: भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबला आज से
Wed, Jun 7, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टकेनिंगटन (लंदन) - वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 07 जून से 11 जून तक लंदन के केनिंगटन ओवल मैदान में खेला जायेगा। मैच की शुरुआत भारतीय समयनुसार आज दोपहर तीन बजे से होगी। इन दिनों खेली जा रही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया 152 पॉइंट के साथ अंक तालिका में पहला स्थान पर है जबकि टीम इंडिया अंक तालिका में 127 बिंदु के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। बीस साल बाद आज भारत और ऑस्ट्रेलिया आईसीसी टूर्नामेंट्स के फाइनल में भिड़ने वाले हैं। इससे पहले दोनों के बीच वनडे वर्ल्ड कप 2003 का फाइनल मुकाबला खेला गया था।विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का यह दूसरा फाइनल का समय है। पहले फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत हुई थी , जिसमें न्यूज़ीलैंड चैंपियन बना था। दूसरे में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने उतरेगी। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इस बार जीत की उम्मीद कर रही होगी। वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया इस आईसीसी ट्रॉफी को अपने कैबिनेट में भी शामिल करना चाहेगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के लिये आईसीसी ने एक दिन का रिजर्व डे भी रखा है। आईसीसी के क्रिकेट महाप्रबंधक वसीम खान ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा - हम उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम साफ रहे ताकि हमें सभी पांच दिन में अच्छा क्रिकेट देखने को मिले। हालांकि हमने मौसम के कारण बाधा की भरपाई के लिये एक ‘रिजर्व डे’ भी रखा है। यदि खेल के दिनों में बारिश आती है और तय ओवर से कम का ही खेल हो पाता है तथा टेस्ट मैच का परिणाम अंतिम दिन भी नहीं निकाल पाता है , तब अंपायर खेल को रिजर्व डे में ले जा सकते हैं। रिजर्व डे का उपयोग तभी किया जायेगा जब प्रत्येक दिन में तय ओवर से कम का खेल हुआ हो। रिजर्व डे के दिन बचे हुये ओवर का उपयोग किया जायेगा। रिजर्व डे के बारे में रेफरी रेगुलर डे के पांचवें दिन मैच खत्म होने से एक घंटे पहले बतायेंगे। यदि बारिश के कारण टेस्ट मैच का परिणाम नहीं निकल पाया तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जायेगा। इसके बाद दोनों टीमों में पुरस्कार राशि बांट दी जायेगी। टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का खिताब जीतने वाली टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानि 13 करोड़ रुपये से अधिक की राशि तो उपविजेता टीम को 08 लाख डॉलर यानि साढ़े छह करोड़ रुपये मिलेंगे। यदि मैच ड्रा रहा तो दोनों टीमों को साढ़े छह करोड़ रुपये ही मिलेंगे। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के हेड टू हेड पर नजर डालें तो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 106 टेस्ट मैच खेले गये हैं। जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 44 और इंडिया ने 32 मैचों में जीत दर्ज की है , वहीं 29 मैच ड्रॉ हुये हैं और 01 मैच टाई रहा है।अगर हम ओवल मैदान पर खेलने के अनुभव की बात करें तो इंग्लैड के द ओवल मैदान पर टीम इंडिया ने 14 और ऑस्ट्रेलिया ने 38 टेस्ट मैच खेले हैं , इस तरह से ऑस्ट्रेलियाई टीम को यहां खेलने का अनुभव अधिक है। द ओवल मैदान पर टीम इंडिया ने 14 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें से उसे दो मैच में जीत मिली है जबकि पांच मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है और वहीं सात मैच ड्रॉ रहे हैं। उधर ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर 38 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें उसने सात टेस्ट मैच जीते हैं और 17 में उसे हार मिली है , जबकि 14 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में भी कह सकते हैं कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को यहां खेलने का अनुभव अधिक है। बताते चलें कि भारत दूसरी बार , जबकि ऑस्ट्रेलिया पहली बार फाइनल में पहुंचा है। दोनों ही टीमों में से कोई भी खिताब पहली बार जीतेगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीमों ने आईसीसी के अंडर-19 , टी-20 और वनडे वर्ल्ड कप समेत चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती है। दोनों ही देशों के पास आईसीसी की सबसे ज्यादा 11-11 ट्रॉफी है। ऐसे में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल जीतने वाली टीम आईसीसी के सभी मेंस टूर्नामेंट जीतने वाली पहली टीम बन जायेगी। उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का ये दूसरा फाइनल मुकाबला है। इससे पहले वर्ष 2021 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच खेला गया था , जिसमें न्यूजीलैंड को आठ विकेट से जीत मिली थी।