: छग में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने ली शपथ
Wed, Dec 13, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कुनकुरी विधायक और भाजपा विधायक दल के नेता चुने गये विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , आधा दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन ने साय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। साय ने ईश्वर की शपथ लेते हुये हिंदी में शपथ ग्रहण किया। सीएम साय के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने भी शपथ ग्रहण किया। अरूण साव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही लोरमी सीट से विधायक चुने गये हैं , वहीं विजय शर्मा कवर्धा सीट से जीतकर आये हैं। तीनों नेताओं के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी मंच पर एक कोने से दूसरे कोने तक गये और लोगों का अभिवादन किया।इस दौरान प्रधानमंत्री ने भूपेश बघेल के अलावा मंच पर मौजूद किसी भी नेता से हाथ नही मिलाया। शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की कुर्सी बीच में लगाई गई थी। मंच पर पहुंचते ही मोदी की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने प्रोटोकॉल को तोड़ते हुये खुद की राज्यपाल की कुर्सी बीच में कर दी और स्वयं उनकी बगल में बैठे गये। भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान साधु समाज को विशेष उपस्थिति और मंच प्रदान किया गया था। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया। शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी , केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले , उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा , उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत , त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा , प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और निवर्तमान डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह पर अतिथियों के पहुंचने से पहले ईश्वर साहू छाये रहे। साहू साजा सीट से पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रविंद्र चौबे को हराकर विधायक बने हैं। बृजमोहन और अजय चंद्राकर जैसे वरिष्ठ नेता भी उनके साथ जनता का अभिवादन करते नजर आये। इस शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति रहीं , वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर आई थीं। इन महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह छलक रहा था। महिलाओं से पूछने पर इन्होंने बताया कि हम लोग आज खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने संसद में महिलाओं के लिये नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करा महिलाओं की मजबूती का रास्ता तैयार कर दिया है। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ मंत्रालय पहुंचे। जहां उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना के बाद पदभार ग्रहण किया। सीएम और दोनों डिप्टी सीएम के मंत्रालय पहुंचने के साथ ही कैबिनेट की बैठक की संभावना जताई जाने लगी थी , लेकिन कैबिनेट की बैठक गुरुवार को होगी। मंत्रालय से निकलते हुये सीएम विष्णुदेव ने मीडिया के सामने जनता सहित सभी का आभार जताया। सीएम ने बताया कि मंत्रालय में पूजा अर्चना किया। गुरुवार कैबिनेट की बैठक होगी। आज सेक्रेटरी की परिचयात्मक बैठक ली और आज कोई निर्णय नहीं लिया गया है।पंच से सीएम तक का सफरछत्तीसगढ़ के कुनकुरी क्षेत्र के कांसाबेल से लगे ग्राम बगिया जिला जशपुर के रहने वाले विष्णुदेव साय पेशे से किसान हैं। इनके पिता का नाम राम प्रसाद साय और माता का नाम श्रीमती जशमनी देवी साय है जबकि इनके जीवन साथी का नाम कौशल्या देवी है। इनका जन्म 21 फरवरी 1964 को हुआ , इनकी रुचि बैडमिंटन , फुटबॉल , किताबें पढ़ना , आदिवासियों का उत्थान और उनके विकास के लिये काम करना , गरीबों की सेवा करना है। इनकी गिनती रमन सिंह के करीबी लोगों में होती है। वर्ष 1989 में अपने गांव बगिया से पंच पद से राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले विष्णुदेव साय 1990 में निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुये थे। इसके बाद तपकरा से विधायक चुनकर 1990 से 1998 तक वे मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद 1999 में वे तेरहवीं लोकसभा के लिये रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुये। इसके बाद भाजपा ने उन्हें वर्ष 2006 में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके बाद वर्ष 2009 में पन्द्रहवीं लोकसभा के लिये हुए चुनाव में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से फिर से सांसद बने। इसके बाद 2014 में सोलहवीं लोकसभा के लिये वे फिर से रायगढ़ से सांसद बने। इस बार केंद्र में मोदी की सरकार ने उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री , इस्पात खान , श्रम , रोजगार मंत्रालय का कार्यभार सौंपा। वे 27 मई 2014 से 2019 तक इस पद पर रहे। पार्टी ने 02 दिसंबर 2022 को उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया। इसके बाद 08 जुलाई 2023 को भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया। विष्णुदेव साय 2020 में भी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं , सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। विष्णुदेव साय की इसी मजबूत प्रोफाइल की वजह से उन्हें पार्टी ने सबसे बड़ा पद दिया है।
