: बुजुर्ग मां की हत्या करने वाला कुपुत्र जेल दाखिल
Tue, Oct 17, 2023
जांजगीर चांपा - शराब पीने के विवाद को लेकर हाथ मुक्का से अपने ही बुजुर्ग मां की निर्मम हत्या करने वाले कुपुत्र को बिर्रा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी अनुसार गत दिवस 15 अक्टूबर को प्रार्थी श्रवण पटेल उम्र 29 वर्ष निवासी डभराखुर्द ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उक्त दिनांक को वह अपने घर के पास ही था , वहीं थोड़ी दूर में मृतिका अवधमति पटेल का घर है , जहां दोपहर साढ़े तीन से चार बजे बजे के बीच अवधमति जोर जोर से बचाओ - बचाओ चिल्लाने लगी। वह चित् हालत में घर के दरवाजे के सामने पड़ी हुई थी और उसका बेटा अनिल पटेल को वही से घर से बाहर भागते हुये रोड तरफ देखा। अनिल पटेल शराबी प्रवृत्ति का था जो हमेशा अपनी माँ अवधमति से मारपीट करता था। पूरी शंका है कि अवधमति का उसका बेटा ही मारपीट कर हत्या कर दिया होगा। इसकी सूचना पर आरोपी के विरूद्ध थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 158/2023 धारा 302 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना थाना बिर्रा पुलिस को मिलने पर तत्काल घटनास्थल ग्राम डभराखुर्द रवाना हुआ। वहां पाया गया कि मृतिका अवधमति घर में चित् हालत में पड़ी थी , जिसकी पंचनामा कार्यवाही किया जाकर पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के संदेही अनिल पटेल उम्र 37 वर्ष निवासी डभराखुर्द को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ किया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि शराब पीने से माँ मना करती थी , जिस कारण से वह अपने मॉ को हाथ मुक्का से मारपीट कर हत्या करना बताया। विवेचना दौरान आरोपी अनिल पटेल के विरूद्ध अपराध धारा सदर का सबुत पायें जाने से बिर्रा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक संगम राम , उपनिरी के.पी. सिंह , सउनि सेखसफी उल्लह खान , आरक्षक वैभव केशरवानी , रघुवीर यादव का सराहनीय योगदान रहा।
: बालको ने संयंत्र और समुदाय के साथ मनाया स्वच्छता पखवाड़ा
Mon, Oct 16, 2023
बालकोनगर, 16 अक्टूबर, 2023। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने हाल ही में संयंत्र और समुदायों के भीतर स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए बड़े उत्साह और समर्पण के साथ स्वच्छता पखवाड़ा मनाया। दो सप्ताह चले इस अभियान में विभिन्न कार्यक्रम शामिल थीं जिनमें स्वच्छता सहायक कर्मचारियों का अभिनंदन और स्वच्छता रैलियाँ शामिल थीं, जिनका उद्देश्य स्वच्छ और हरित वातावरण को बढ़ावा देना था।स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जिम्मेदार लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बालको ने एक सम्मान समारोह के दौरान अपने स्वच्छता समर्थन और हाउसकीपिंग स्टाफ के अमूल्य योगदान को सराहा। कंपनी ने कर्मचारियों और व्यावसायिक भागीदारों सहित सहायक सफाई कर्मियों की पहचान की और उन्हें बालको संयंत्र के भीतर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देने के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए "स्वच्छता योद्धा" के रूप में सम्मानित किया। कंपनी द्वारा स्वच्छता सहयोगी स्टाफ के 30 से अधिक व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।बालको स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ वातावरण पर जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समुदायों के भीतर एक स्वच्छता रैली का भी आयोजन किया। इस रैली में 200 से अधिक समुदाय के सदस्यों ने स्वच्छता पखवाड़ा में हिस्सा लिया। विशेष रूप से इन प्रतिभागियों ने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन और इसके 'रन फॉर जीरो हंगर' में भी योगदान दिया। स्वच्छ और हरित वातावरण के लिए सड़कों पर चलते हुए सभी नें 'रन फॉर जीरो हंगर' का समर्थन किया। वन किलोमीटर वन मील (भोजन) से नंदघर के बच्चों को प्रत्येक किलोमीटर पर वन मील(भोजन) मुहैया कराया जाएगा।बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि बालको में हम स्वच्छता की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास करते हैं। हमारे पर्यावरण और हमारे सामूहिक कल्याण पर इसके गहरे प्रभाव को पहचानते हैं। स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान हमारी अटूट प्रतिबद्धता स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य के प्रति हमारे समर्पण का प्रमाण है। अपने विभिन्न पहलों के माध्यम से हमारा लक्ष्य व्यक्तिगत और सामाजिक दोनों स्तरों पर सकारात्मक परिवर्तन की सुविधा प्रदान करना है, जिससे सभी के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो सके।
बालको की कार्य संस्कृति में स्वच्छता को सर्वाधिक महत्व दिया जाता है। कंपनी 5एस पद्धति का सावधानीपूर्वक पालन करती है, जिसका उद्देश्य दक्षता और प्रभावशीलता के लिए कार्यस्थल संगठन को अनुकूलित करना है। इस ढांचे में स्वच्छता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है जिसे कार्यस्थल की दक्षता के लिए आवश्यक बताया गया है। बालको में कर्मचारी अपने कार्यस्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा सभी के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षण और निरंतर निगरानी से गुजरते हैं।
: अवैध शराब बिक्री करने के दो आरोपी जेल दाखिल
Mon, Oct 16, 2023
बिलासपुर - आरोपियों द्वारा अवैध शराब बिक्री किये जाने की सूचना पर रतनपुर पुलिस ने रेड कार्यवाही करते हुये दो आरोपियों को आबकारी एक्ट के विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर ने अरविन्द तिवारी को बताया पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर के द्वारा अवैध नशे के कारोबार तथा नशे का सेवन से निजात हेतु सभी थानो को अभियान चलाकर अवैध नशे पर लगातार कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। इसी तारतम्य में अनुविभागीय पुलिस अधीकारी कोटा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में हो रहे अवैध नशे के खिलाफ धर पकड़ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस बीच गत दिवस 13 अक्टूबर को मुखबिर के माध्यम से ग्राम सेमरा रतनपुर में दिलहरण साहू के द्वारा अवैध शराब बेचे जाने की सूचना मिली। सूचना पर तस्दीक कार्यवाही कर दिलहरण साहू के द्वारा घर के पीछे बाऊडी में बीस - बीस लीटर वाली प्लास्टिक के दो डिब्बा में चालीस लीटर कच्ची महुआ शराब तथा एक प्लास्टिक के दस लीटर वाली डिब्बा में दस लीटर यानि कुल पचास लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती 10000 रूपये बरामद किया। वहीं ग्राम बछालीखुर्द में रामप्रसाद श्रीवास के द्वारा अपने घर में भारी मात्रा में बिक्री हेतु शराब रखने की सूचना पर ग्राम बछालीखुर्द में तस्दीक कर रामप्रसाद श्रीवास के घर में एक प्लास्टिक की दस लीटर वाली जेरिकेन में दस लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती 2000 रूपये को जप्त कर कार्यवाही किया गया। दोनो आरोपीयो के विरूद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुये रतनपुर पुलिस ने दोनो आरोपीयो को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं थाना रतनपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध लोगो में जागरूकता तथा अवैध नशे के व्यापारियो पर कार्यवाही जारी है।गिरफ्तार आरोपी -दिलहरण साहू पिता संग्राम साहू उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम सेमरा थाना रतनपुर जिला बिलासपुर और रामप्रसाद श्रीवास पिता फगुआ श्रीवास उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम बछालीखुर्द थाना रतनपुर जिला बिलासपुर।