कार्यशाला में जिला सलाहकार राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. मानसी जायसवाल द्वारा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत राज्य व जिला स्तर पर की जा रही गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि इस हेतु जिले के समस्त विभागों में नोडल अधिकारियों का चयन किया गया है। लगभग 17 विभागीय कार्यालय को तंबाकू नियुक्त घोषित किया गया है। जिले में पुलिस विभाग के समस्त थाना एवं चौकी को तंबाकू मुक्त घोषित किए गए हैं। इसी प्रकार उन्होंने शैक्षणिक संस्थान को तंबाकू मुक्त घोषित किए जाने हेतु किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थाओं को तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान की घोषित किया जा चुका है। साथ ही नियमों के उल्लंघन करने वालों पर बेहतर ढंग से कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु गठित प्रवर्तन दल का साप्ताहिक तौर पर दौरा सुनिश्चित किया गया है।
इस दौरान द यूनियन संस्था के संभागीय समन्वय संजय नामदेव द्वारा राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर लागू तंबाकू नियंत्रण हेतु अधिनियमों की जानकारी देते हुए सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003, ई सिगरेट अधिनियम 2019 एवं छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा संशोधित अधिनियम 2003 हुक्का प्रतिबंध के प्रावधानों के बारे में बताते हुए अधिकृत अधिकारियों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही तंबाकू उद्योगों द्वारा किए जा रहे हस्तक्षेप के विषय पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में उपस्थित विभाग प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव के तौर पर व्यापारी संघ होटल एसोसिएशन एवं प्राइवेट स्कूल संघ के साथ बैठक आयोजित करने के सुझाव दिए गए, जिससे तंबाकू उद्योग के द्वारा किए जा रहे प्रचार-प्रसार एवं बिना वैधानिक चेतावनी के विक्रय किए जाने वाले तंबाकू उत्पादन पर रोक लगाई जा सके। कार्यशाला में तंबाकू उत्पादों से जुड़े अधिनियम के साथ-साथ विभागीय स्तर पर जुड़े अधिनियमों का अनुपालन सुनिश्चित किए जाने हेतु चर्चा की गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, म्युनिसिपल एक्ट रेलवे एक्ट अधिनियम सहित अन्य विभागों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्रावधान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
: सीईओ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई आयोजित
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003, ई-सिगरेट अधिनियम 2019 एवं हुक्का प्रतिबंध सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही तंबाकू उत्पादों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव का व्यापक प्रचार प्रसार किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सीईओ श्री विश्वदीप ने बैठक में तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के क्रियान्वयन हेतु ग्राम सभा के एजेंट को भी शामिल किए जाने की बात कही तथा तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थाओं के क्रियान्वयन को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केसरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।