: भागवत कथा श्रवण करने पहुंचीं सांसद ज्योत्सना महंत
Tue, Dec 19, 2023
कोरबा। वासन परिवार द्वारा घंटाघर ओपन थिएटर कोरबा में आयोजित हो रहे श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत भी शामिल हुई।
सांसद ने कथा स्थल पर पहुंचकर व्यासपीठ से भागवत भगवान एवं कथाचार्य पवन कृष्ण गोस्वामी से आशीर्वाद लिया। सांसद का व्यासपीठ से सम्मान किया गया। इसके पश्चात सांसद ने श्रोताओं के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया। सांसद ने इस अवसर पर कहा कि श्रीमद भागवत कथा का आयोजन समय-समय पर होते ही रहना चाहिए। इससे धार्मिक भावना और प्रबल होने के साथ-साथ वर्तमान पीढ़ी को अपने आराध्यों को जानने और जुडऩे का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने भागवत कथा आयोजन के लिए वासन परिवार को साधुवाद भी दिया। इस अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व महापौर श्रीमती रेणु अग्रवाल, वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उषा तिवारी भी सांसद के साथ उपस्थित रहे।
: मानव सेवा मिशन ने जरूरतमंद, बेघर, बेसहारा लोगों को वितरित किये कंबल
Tue, Dec 19, 2023
समाज सेवी संस्था मानव सेवा मिशन ने कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों में फुटपाथ पर सोने वाले जरूरतमंदों एवं घुमंतू लोगों को ठंड से बचाने के लिए कंबल का वितरण किया। कोरबा शहर के नये बस स्टैंड, पुराने बस स्टैंड, इतवारी बाजार, रेल्वे स्टेशन और सड़कों पर अपना जीवनयापन करने वाले बेघर, बेसहारा लोगों को रात के अंधेरे में ढूंढ कर मानव सेवा मिशन के सदस्यों ने कम्बल प्रदान कियाl
बालको संयत्र में कार्य करने वाले युवाओं की समाज सेवी संस्था मानव सेवा मिशन के द्वारा कोरबा जिले में पिछले कई वर्षों से अनेक रूपों में सेवा कार्य चलाया जा रहा है। सदस्यों द्वारा ठंड के दिनों में जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए हर वर्ष एक विशेष अभियान चलाया जाता है इसी कड़ी में इस वर्ष का यह पहला अवसर रहा। विगत वर्ष भी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ठंड के समय 500 कंबल का वितरण मानव सेवा मिशन के द्वारा किया गया था।
कंबल वितरण सेवा कार्य में मानव सेवा मिशन के केशव चन्द्रा, अमर पटेल, राजेश धीवर, संजय विजयवर्गीय, कमलेश बोहरपी, दिनेश पृथ्वीकर, योगेश पटेल और लिलेश्वर शर्मा उपस्थित रहे।
: अनुपस्थिति पर कड़ी कार्यवाही के कलेक्टर ने दिए निर्देश
Tue, Dec 19, 2023
कोरबा 19 दिसंबर 2023/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अन्य विभागीय अधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अविवादित नामांतरण, अविवादित बंटवारा, सीमांकन आदि राजस्व प्रकरणों का शीघ्र समाधान करें। यह प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों, जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने समय सीमा की बैठक में निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा ग्रामों में विकसित भारत संकल्प यात्रा के पूर्व की तैयारियां आवश्यक रूप से पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भारत सरकार की महत्वपूर्ण 17 योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों के द्वारा उचित मॉनिटरिंग की जाए। यात्रा के दौरान हितग्राहियों की जानकारी संबंधी डाटा एंट्री सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं सीएमओ नगरीय निकाय को निर्देशित किया कि पूर्व में बनाए गए अटल चौक, अटल स्तंभ स्थल पर 25 दिसंबर सुशासन दिवस पर जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया जाए। श्री सौरभ कुमार ने निर्देश दिया कि धान खरीदी केंद्रों पर खरीदी की पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाए। उन्होंने अपर कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे तहसील न्यायालयों में प्रकरणों की समय सीमा में सुनवाई और कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए मैनुअल प्रकरण पर कार्यवाही करें। कलेक्टर ने जिले में विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान एवं समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए चलाए जाने वाले जनमन अभियान के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि इस अभियान के तहत निर्धारित 11 बिंदुओं के प्रारूप के आधार पर पटवारियों के द्वारा जमीनी स्तर पर सर्वे कराया जाए ताकि इसका लाभ विशेष पिछड़ी जनजातियों को मिल सके।