: हरेली तिहार में पशु चिकित्सा विभाग कोरबा द्वारा गौठानों में शिविर का होगा आयोजन
Sun, Jul 16, 2023
कोरबा / छ ग शासन के निर्देशानुसार 17 जुलाई सोमवार को जिले में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक उत्सव हरेली तिहार सभी गौठानो मे विधि विधान एक साथ मनाया जाएगा। इस संबंध मे पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ एस पी सिंह द्वारा जिले के सभी पशु चिकित्सकों एवं संस्था प्रभारियों की वर्चुअल बैठक कर इस संबंध मे दिशा निर्देश दिया गया। कार्यक्रम मे पशु चिकित्सा शिविर के साथ पशुधन विकास विभाग की योजनाओ को व्यापक रूप से प्रचारित करने निर्देश दिए गए हैं । इसके साथ ही शासन के निर्देशनुसार सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधिओं को भी आमंत्रित करने कहा गया है। हरेली तिहार पर आयोजित कार्यक्रम में पशुओं की पूजा के साथ उनका कृमिनाशक दवापन किया जाना प्रमुखता से सम्मिलित है। साथ ही सभी गौठानों मे उपस्थित पशुओं का किलनीनक्षक का छिड़काव भी किया जाएगा। पशुपालकों से चर्चा अनुसार समस्या निदान सह दवा वितरण करने के साथ मौके पर पशुपालन हेतु किसान क्रेडिट कार्ड हेतु भी आवेदन लिए जाएंगे। हरेली तिहार का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को फसल चराई से बचाने हेतु अपने पशुओं का रोक छेका हेतु प्रोत्साहित करना है । उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं कोरबा द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने सभी पशुपालकों और चरवाहों से अपने पशुओं के साथ गौठानो मे उपस्थति हेतु अनुरोध किया गया है।
: इव्हीएम-वीवीपैट प्रदर्शित कर मतदाताओं को वोट डालने किया जा रहा जागरूक
Sun, Jul 16, 2023
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए ईव्हीएम एवं वीवीपैट के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन जागरूकता हेतु जिला कार्यालय में ईव्हीएम एवं वीवीपैट से आम मतदाताओं को रूबरू कराया जा रहा है। कलेक्ट्रेट आने वाले आम मतदाता मशीन का अवलोकन करने के साथ ही इव्हीएम का बटन दबाकर वोट डालना सीख रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजीव कुमार झा के द्वारा जिला कार्यालय कोरबा में ईव्हीएम डेमोंस्ट्रेशन का शुभारंभ 10 जुलाई को मॉक वोट डालकर किया गया था। विगत एक सप्ताह से जिले के नागरिकों और मतदाताओं ने इव्हीएम से वोट डालने और वीवीपैट के विषय में जानकारी हासिल की। पहली बार मतदाता बने युवाओं ने भी कौतुहलवश इव्हीएम और वीवीपैट के विषय में जानकारी ली। उन्होंने अपने सवालों से अनेक जिज्ञासाओं को भी पूरा किया। मौके पर उपस्थित मास्टर्स ट्रेनर्स के माध्यम से प्रदर्शन स्थल पर कोई भी व्यक्ति ईव्हीएम एवं वीवीपैट कार्यप्रणाली तथा मतदान की प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी ले सकते हैं। गौरतलब है कि कलेक्टर ने निर्वाचन से जुड़े कार्यों को उच्च प्राथमिकता और बहुत ही गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से वोट डालने के संबंध में जानकारी व प्रदर्शन को व्यापक रूप से आमजनों तक पहुचाने के निर्देश देकर इसके लिए मास्टर्स टेनर्स की ड्युटी लगाने, तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को नोडल बनाते हुए ईवीएम को लाने ले जाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के साथ स्ट्रांग रूम एसडीएम कार्यालय में बनाने तथा लॉगबुक के माध्यम से समय अंकित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर श्री झा ने नये मतदाताओं को भी ईव्हीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन का लाभ उठाकर वोट डालने की विधि को जानने तथा सभी मतदाओं को अपने अधिकार के लिए जागरूक रहने की अपील की है।*18 से मोबाइल वैन के माध्यम से होगा ईव्हीएम एवं वीवीपैट का डेमोंस्ट्रेशन*जिले में स्वीप मतदाता जागरूकता अभियान के साथ ही जिले के मतदाताओं को मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से ईव्हीएम एवं वीवीपैट की जानकारी मिलेगी। 18 जुलाई से यह जिले के सभी तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा। मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से कोई भी व्यक्ति ईव्हीएम एवं वीवीपैट कार्यप्रणाली तथा मतदान की प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी ले सकते हैं।