दोनों देशों की संभावित टीमें -ऑस्ट्रेलिया टीम - पैट कमिंस (कप्तान) , स्कॉट बोलैंड , एलेक्स केरी (विकेट कीपर) , कैमरन ग्रीन , मार्कस हैरिस , ट्रैविस हेड , जोश इंग (विकेट कीपर) , उस्मान ख्वाजा , मार्नस लाबुस्चगने , नाथन लियोन , टॉड मर्फी , माइकल नेसर , स्टीव स्मिथ (वीसी) , मिशेल स्टार्क , डेविड वार्नर।भारतीय टीम - रोहित शर्मा (कप्तान) , शुभमन गिल , चेतेश्वर पुजारा , विराट कोहली , अजिंक्य रहाणे , ईशान किशन (विकेटकीपर) , केएस भरत (विकेटकीपर) , रविचंद्रन अश्विन , रवींद्र जडेजा , अक्षर पटेल , शार्दूल ठाकुर , मोहम्मद शमी , मोहम्मद सिराज , उमेश यादव , जयदेव उनादकट।
: चौथे टेस्ट में ख्वाजा के शतक के साथ आस्ट्रेलिया की सधी शुरुआत
Thu, Mar 9, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टअहमदाबाद - भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले को देखने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी स्टेडियम पहुंचे हुये थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहित शर्मा को टीम इंडिया की टेस्ट कैप सौंपी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने स्टीव स्मिथ को टीम की कैप दी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती के पचहत्तर साल पूरे हो गये हैं , इस मौके पर खास अंदाज में जश्न मनाया जा रहा है। हालांकि थोड़ी देर तक खेल का लुत्फ उठाने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी और एंथोनी अल्बानीज स्टेडियम से निकल गये। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले दिन ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 04 विकेट पर 255 रन रहा। ऑस्ट्रेलिया के ओपनर उस्मान ख्वाजा ने भारत के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक जमाया। ख्वाजा 251 गेंद पर 104 रन बनाकर नबाद लौटे जबकि कैमरून ग्रीन 49 रन की बेहतरीन पारी खेलते हुये एक छोर पर मजबूती के साथ डटे हुये हैं। ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट ट्रेविस हेड के रूप में गिरा , वे 44 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुये , उन्हें रविचंद्रन अश्विन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट मार्नस लाबुशेन के रूप में गिरा , वे महज 03 रन बनाकर आउट हुये , मोहम्मद शमी ने लाबुशेन को शिकार बनाया। ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट स्टीव स्मिथ के रूप में गिरा , वे 135 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुये , स्मिथ को जडेजा ने शिकार बनाया। आस्ट्रेलिया का चौथा विकेट हैंड्सकॉम के रूप में गिरा , उनको शमी ने 17 रन पर आउट कर दिया। इस प्रकार से भारत की ओर से शमी को दो विकेट मिले , जबकि अश्विन और जडेजा को एक-एक विकेट मिला। इस सीरीज के दूसरे दिन का मुकाबला शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि इस सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे चल रही है।भारतीय टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। उसने नागपुर में पहला टेस्ट पारी और 132 रन से अपने नाम किया था। उसके बाद दिल्ली टेस्ट को उसने छह विकेट से अपने नाम कर लिया था।ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इंदौर में वापसी की। उसने तीसरे टेस्ट को नौ विकेट से जीतकर सीरीज में वापसी की। भारत के लिये चौथा टेस्ट जीतना काफी जरूरी है। अगर उसे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना है तो इस टेस्ट को जीतना होगा। अगर टीम इंडिया यह मैच हारती है तो उसकी फाइनल की राह लगभग नामुमकिन हो जायेगी। खास बात यह है कि मैच में टॉस हारते ही टीम इंडिया के साथ एक सुखद संयोग बन गया है। क्योंकि इस मैदान पर अब तक टीम इंडिया ने फरवरी-मार्च 2021 के बाद से दो टेस्ट मैच खेले हैं। इन दोनों ही मैचों में टीम इंडिया टॉस हारी थी , ये दोनों टेस्ट टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले थे। जहां इंग्लैंड ने टॉस हारकर स्टीव स्मिथ की तरह पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और दोनों ही मैचों में भारतीय टीम को जीत मिली थी।भारतीय प्लेइंग इलेवन -रोहित शर्मा (कप्तान) , शुभमन गिल , चेतेश्वर पुजारा , विराट कोहली , श्रेयस अय्यर , श्रीकर भरत (विकेटकीपर) , रवींद्र जडेजा , अक्षर पटेल , रविचंद्रन अश्विन , मोहम्मद शमी , उमेश यादव।ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग इलेवन -ट्रैविस हेड , उस्मान ख्वाजा , मार्नस लाबुशेन , स्टीवन स्मिथ (कप्तान) , पीटर हैंड्सकॉम्ब , कैमरन ग्रीन , एलेक्स केरी (विकेटकीपर) , मिशेल स्टार्क , टॉड मर्फी , मैथ्यू कुह्नमैन , नाथन लियोन।
