: बुधराम का बन रहा पक्का मकान, बारिश में अब नहीं होना पड़ेगा परेशान
Thu, Dec 21, 2023
कोरबा 20 दिसम्बर 2023/ मजदूरी का काम करने वाले बुधराम अघरिया का सपना था कि उसका भी कोई पक्का मकान हो, ताकि बारिश के दिनों में उनके परिवार को परेशान न होना पड़े। मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करनेे वाले बुधराम को जब जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत उनका नाम भी आवास के लिए चयनित किया गया है तो उन्हें बहुत खुशी हुई। अपना नाम आवास के लिए चयनित होने के पश्चात् उन्होंने जनपद के अधिकारियों से संपर्क किया। अब खाते में राशि मिलने के पश्चात् बुधराम अपने पक्का मकान का सपना पूरा कर रहा है। बुधराम अपने बेटे के साथ अपनी ही देखरेख में पक्का मकान का निर्माण करा रहा है। जल्दी ही घर बन जाने से उनकी परेशानी दूर हो जाएगी।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम मोरगा के जूनापरा में रहने वाले बुधराम अघरिया ने बताया कि गरीबी की वजह से पक्का मकान का सपना उसके लिए महज एक सपना ही था। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह एक दिन पक्का मकान बना लेगा। बुधराम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राही के रूप में उनका नाम आने के पश्चात् उन्हें आवास निर्माण के लिए राशि बैंक खाते में प्राप्त हुई। राशि मिलने के पश्चात् वह अपना मकान बना रहा है। कुछ दिनों के भीतर घर पूरी तरह से बन जाएगा और वे अपने परिवार के साथ पक्के मकान में शिफ्ट हो जाएंगे। बुधराम ने बताया कि वे वर्तमान में कच्चे मकान में निवास करते हैं। मकान कच्चा होने की वजह से बारिश में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खपरे से भी पानी नीचे टपकने से बिस्तर भीग जाते थे। अब पक्का मकान बनने से उनकी यह समस्या दूर हो जाएगी। बुधराम ने प्रधानमंत्री आवास बनाए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 14 दिसंबर को प्रथम कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 18 लाख आवास बनाने का निर्णय भी लिया गया है।
: एमजीएम विद्यालय में हुआ वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का शुभारंभ
Thu, Dec 21, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कोरबा - एमजीएम विद्यालय बाल्को में आज 43 वां वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का बड़े ही गरिमामय माहौल में शुभारंभ हुआ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश क्रिस्टोफर (सचिव जिला ओलंपिक संघ), विशिष्ट अतिथि दीपक पटेल (गोल्ड मेडलिस्ट इंटरनेशनल पावर लिफ्टिंन इन नेपाल ) , अविनाश बंजारे (वाइस प्रेसिडेंट छत्तीसगढ़ केरला एसोसिएसन ,अध्यक्ष जिला कराटे संघ) , लियो गुनियन (पावरलिफ्टर ), शेख जावेद (जनरल सेक्रेटरी , वूमेंस फुटबॉल फेडरेशन ऑफ़ इंडिया न्यू दिल्ली) , रिकार्बो गुनियन (कोच पावरलिफ्टर) रहे। सर्वप्रथम सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। तत्पश्चात ध्वजारोहण कर मुख्य अतिथि द्वारा मशाल प्रज्वलित कर कार्यक्रम के शुभारंभ की घोषणा की गई। इस अवसर विद्यालयीन बच्चों द्वारा खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु रंगारंग कार्यक्रम , नृत्य , गायन , वादन प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के सभी बच्चों को चार हाउस में बांटा गया है , जिनके मध्य प्रतियोगितायें संपन्न कराया जाना है। विद्यालय के हेड ब्वॉय अभिनव मेजरवार द्वारा खेल को खिलाड़ी भावना से खेलने की शपथ प्रतिभागियों को दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में बच्चों को खेल के प्रति रुचि जगाने और खिलाड़ी भावना से खेलने व आपस में भाईचारे की भावना बनाये रखने की बात कही गई। विशिष्ट अतिथि दीपक पटेल ने बच्चों को खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुये उनका उत्साह वर्धन किया। विद्यालय के प्राचार्य फॉदर पॉल पी थॉमस व उपाध्यक्ष फॉदर जेफीन वर्गीस ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुये उन्हें खेल के क्षेत्र में अपने - अपने माता पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने की बात कही। अंत में अतिथियों को हरियाली की प्रतीक पौधे , साल व स्मृति चिन्ह से सप्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के उपाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेलने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है व आपस में भाईचारे की भावना जागृत होती है शरीर व मस्तिष्क भी स्वस्थ रहता है। अतः खेलना विद्यार्थी जीवन के लिये उतना ही आवश्यक है , जितना की पढ़ना। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकवृंद व बच्चे उपस्थित रहे।
: जिले में निरंतर जारी है विकसित भारत संकल्प यात्रा
Wed, Dec 20, 2023
*नगरीय क्षेत्र के इंदिरा स्टेडियम, पुरानी बस्ती सहित भैंसमा एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर का किया गया आयोजन**विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित*
कोरबा 19 दिसंबर 2023/ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं इनसे लाभ लेने वाले हितग्राहियों से संवाद करने के उद्देश्य से शुरू की गई ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का सफर जिले में निरंतर जारी है। आज नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05, प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम वार्ड क्रमांक 02 एवं विकासखंड कोरबा के ग्राम भैंसमा में, चाकामार में विकासखंड कटघोरा के ग्राम सलोरा और धवईपुर में, पोडी उपरोडा ब्लॉक के बांगो तथा लालपुर में, करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम चांपा तथा कलगामार में, विकासखंड पाली के ग्राम डोडकी तथा सगुना में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का आयोजन किया गया है। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में ग्रामीण जन उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन कर रहे हैं। साथ ही आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड अपडेशन, उज्जवला योजना, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि, जल जीवन मिशन, कृषि सहित अन्य विभागों द्वारा शिविर में स्टॉल लगाकर आमजनों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का शुगर, बीपी, सिकल सेल, एनीमिया, टीबी स्क्रीनिंग जैसे अनेक रोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर लाभान्वित किया जा रहा है।
शिविर में प्राप्त आवेदनों का जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा पूर्ण जांच कर प्राथमिकता से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ प्रचार रथ के आगमन होने पर महिलाओं तथा ग्रामीणों द्वारा उत्साह से स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थलों में विभिन्न विभागों द्वारा आम जनता को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने स्टॉल भी लगाया गया था, जिसमें संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा आमजनता को योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा उसका लाभ उठाने प्रेरित किया गया। कार्यक्रम स्थल में स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा आम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।