: भारतीय गौ क्रांति मंच की प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न
Wed, Dec 13, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - जगद्गुरु शंकराचार्यों द्वारा गत माह 20 नवंबर 2023 को रामलीला मैदान , दिल्ली धर्म-संसद से गौ माता को राष्ट्रमाता के पद पर अनुमोदित कर केंद्र सरकार से संवैधानिक सम्मान दिलाने हेतु मांग रखा गया है। इसी विषय को लेकर भारतीय गौ क्रांति मंच-छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में श्रीराम मंदिर , वीआईपी रोड़ रायपुर में छत्तीसगढ़ स्तरीय गोष्ठी संपन्न हुई। भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रचार प्रमुख झनक लाल बिसेन ने चर्चा करते हुये अरविन्द तिवारी को बताया कि इस गोष्ठी में सर्व सहमति से कई कार्य योजना क्रियान्वयन करने हेतु निर्णय लिये गये। जिसमें छत्तीसगढ़ नवनिर्वाचित छत्तीसगढ़ सरकार विधानसभा में गौमाता को-राज्य गौमाता संवैधानिक रूप से पारित करे और केंद्र सरकार को गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने हेतु विधानसभा से अपना प्रस्ताव केंद्र को भेजें। निर्वाचित राज्य सरकार विधानसभा में शिक्षा प्रणाली में गौ विज्ञान सम्मत शिक्षा को सम्मिलित करने प्रस्ताव पारित करे। निर्वाचित राज्य सरकार गौ सेवा आयोग का दायित्व योग्य प्रतिनिधि को सौंपे। निर्वाचित राज्य सरकार जिस घर में गाय हो , उसी को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु विधानसभा में प्रस्ताव पारित करें। इसके अलावा भारतीय गौ क्रांति मंच संगठन द्वारा छत्तीसगढ़ के पांच स्थानों से जन जागरण गौ यात्रा निकलने पर सहमति दी गई। इस गोष्ठी में बारह जिलों के 150 गौ प्रतिनिधि शामिल हुये , जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नवीन अग्रवाल , प्रचार प्रमुख झनक लाल बिसेन , उमेशानंद महाराज , कार्यकारिणी अध्यक्ष विपुल शर्मा , महामंत्री राजा पांडे , ओमेश बिसेन , गायत्री परिवार उपजोन समन्वयक सीपी साहू , प्रेम शंकर गौठिया , दिलीप पाणिग्रही विशेष रूप से उपस्थित थे।
: पुरी शंकराचार्यजी के छग प्रवास पर होगा भव्य स्वागत
Sun, Dec 10, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - पुरी शंकराचार्यजी के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के मद्देनजर कार्यक्रम को सफल बनाने आज श्रीसुदर्शन संस्थानम् , शंकराचार्य आश्रम, रावाभांठा रायपुर में आज प्रदेश कार्यकारिणी के नेतृत्व में जिला एवं जोन प्रमुखों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की अतिआवश्यक बैठक रखी गई। इस बैठक में शंकराचार्य भगवान के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही सांगठनिक चर्चा भी हुई। बताते चलें अपने तीन दिवसीय रायपुर प्रवास के दौरान ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरू शंकराचार्य पूज्यपाद स्वामी श्रीनिश्चलानन्द सरस्वतीजी महाराज का 01 जनवरी 2024 को सुबह सात बजे अमरकंटक एक्सप्रेस से भोपाल से राजधानी आगमन होगा। यहां पहुंचते ही रेल्वे स्टेशन पर शिष्यों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। स्वागत पश्चात वे श्रीसुदर्शन संस्थानम् , प्रांतीय कार्यालय , रावांभाठा रायपुर के लिये रवाना हो जायेंगे। इसी दिन दोपहर बारह बजे दर्शन , दीक्षा , प्रेसवार्ता और शाम पांच बजे संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित है। दूसरे दिन 02 जनवरी को पूर्वाह्न ग्यारह बजे से हिन्दू राष्ट्र धर्म सभा और दीक्षा कार्यक्रम एवं शाम पांच बजे प्रांतीय संगोष्ठी आयोजित होगी। वहीं रायपुर प्रवास के तीसरे और अंतिम दिवस 03 जनवरी को शंकराचार्य आश्रम में पूर्वाह्न ग्यारह बजे से दर्शन , दीक्षा एवं संगोष्ठी संपन्न होगी। इसके पश्चात इसी दिन शाम चार पुरी शंकराचार्यजी आश्रम से रायपुर स्टेशन के लिये रवाना होंगे , जहां से वे इंटरसिटी एक्सप्रेस से पुरी के लिये रवाना हो जायेंगे। आज के बैठक में कार्यक्रम प्रभारी संदीप पाण्डेय , पीठ परिषद छग प्रदेशाध्यक्ष नवनीत तिवारी , आदित्यवाहिनी छग प्रदेशाध्यक्ष टीकाराम साहू , रोशन अवस्थी , आनन्दवाहिनी छग प्रदेशाध्यक्षा एवं राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती सीमा तिवारी , किरण शुक्ला , हीना पांडेय , गोकृति तिवारी , प्रिया ठाकुर , रूद्रानंद महाराज , राकेश राजगड़िया , विजय शर्मा , भोला तिवारी , मारुती शर्मा , संजय सिंह , उत्तम शर्मा , कुलदीप शर्मा , नरेन्द्र शुक्ला , गुलशन साहू विशेष रूप से उपस्थित थे।