: अंतिम वनडे बेनतीजा , मेजबान टीम 1-0 से जीती सीरीज
Thu, Dec 1, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टक्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड) - भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का अंतिम वनडे और निर्णायक मुकाबला आज क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान में खेला गया। इस मुकाबले में जहां भारतीय टीम बिना कोई बदलाव किये उतरी वहीं न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुये माइकल ब्रेसवेल की जगह एडम मिल्ने को चुना। बारिश के चलते तीसरे वनडे का परिणाम बेनतीजा रहा और मेजबान टीम 1-0 से सीरीज जीत गई। इस मुकाबले में टीम इंडिया 47.3 ओवर में 219 रन पर ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड की टीम ने 220 के टारगेट के जवाब में 18 ओवर में 104 रन बना लिये थे। टीम डकवर्थ लुईस नियम से 50 रन से आगे थी , लेकिन 20 ओवर का खेल ना हो पाने के कारण मैच का परिणाम नहीं निकला।अब भारतीय टीम बांग्लादेश के दौरे पर होगी। इसकी शुरुआत चार दिसंबर से वनडे सीरीज के साथ होगी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने धीमी शुरुआत की। शिखर धवन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिये 39 रन जोड़े। इस साझेदारी को एडन मिल्ने ने नौवें ओवर में गिल को आउट कर तोड़ा। गिल ने 22 गेंदों में 02 चौकों के जरिये 13 रन बनाये। मिल्न ने धवन को 13वें ओवर में बोल्ड किया , उन्होंने 45 गेंदों में 03 चौकों और 01 छक्के की मदद से 28 रन जुटाये। ऋष पंत (16 गेंदों में 10) और सूर्यकुमार यादव (10 गेंदों में 06) एक बार सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। पंत को डेरिल मिचेल ने 21वें और सूर्यकुमार को मिल्ने ने 25वें ओवर में पवेलियन भेजा। भारत को पांचवां झटका श्रेयस अय्यर के तौर पर लगा , जो अर्धशतक जड़ने से चूक गये। उन्होंने 59 गेंदों में 49 रन बनाये और अपनी पारी में 08 चौके ठोंके। अय्यर को 26वें ओवर में लॉकी फॉर्ग्यूसन ने अपने जाल में फंसाया। टिम साउदी ने 34वें ओवर में दीपक हुड्डा (25 गेंदों में 12) और डेरिल ने 37वें ओवर में दीपक हुड्डा (09 गेंदों में 12) का शिकार किया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और युजवेंद्र चहल ने आठवें विकेट के लिये 31 रन की साझेदार कर भारत को 200 के पार पहुंचाया। चहल ने 22 गेंदों में 08 रन बनाये और 45वें ओवर में मिचेल सेंटनर का शिकार बने। डेरिल ने 47वें ओवर में अर्शदीप सिंह (09 गेंदों में 09) को एलबीडब्ल्यू किया। सुंदर आखिरी खिलाड़ी के रूप में पवेलियन लौटे। उन्होंने 64 गेंदों में 05 चौके और 01 छक्के के दम पर 51 रन की पारी खेली। यह उनका पहला वनडे अर्धशतक है। न्यूजीलैंड के लिये एडम मिल्ने और डेरिल मिशेल ने तीन-तीन विकेट लिये। जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और मिशेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला। वहीं अपने जीत के लिये लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने 18 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बना लिये थे , जिसके बाद बारिश आ गई। तब डेवोन कॉनवे 38 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान केन विलियमसन का खाता नहीं खुला था। न्यूजीलैंड ने अर्धशतक लगाने के बाद फिन एलेन का विकेट गंवाया। उमरान मलिक की गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने उनका कैच पकड़ा। फिन एलेन ने 54 गेंद में 57 रन बनाये। इस पारी में उनके बल्ले से आठ चौके और एक छक्का निकला। अंपायर ने काफी देर बारिश रुकने का इंतजार किया लेकिन खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। जिसके परिणामस्वरूप इस मुकाबले का निर्णय बेनतीजा रहा। बता दें कि डकवर्थ लुईस पद्धति के अनुसार, मैच के नतीजे के लिए कम से कम 20 ओवर का खेल होना लाजमी है। उल्लेखनीय है पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों 07 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में भारत ने पहले खेलते हुये 307 रनों का स्कोर खड़ा किया था , जबाव में न्यूजीलैंड की टीम महज 03 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया था। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने इस सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी , जबकि दूसरा मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था।भारत प्लेइंग इलेवन -शिखर धवन , शुभमन गिल , सूर्यकुमार यादव , श्रेयस अय्यर , ऋषभ पंत , दीपक हुड्डा , वाशिंगटन सुंदर , दीपक चाहर , उमरान मलिक , अर्शदीप सिंह , युजवेंद्र चहल।न्यूजीलैंड प्लेइंग इलेवन -फिन एलेन , डेवोन कॉनवे , केन विलियमसन , डेरिल मिशेल , टॉम लैथम , ग्लेन फिलिप्स , मिशेल सेंटनर , एडम मिल्ने , मैट हेनरी , टिम साउथी , लॉकी फर्ग्यूसन।