: जिले में अब तक 924.0 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई दर्ज
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ जिले में 01 जून से अब तक 924.0 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिले में बीते 10 वर्षों की तुलना में 19 सितंबर तक औसत वर्षा 1071.9 मिमी हुई है। बीते 24 घण्टे में जिले में 1.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से अब तक तहसील कोरबा में 942.6 मिमी, भैंसमा में 985.8 मिमी, करतला में 956.0 मिमी, कटघोरा में 1001.2 मिमी, दर्री में 1037.6 मिमी, पाली में 756.2 मिमी, हरदीबाजार में 770.0 मिमी, पोड़ी-उपरोड़ा में 902.8 मिमी एवं पसान में 963.6 मिमी वर्षा हो चुकी है। अब तक सर्वाधिक वर्षा दर्री तहसील में दर्ज की गई है।
: आयुष्मान भवः अभियान के तहत जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य मेले का किया जा रहा आयोजन
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा सितंबर 2023/ भारत शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी के नेतृत्व मे जिले में विभिन्न स्वास्थ्य देखभाल एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन हेतु आयुष्मान भवः अभियान का संचालन किया जा रहा है। आयुष्मान भवः अभियान के तहत आयुष्मान मेला का आयोजन जिले में दो स्तर पर किया जा रहा है। जिसके प्रथम स्तर पर आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स में जैसे एनसीडी/टी.बी./लेप्रोसी तथा मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ आम लोगों को उपलब्ध करायी जा रही है। इसी प्रकार द्वितीय स्तर पर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में साप्ताहिक रूप से मेडिकल कॉलेज के शिशु रोग, शल्य चिकित्सा, नाक-कान-गला रोग, चर्म रोग तथा दंत चिकित्सक सहित अन्य रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में पदस्थ चिकित्सकों के माध्यम से मरीजों की स्क्रीनिंग, जाँच एवं आवश्यक स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों के स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष्मान भवः अंतर्गत स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज कोरबा के रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। इसी प्रकार 22 सितंबर 2023 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताड़ी, 27 सितंबर 2023 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा, 04 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पोड़ी-उपरोड़ा, 09 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला, 16 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली तथा 26 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दीपका में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की स्क्रीनिंग कर निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने एवं वितरण का कार्य भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भवः के तहत 02 अक्टूबर 2023 को जिले के ग्रामों में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं का प्रचार-प्रसार और जानकारी दी जायेगी आयुष्मान भवः गतिविधियों के सफल संचालन हेतु खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार एवं सीएमएचओ डॉ. केसरी ने जिले के नागरिकों से सभी सामुदायिक सहित अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष्मान भवः कार्यक्रम के अंतर्गत लगने वाले स्वास्थ्य मेला में उपस्थित होकर विशेषज्ञों से स्वास्थ्य जांच कराने की अपील किया है। साथ ही आयुष्मान कार्ड से वंचित हितग्राहियों को मेले में भाग लेकर आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु प्रेरित किया है।
: नाराज भू विस्थापितों ने सीएमडी और जिला प्रशासन का फूंका पुतला
Fri, Sep 22, 2023
कोरबा। छत्तीसगढ़ किसान सभा, भू विस्थापित रोजगार एकता संघ और भूविस्थापितों के अन्य संगठनों के आह्वान पर 11 और 12 सितंबर को कोयले की आर्थिक नाकाबंदी की गई थी। आंदोलन के दबाव में एसईसीएल प्रबंधक को झुकना पड़ा था और जिला प्रशासन की मध्यस्थता में 21 सितम्बर को आंदोलनकारियों की तमाम मांगों पर वार्ता कर भू विस्थापितों के समस्याओं के निराकरण का आश्वाशन दिया था लेकिन बिना किसी चर्चा के बैठक को स्थागित कर दिया गया जिससे भू विस्थापितों का आक्रोश और बढ़ गया है किसान सभा के नेतृत्व में भू विस्थापितों ने कुसमुंडा और गेवरा महाप्रबंधक कार्यालय के सामने एसईसीएल के सीएमडी प्रेम सागर मिश्रा और जिला प्रशासन का पुतला फूंक कर आगे खदान महाबंद के साथ कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी दी है।उल्लेखनीय है कि रोजगार,पुनर्वास,पुनर्वास गांव में काबिज भू विस्थापितों को पट्टा और अनुपयोगी भूमि की वापसी से जुड़ी मांगों पर पिछले दो सालों से यहां आंदोलन चल रहा है। आंदोलन के दबाव में एसईसीएल प्रबंधन भूविस्थापितों को आश्वासन तो देता रहा है, लेकिन उस पर उसने कभी अमल नहीं किया। इस बार भी प्रबंधन और प्रशासन ने भू विस्थापितों को धोका देने का काम किया है।इससे भू विस्थापितों का आक्रोश बढ़ गया है।
किसान सभा ने खनन प्रभावित 54 गांवों के भू विस्थापितों से पुनः सड़क पर उतर कर खदान बंद के साथ कलेक्ट्रेट घेराव के साथ आर पार की लड़ाई लड़ने का आह्वाहन किया है।माकपा के जिला सचिव प्रशांत झा ने कहा कि रोजगार और पुनर्वास की कीमत पर और ग्रामीणों की लाशों पर एसईसीएल प्रबंधन को मुनाफा कमाने नहीं दिया जाएगा और सार्वजनिक क्षेत्र के नाते सामाजिक कल्याण की जिम्मेदारी को पूरा करने उसे मजबूर किया जाएगा रोजगार और पुनर्वास की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की भी है की एसईसीएल पर लगाम लगाने में जिला प्रशासन पूरी तरह नाकाम है। सीएमडी के अधीनस्थ अधिकारियों का ध्यान केवल कोयला उत्पादन बढ़ाने में है भू विस्थापितों को रोजगार,बसावट के साथ अन्य सुविधाओं के लिए केवल गुमराह किया जा रहा है।किसान सभा के नेता जवाहर सिंह कंवर और दीपक साहू ने कहा कि आगे भी सभी भू विस्थापित एकजुट होकर आंदोलन करेंगे तभी भू विस्थापितों को उनका अधिकार मिल पाएगा। एसईसीएल को कार्य धरातल में करना होगा अगर इस बार प्रबंधन का आश्वाशन झूठा नहीं चलेगा आगे और उग्र आंदोलन के लिए सभी तैयार रहे।
पुतला दहन में प्रमुख रूप से रेशम यादव,दामोदर श्याम,जय कौशिक,अनिल बिंझवार,बसंत चौहान,मोहन यादव,हरिहर पटेल,शिवदयाल कंवर,यशवंत कंवर,प्रमोद पैकरा,राजेश कंवर,विकास सिंह के साथ बड़ी संख्या में भू विस्थापित उपस्थित थे।