: यह चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाने के लिये - अमित शाह
Wed, Oct 18, 2023
राजनांदगांव - हमने छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने के लिये ढेर सारे काम किये हैं। मुझे मालूम है आप विकास का हिसाब-किताब नहीं करते हो। आने वाला चुनाव एक सरकार बनाने का चुनाव नहीं , आने वाला चुनाव विधायक को चुनने का नहीं है बल्कि आने वाला चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाले छत्तीसगढ़ बनाने का चुनाव है। हमें यहां विकास करने वाली सरकार चाहिये , भूपेश बघेल के शासन में ना गरीब खुशहाल है , ना आदिवासी खुशहाल है , बीजेपी की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
उक्त बातें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान में आयोजित भाजपा की परिवर्तन महासंकल्प रैली को संबोधित करते हुये कही। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बाजपेई ने बनाया और रमन सिंह ने बीमारू राज्य को विकसित राज्य बनाने का काम किया। किसानों को 14 प्रतिशत ब्याज से मुक्त कराने का काम रमन सिंह ने किया। देश में सबसे अच्छी पीडीएस छत्तीसगढ़ में लागू थी , इसलिये प्रदेश की जनता रमन सिंह को चाउर वाले बाबा के नाम से जानती है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कांग्रेस शासन के तहत मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ ‘बीमारू’ राज्य हुआ करते थे। अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ बनाया और जब हमारी सरकार बनी तो डॉ. रमन सिंह सीएम बने और पंद्रह साल के भीतर उन्होंने इस राज्य को उन्नत बनाया। भूपेश बघेल आपने क्या काम किया है विकास का हिसाब देना होगा , डेढ़ सौ दिन तक रोज़गार देने वाला राज्य रमन सिंह के समय बना। पावर सीमेंट हब बनाने का काम रमन सिंह ने किया , महिलाओं को पंचायत में पचास प्रतिशत आरक्षण दिया।गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों को नरेंद्र मोदी सरकार का फायदा मिला है। राजनांदगांव में कई विकासरुख हुये , मेडिकल कॉलेज और अन्य चीजें बनीं। हमने नक्सलवाद पर नकेल कसने का काम किया है। अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि कांग्रेस के राज में गांधी परिवार के अलावा और कोई भी खुश नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा भूपेश बघेल सरकार ने बहुत सारे वादे किये थे। उन्होंने मुफ्त गैस सिलेंडर का वादा किया था , वे पूरे राज्य में शराब पर प्रतिबंध लगाने वाले थे , बिजली बिल आधा करने का वादा किया था , क्या हुआ ? भूपेश बघेल की सरकार में ओबीसी , आदिवासी , महिला , किसान कोई भी खुश नही है बल्कि सिर्फ गांधी परिवार ही खुश है। गृहमंत्री शाह ने कहा भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दरबार का एटीएम बना रखा है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं के अधिकार का पैसा , दलित युवाओं के अधिकार का पैसा और पिछड़े वर्ग के युवा भाई बहनों के अधिकार का पैसा भी कांग्रेस के दिल्ली दरबार की तिजोरी में जाता है। केन्द्रीय गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री भूपेश पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश मे लगातार घोटाला हो रहा है , प्रदेश सरकार ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। गृहमंत्री शाह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को वर्ष 2004 से 2014 में चार सौ करोड़ रुपये दिया। नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार मे तीन लाख एक हजार करोड़ रूपये छत्तीसगढ़ को दिया। छत्तीसगढ़ मे शुद्ध पेय जल लोगो को दिया गया।अमित शाह ने बेमेतरा के बिरनपुर गांव में हुई हिंसा को लेकर प्रदेश कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि भूपेश बघेल ने तुष्टिकरण , वोट बैंक के लिये भुवनेश्वर साहू की लिंचिंग कराकर मार दिया। भुवनेश्वर साहू को न्याय दिलाने के लिये हमने ईश्वर साहू को चुनाव के मैदान में उतारा है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि भुवनेश्वर की शहादत बेकार नहीं जायेगी , उसके हत्यारों को अंजाम तक जरूर पहुंचायेंगे। पीएम मोदी को दिल्ली जाकर बताऊंगा की तीन दिसंबर को कमल खिलने वाला है।गौरतलब है कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज भाजपा की परिवर्तन महासंकल्प रैली में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने उनका स्वागत किया। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिये वे राजनांदगांव रवाना हुये। यहां उन्होंने भाजपा की परिवर्तन महासंकल्प रैली को संबोधित किया। रैली को संबोधित करने के बाद गृहमंत्री अमित शाह जिले के चारों प्रत्याशियों यानि राजनांदगांव प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह , डोंगरगढ़ से विनोद खांडेकर , डोंगरगांव से भरत वर्मा और खुज्जी की प्रत्याशी गीता साहू के नामांकन दाखिल समय भी उपस्थित रहे।
