: सात समुन्दर पार छत्तीसगढ़ संस्कृति की खुशबू बिखेरती संस्था नाचा
Wed, Nov 15, 2023
डेनवर कोलोरैडो - वर्तमान सृष्टि की उत्पत्ति लगभग दो अरब पूर्व हुई है तथा उसी समय से सनातन संस्कृति भी उपस्थित है जो दार्शनिक, वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक धरातल पर आज भी सर्वोत्कृष्ट एवं प्रासंगिक है। हमारी शिक्षा, रक्षा, आवास, उत्सव त्योहार, चिकित्सा, कृषि, गोरक्ष्य, विवाह पद्धति आदि आज भी सर्वहितप्रद, सबके लिये मंगलकारी सिद्ध है। हमारे वेदादि शास्त्रों में सन्निहित ज्ञान और विज्ञान पूरे विश्व को सही दिशा प्रदान करते हुये सभी समस्याओं का समुचित निराकरण करने में सक्षम है आवश्यकता इसमें उचित विश्वास करते हुये विधिसम्मत क्रियान्वयन की है। वर्तमान में भारतीय प्रतिभायें अपने देश के साथ साथ विश्व के प्रत्येक कोने में भी शिक्षा, विज्ञान, व्यापार आदि विभिन्न क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रहे हैं। ऐसे ही उत्तरी अमेरिका में कार्यरत छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रवासियों ने छत्तीसगढ़ संस्कृति के प्रचार प्रसार के उद्देश्य से नार्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एशोसिएशन ( नाचा ) संस्था का गठन किया है। नाचा संस्था के बैनर तले प्रत्येक त्योहार को पारंपरिक उत्साह के साथ मनाते हैं। नाचा संस्था का उद्देश्य अपनी सांस्कृतिक पर्वों के आयोजन के साथ अपने बच्चों को यह शिक्षा देना होता है कि त्योहार किस तरह तथा क्यों मनाया जाता है। नार्थ अमेरिका के कोलोरैडो नाचा संगठन ने पारंपरिक उत्साह के साथ दीपावली पर्व का आयोजन किया, शुरुआत में डाक्टर आशा चिन्नी के द्वारा गणेश लक्ष्मी पूजन के साथ हुआ साथ ही नायरा ( अनविका) और रसया ने गणेश स्तुति और वंदना प्रस्तुत की। डाक्टर आशा चिन्नी ने ओरल हेल्थ की महत्ता प्रतिपादित किया, भुवना और सिंडी समूह ने सुआ नाच प्रस्तुत किया। दीपोत्सव पर्व में उपयोग में आने वाली दियों को किस प्रकार से मिट्टी से बनाया जाता है इसका बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से पारंपरिक परिधान में सुआ नाच और राउत नाचा का आनंद उठाया। साथ ही इस आयोजन में सम्मिलित परिवारों ने सात समंदर पार दीवाली पर बनाये जाने वाले विशिष्ट छत्तीसगढ़ी भोजन एवं पकवानों का लुत्फ उठाया। आयोजन में अपनी टीम के साथ शामिल डेन्टिस्ट डा. आशा चिन्नी ने सदस्यों को ओरल हेल्थ की महत्ता बताई एवं अभिभावकों के इंश्योरेंस की जानकारी दी। उपरोक्त विभिन्न आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ भाषा के प्रचार के लिये गठित छत्तीसगढ़ ऐप में सम्मिलित सभी साहित्यकारों की रचनाओं की जानकारी प्रदान की तथा साथ ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न त्योहारों को सरल भाषा में सभी सदस्यों के ज्ञानवर्धन के लिए ऐप में उपलब्ध कराया गया है। सात समुन्दर पार अमेरिका में अपने संस्कृति के प्रचार प्रसार विशेषकर नयी पीढ़ियों को अपने परंपरा से परिचित कराने का यह अभिनव प्रयास स्तुत्य है। इस अवसर पर मीनल मिश्रा, अभिजात मिश्रा, अभिलाषा उपाध्याय, अनुराग तिवारी, शैलेन्द्र अंबानी, मोनिका अंबानी , महेन्द्र चंद्राकर, रश्मि चंद्राकर, ज्योति पोला नागेश काजा, राजेश मिश्रा, अर्चना मिश्रा, जिया सधवानी, प्रकाश सधवानी, महेश पंड्या, अमन अग्रवाल , पार्थ एवं सभी बच्चे उपस्थित रहे। इसकी जानकारी नाचा एग्जीक्यूटिव वाईस प्रेसिडेंट मीनल अभिजात मिश्रा ने दी।
: विदेश मंत्री जयशंकर नौ दिवसीय महत्पूर्ण अमेरिका प्रवास पर
Sun, Sep 24, 2023
