: बालको ने विश्व योग दिवस पर किया विभिन्न योगाभ्यास शिविर का आयोजन
Wed, Jun 26, 2024
बालकोनगर, 21 जून, 2024।* वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए। कंपनी के सामुदायिक विकास विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न योगाभ्यास शिविर में लगभग 700 लोगों ने हिस्सा लिया। योग में बालको के कर्मचारियों उनके परिवारजनों, व्यावसायिक साझेदारों तथा स्थानीय लोगों ने आयोजन में शिरकत की।
कंपनी ने योग का शिविर के माध्यम से कवर्धा, मैनपाट, और बालको के वेदांता स्किल स्कूल में योग शिविर का आयोजन कर युवाओं को योग के प्रति प्रोत्साहित किया। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा संचालित नंद घर के नन्हें बच्चों में योग की समझ विकसित करने के उद्देश्य 21 नंद घर में योग्याभ्यास का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देन के लिए संचालित आरोग्य परियोजना तथा माहवारी स्वास्थ्य एवं प्रबंधन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने वाली नयी किरण परियोजना के अंतर्गत आयोजित विभिन्न योग शिविर में किशोर युवक और युवतियों ने बढ़-चढ़ के हिस्सा लिया।बालको मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने सभी को उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ने भारत की प्राचीन विद्या योग को मान्यता दी है। योग साधना सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखने का जरिया नहीं है बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक उन्नति का जरिया भी है। योग विद्या ने विश्वभर में नई ऊंचाइयों को छूआ है। उन्होंने कहा कि बालको प्रबंधन द्वारा प्रति वर्ष विश्व योग दिवस के अवसर पर बालकोनगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से शिविर का आयोजन प्रशंसनीय है।
सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए योग विशेषज्ञ प्रीति मंडल ने कहा कि बालको में आयोजित 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह मेरे लिए बेहतरीन अनुभव रहा जिसका हिस्सा बनने पर मुझे गर्व है। उन्होंने कहा कि निरंतर योग करने से मन में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है जो हमारे तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है।योग विशेषज्ञों ने सभी योग साधकों को सूर्य नमस्कार, मक्रासन, कपालभाति, अनुलोम विलोम, ताड़ासन, सेतु बंध, स्कंध चक्र, शवासन, प्राणायाम, ध्यान, संकल्प, शांति पथ आदि योगासन का अभ्यास कराया। सभी योग साधकों ने जीवनशैली में नियमित रूप से योग को अपनाने का निश्चय किया।
: नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन परिवहन कर तस्करी करने का आरोपी जेल दाखिल
Tue, Jun 18, 2024
सरगुजा - वाणिज्यिक मात्रा में नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन को कार मे रखकर परिवहन कर तस्करी करने के मामले मे थाना गांधीनगर पुलिस ने सख्त कार्यवाही करते हुये आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मीडिया ग्रुप से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी अनुसार सरगुजा पुलिस द्वारा जारी अभियान ऑपरेशन विश्वास के तहत नवपदस्थ अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल के मार्गदर्शन मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले संदेहियो/आरोपियों पर लगातार सख़्ती से कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में गत दिवस 17 जून को थाना गांधीनगर पुलिस द्वारा चठिरमा रोड़ मे वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान लटोरी तरफ से आ रही सफेद रंग की ऑल्टो कार क्रमांक जेएच/01/डीसी/3645 का चालक वाहन चेकिंग होता देखकर अपनी कार को अकारण पीछे बैक कर ले जाने लगा वाहन चालक को रोकने के लिये पुलिस टीम द्वारा इशारा किये जाने पर वाहन चालक उक्त आल्टो से उतर कर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा संदेही का पीछा कर घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पंकज धर दुबे आत्मज विनोद धर दुबे उम्र 28 वर्ष निवासी अचला नवाडीह थाना गढ़वा झारखण्ड का होना बताया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी एवं आरोपी के ऑल्टो कार की तलाशी लेने पर कार मे रखे हुये अलग - अलग कार्टून मे कुल 3000 नग अवैध प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन कुल मात्रा 18000 मिली लीटर कुल कीमती लगभग 10 लाख रुपये आरोपी के कब्जे से जप्त किया गया। आरोपी से उक्त प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन के सम्बन्ध मे वैध दस्तावेज की मांग