: बुजुर्ग मां की हत्या करने वाला कुपुत्र जेल दाखिल
Wed, Oct 18, 2023
जांजगीर चांपा - शराब पीने के विवाद को लेकर हाथ मुक्का से अपने ही बुजुर्ग मां की निर्मम हत्या करने वाले कुपुत्र को बिर्रा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी अनुसार गत दिवस 15 अक्टूबर को प्रार्थी श्रवण पटेल उम्र 29 वर्ष निवासी डभराखुर्द ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उक्त दिनांक को वह अपने घर के पास ही था , वहीं थोड़ी दूर में मृतिका अवधमति पटेल का घर है , जहां दोपहर साढ़े तीन से चार बजे बजे के बीच अवधमति जोर जोर से बचाओ - बचाओ चिल्लाने लगी। वह चित् हालत में घर के दरवाजे के सामने पड़ी हुई थी और उसका बेटा अनिल पटेल को वही से घर से बाहर भागते हुये रोड तरफ देखा। अनिल पटेल शराबी प्रवृत्ति का था जो हमेशा अपनी माँ अवधमति से मारपीट करता था। पूरी शंका है कि अवधमति का उसका बेटा ही मारपीट कर हत्या कर दिया होगा। इसकी सूचना पर आरोपी के विरूद्ध थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 158/2023 धारा 302 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना थाना बिर्रा पुलिस को मिलने पर तत्काल घटनास्थल ग्राम डभराखुर्द रवाना हुआ। वहां पाया गया कि मृतिका अवधमति घर में चित् हालत में पड़ी थी , जिसकी पंचनामा कार्यवाही किया जाकर पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के संदेही अनिल पटेल उम्र 37 वर्ष निवासी डभराखुर्द को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ किया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि शराब पीने से माँ मना करती थी , जिस कारण से वह अपने मॉ को हाथ मुक्का से मारपीट कर हत्या करना बताया। विवेचना दौरान आरोपी अनिल पटेल के विरूद्ध अपराध धारा सदर का सबुत पायें जाने से बिर्रा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक संगम राम , उपनिरी के.पी. सिंह , सउनि सेखसफी उल्लह खान , आरक्षक वैभव केशरवानी , रघुवीर यादव का सराहनीय योगदान रहा।
: पट्टा वाले जयसिंह भैया से भाजपा पार्षद गंगाराम प्रभावित, कांग्रेस का थामा हाथ
Wed, Oct 18, 2023
कोरबा। चुनाव के पहले कोरबा विधानसभा में भाजपा का एक और झटका लगा है। बालको क्षेत्र के भाजपा के सक्रिय पार्षद गंगाराम ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। वह पट्टा वाले भैया, यानी कोरबा विधायक और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा कराए गए विकास कार्यों से बेहद प्रभावित है।
गंगाराम का कहना है कि "खासतौर पर जब कांग्रेस सरकार ने गरीबों को पट्टा बांट दिया। तब इस बात का मेरे मन और मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव पड़ा। यह एहसास हुआ कि जो काम बीजेपी 15 साल में नहीं कर पाई। वह काम जयसिंह अग्रवाल के राजस्व विभाग ने 5 साल में कर दिखाया। गरीबों को उनका हक दिलवा दिया। कोरबा विधानसभा में ऐसे लोगों की कमी नहीं है। जो झुग्गी झोपड़ी में निवास करते हैं। ऐसे लोगों की सुदग लेने के कारण ही मेरा हृदय परिवर्तन हो गया"।टिकट फाइनल होने के बाद जय सिंह अग्रवाल ने अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को वह बालको क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 37 दैहानपारा के पार्षद गंगाराम ने जयसिंह अग्रवाल के समक्ष अपनी निष्ठा प्रकट की और कांग्रेस का दामन थाम लिया। जयसिंह ने भी आत्मीयता के साथ गंगाराम का स्वागत किया और कांग्रेस का गमछा पहनाया।जयसिंह ने गंगाराम के कांग्रेस प्रवेश लेने पर कहा कि अब सिर्फ आम लोग ही नहीं। बीजेपी के लोग भी यह भली भांति समझ चुके हैं कि भाजपाई सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं। उनके काम धरातल पर नहीं दिखते। जो काम बीजेपी ने 15 साल सत्ता में रहते नहीं किया। हमने 5 साल में कर दिखाया। प्रदेश में सबसे ज्यादा पट्टे कोरबा विधानसभा में बांटे जाएंगे। 10000 पट्टे हम बांट चुके हैं। आचार संहिता के कारण अभी पट्टे बांटने के काम में रोक लग गई है। लेकिन चुनाव संपन्न होते ही जितने भी लोगों बचे हैं उन सब को पट्टा मिलेगा। कोई भी गरीब व्यक्ति पट्टे से वंचित नहीं होगा। हम गरीबों को ढूंढ-ढूंढकर उनका अधिकार दिलवाएंगे।