: विकलांग जनों की सेवा हेतु हम हमेशा तैयार- हितानंद
Fri, Jun 28, 2024
क्या आपने कभी सोचा है कि अगर घर का मुखिया पैरों से लाचार हो जाए तो घर को कौन चलाएगा। ऐसा ही वाकया वार्ड क्रमांक 35 में हुआ। जहां एक गरीब व्यक्ति लक्ष्मण चौहान जो कि घर-घर घूम कर ब्रेड बेचने का काम करता था। बीमारी की वजह से इसका एक पर नहीं रहा। जिससे उसकी आजीविका का साधन समाप्त हो गया, घर का गुजर बसर भी बड़ी मुश्किल से हो पा रहा था। आए दिन वह कई लोगों के पास सहायता के लिए दौड़ता रहा। लोगों ने कई प्रकार से उसकी मदद भी की। अपने वार्ड के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल जी के यहां भी वह सहायता के लिए पहुंचा। हितानंद अग्रवाल ने सामर्थ्य विकास योजना के तहत प्रयास कर उसके जीवकोपार्जन के लिए इलेक्ट्रॉनिक ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। आज लक्ष्मण चौहान साइकिल पाकर बेहद खुश है। पूछने पर उसने बताया कि पैर न होने की वजह से वह अपना काम नहीं कर पा रहा था। इलेक्ट्रॉनिक ट्राई साइकिल मिलने से उसके जीवन में नई किरण आई है, अब वह अपना पुराना काम इस साइकिल के माध्यम से कर सकेगा। बातचीत में हितानंद अग्रवाल ने बताया कि विकलांग जनों की सेवा हेतु हम हमेशा तैयार हैं, जब लक्ष्मण चौहान सहायता के लिए उनके पास पहुंचा और अपने परिवार की स्थिति बताई तो उनसे रहा नहीं गया। उन्होंने तुरंत समाज कल्याण विभाग में संपर्क कर उसे योजना का लाभ दिलाया।
: बालको ने विश्व योग दिवस पर किया विभिन्न योगाभ्यास शिविर का आयोजन
Wed, Jun 26, 2024
बालकोनगर, 21 जून, 2024।* वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए। कंपनी के सामुदायिक विकास विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न योगाभ्यास शिविर में लगभग 700 लोगों ने हिस्सा लिया। योग में बालको के कर्मचारियों उनके परिवारजनों, व्यावसायिक साझेदारों तथा स्थानीय लोगों ने आयोजन में शिरकत की।
कंपनी ने योग का शिविर के माध्यम से कवर्धा, मैनपाट, और बालको के वेदांता स्किल स्कूल में योग शिविर का आयोजन कर युवाओं को योग के प्रति प्रोत्साहित किया। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा संचालित नंद घर के नन्हें बच्चों में योग की समझ विकसित करने के उद्देश्य 21 नंद घर में योग्याभ्यास का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देन के लिए संचालित आरोग्य परियोजना तथा माहवारी स्वास्थ्य एवं प्रबंधन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने वाली नयी किरण परियोजना के अंतर्गत आयोजित विभिन्न योग शिविर में किशोर युवक और युवतियों ने बढ़-चढ़ के हिस्सा लिया।बालको मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने सभी को उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ने भारत की प्राचीन विद्या योग को मान्यता दी है। योग साधना सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखने का जरिया नहीं है बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक उन्नति का जरिया भी है। योग विद्या ने विश्वभर में नई ऊंचाइयों को छूआ है। उन्होंने कहा कि बालको प्रबंधन द्वारा प्रति वर्ष विश्व योग दिवस के अवसर पर बालकोनगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से शिविर का आयोजन प्रशंसनीय है।
सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए योग विशेषज्ञ प्रीति मंडल ने कहा कि बालको में आयोजित 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह मेरे लिए बेहतरीन अनुभव रहा जिसका हिस्सा बनने पर मुझे गर्व है। उन्होंने कहा कि निरंतर योग करने से मन में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है जो हमारे तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है।योग विशेषज्ञों ने सभी योग साधकों को सूर्य नमस्कार, मक्रासन, कपालभाति, अनुलोम विलोम, ताड़ासन, सेतु बंध, स्कंध चक्र, शवासन, प्राणायाम, ध्यान, संकल्प, शांति पथ आदि योगासन का अभ्यास कराया। सभी योग साधकों ने जीवनशैली में नियमित रूप से योग को अपनाने का निश्चय किया।
: जनता का 500 करोड़ खा गए महापौर-- हितानंद
Tue, Jun 18, 2024
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल से कोरबा क्षेत्र में जल व्यवस्था को लेकर बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि हमारे जीवन में सड़क, बिजली, एवं पानी यह तीन मूल भूत सुविधा अत्यंत आवश्यक है। जिनके बिना जीवन संभव नहीं दिखता। इसमें से पानी की व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 500 करोड रुपए नगर निगम कोरबा को आवंटित किया। लेकिन आज स्थिति ऐसी है कि पूरे नगर निगम क्षेत्र के किसी भी वार्ड के किसी भी घर में 10- 15 मिनट से ज्यादा पानी नहीं आता। लगता है जनता का 500 करोड रुपए महापौर अपने आकाओं के साथ मिलकर खा गए। अधिकारियों कर्मचारियों से पूछने पर पता चलता है कि पानी की टंकी को भरने का काम ही व्यवस्थित नहीं है। किसी भी दिन पानी की टंकी पूरी भर नहीं पाती है। नगर निगम का जल वितरण विभाग ऐसी कौन सी व्यवस्था करके रखा है कि पानी की टंकियां तक पूरी नहीं भर पाती, जिससे जल वितरण किया जा सके। लोग परेशान हैं। आलम यह है कि नगर निगम को अपने सभी टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति अनेकों मोहल्ले में करनी पड़ रही है। जिससे आए दिन बस्तियों में झगड़े का माहौल बना रहता है। इन समस्याओं से जनता को परेशान होता देख नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने महापौर को पत्र लिखा एवं आंदोलन की चेतावनी दी, कि यदि 15 दिवस के अंदर महापौर ने जल वितरण व्यवस्था ठीक नहीं कराई, तो अन्य पार्षदों के साथ बृहद धरना प्रदर्शन होगा।