की गई , जो आरोपी द्वारा किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नही होना बताया गया। आरोपी से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने पर वाणिज्यिक मात्रा में नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन को कार मे रखकर अवैध बिक्री हेतु गढ़वा झारखण्ड से लेकर परिवहन करते हुये अम्बिकापुर लाकर तस्करी करने का अपराध घटित करना स्वीकार किया गया। आरोपी ने उक्त प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की तस्करी कर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने हेतु लाना बताया। आरोपी के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त ऑल्टो कार जेएच/01/डीसी/3645 जप्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से थाना गांधीनगर मे अपराध क्रमांक 364/24 धारा 22 (सी) एनडीपीएस. एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ़्तार कर पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं सरगुजा पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने कहा है कि अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सरगुजा पुलिस का अभियान ऑपरेशन विश्वास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल , आरक्षक अतुल सिंह , मनीष सिंह , सतीश सिंह , संजीव पाण्डेय , अरविन्द उपाध्याय , उमाशंकर साहू , ऋषभ सिंह , राजेश किंडो और नारायण सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
: खैरताल में हुआ सामुदायिक पुलिसिंग का आयोजन
Tue, Jun 18, 2024
जांजगीर चाम्पा - हमर पुलिस हमर संग जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिला पुलिस जांजगीर चाम्पा द्वारा थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम खैरताल में सामुदायिक पुलिसिंग का अयोजन किया गया। उपस्थित लोगो को यातायात पुलिस जांजगीर- चाम्पा द्वारा सड़क दुर्घटनाओ को दृष्टिगत रखते हुये उचित बचाव के लिये अतिआवश्यक दिशानिर्देश देते हुये सड़क दुर्घटनाओं में घायलो को तत्काल उचित उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाकर मदद करने हेतु अपील की गई। इसके अलावा सायबर क्राइम एवं ऑनलाईन ठगी से बचाव एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के तरीके और घरेलू हिंसा , बाल विवाह , हमर बेटी हमर मान एवं नशापान के दुष्प्रभाव के बारे में भी जानकारी दी गई। वहीं लोगो को नवीन कानून के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये गांव के विभिन्न शिकायतों को सुनकर उसके निराकरण करने हेतु पहल किया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों को दृष्टिगत रखते हुये पुलिस अधीक्षक महोदय जांजगीर चाम्पा विवेक शुक्ला के निर्देशन में जिला पुलिस जांजगीर द्वारा लोगो को जागरूक करने के लिये हमर पुलिस हमर संग कार्यक्रम अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर राजेन्द्र कुमार जायसवाल द्वारा हमर पुलिस हमर संग कार्यक्रम संचालन टीम के सदस्यों के साथ मिलकर थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम खैरताल में कार्यक्रम आयोजित किया किया। उपस्थित लोगो को सायबर सायबर क्राइम एवं ऑनलाईन ठगी से बचाव एवं सोशल मिडिया के सुरक्षित उपयोग तथा घरेलू हिंसा , हमर बेटी हमर मान , बाल विवाह एवं नशापान के दुष्प्रभाव के बारे में तथा शराब पीकर वाहन नही चलाने , हेलमेट पहनकर मोटर सायकल चलाने , तीन सवारी बैठकर मोटर सायकल नही चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु अपील किया गया। साथ ही ग्राम खैरताल निवासियों के शिकायतों एवं समस्याओं को सुनकर उचित मार्गदर्शन , शिकायतों का त्वरित निराकरण करने का प्रयास भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जन जागरूकता के विभिन्न वीडियो को प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित लोगो को दिखाकर लोगो को जागरूक किया गया। जिले के थाना क्षेत्र के सभी गांव में बीट सिस्टम बनाया गया है और गांव में दीवाल में पेंट से बिट अधिकारी एवं कर्मचारी तथा थाना प्रभारी का नाम मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। यदि गांव में किसी व्यक्ति के द्वारा जुआ , सट्टा खिलाता है तथा अवैध शराब बिक्री करता है या अन्य कोई असामाजिक व्यक्तियों के द्वारा गलत काम किया जाता है तो इसकी सूचना देने हेतु अपील की गई है। उपरोक्त कार्यक्रम के सफल संचालन में रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी , निरीक्षक सत्यकला रामटेके महिला सेल प्रभारी , निरीक्षक भास्कर शर्मा थाना प्रभारी नवागढ़ का सराहनीय योगदान रहा।