न्यूयॉर्क - भारत के विदेश मंत्री एस० जयशंकर नौ दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे हैं। वे 22 से 26 सितंबर तक अपनी न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा के अठहत्तरवें वार्षिक सत्र में भाग लेंगे और ग्लोबल साउथ के लिये भारत के समर्थन को ध्यान में रखते हुये विदेश मंत्री एक विशेष कार्यक्रम 'इंडिया-यूएन फॉर ग्लोबल साउथ: डिलीवरिंग फॉर डेवलपमेंट' की मेजबानी करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि एस जयशंकर न्यूयॉर्क में बहुपक्षीय व द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक एस० जयशंकर संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वे संयुक्त राष्ट्र महासभा के 78वें सत्र के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस के साथ भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्री जयशंकर 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र की 78वीं नेशनल जनरल असेंबली के उच्च स्तरीय सत्र को संबोधित करेंगे। वहीं संयुक्त राष्ट्र महासभा संबंधित कार्यक्रमों के पूरा होने के बाद जयशंकर अमेरिकी अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों के लिये 27 से 30 सितंबर तक वाशिंगटन डीसी का दौरा करेंगे।वाशिंगटन में वे अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन , अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों , अमेरिकी व्यापारिक नेताओं और थिंक टैंक के साथ मुलाकात करेंगे। बताते चलें इस यात्रा के दौरान एस जयशंकर आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित चौथे विश्व संस्कृति महोत्सव को भी संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि विदेश मंत्री का अमेरिका दौरा ऐसे समय हो रहा है , जब भारत और कनाडा के बीच राजनयिक तनाव बना हुआ है। दरअसल जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या हुई थी। कनाडा के पीएम जस्टिस ट्रूडो ने बीते दिनों वहां की संसद में दिये एक बयान में निज्जर की हत्या में भारत का हाथ होने का आरोप लगाया था। इस पर भारत ने कनाडा के पीएम के बयान को बेतुका बताया था। इसके बाद कनाडा ने भारत के एक राजनयिक को निष्कासित कर दिया था , जिसके जवाब में भारत ने भी कनाडा के एक राजनयिक को निष्कासित कर दिया था। कनाडा ने अपने नागरिकों को भारत के कुछ राज्यों का दौरा करने से बचने की सलाह दी थी। इस पर भारत ने भी कनाडा के लोगों की वीजा सेवायें रोक दी हैं।
: विशेष सत्र : मोदी जी की वाहवाही के लिए!(आलेख : राजेंद्र शर्मा)
Thu, Sep 21, 2023
संसद के रहस्यमय विशेष सत्र का रहस्य, इस सत्र की पहली बैठक से ही काफी हद तक खुल गया लगता है। ऐसा नहीं है कि तमाम संसदीय नियम-कायदों तथा जनतंत्र के तकाजों के विपरीत, मोदी मंडली ने अब भी सांसदों से भी इसकी जानकारी छुपाने की कोशिश खत्म कर दी हो कि पांच दिन के इस विशेष सत्र में, आखिर विशेष क्या होगा? हैरानी की बात नहीं है कि विशेष सत्र से ठीक पहले, संसद में प्रतिनिधित्व-प्राप्त सभी पार्टियों की बैठक के बाद भी, राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, बहुत मुखर होकर इसकी शिकायत कर रहे थे कि इस बैठक तक में, विभिन्न पार्टियों के नेताओं को यह नहीं बताया गया कि सत्र में ठीक-ठीक, क्या-क्या होने जा रहा है। दोनों सदनों के संदर्भ में जिन कतिपय विधेयकों के लिए जाने की जानकारी आयी है, उनके अलावा भी कुछ है, जो अभी नहीं बताया जा रहा है, इस धारणा को मोदी मंडली अब भी सायास बल दे रही है। और तो और, सत्र शुरू होने के ऐन पहले, संसद के बाहर मीडिया के लिए अपने एकालापी संबोधन में, प्रधानमंत्री ने जिस तरह, विशेष सत्र के 'समय में छोटा' किंतु 'ऐतिहासिक निर्णयों' से भरा होने की बात कही है, उसने भी सत्र के 'छुपे एजेंडा' की अटकलों को कुछ बल ही दिया है।
इसके बावजूद, इस विशेष सत्र की लोकसभा की पहली बैठक की शुरूआत से इस संभावना को बहुत बल मिला है कि शायद इस विशेष सत्र की मुख्य विशेषता, इसका प्रधानमंत्री की मोदी की वाहवाही का विशेष अवसर बनाया जाना ही हो। जैसाकि आसानी से अनुमान लगाया जा सकता था, लोकसभा की बैठक की शुरूआत स्पीकर द्वारा जी-20 के सफल आयोजन के लिए बधाई देने के नाम पर, प्रधानमंत्री मोदी के ''नेतृत्व'' की भूरि-भूरि प्रशंसा किए जाने के साथ हुई। और इसके फौरन बाद, 'संसद की 75 वर्ष की यात्रा' पर प्रधानमंत्री मोदी के विस्तृत संबोधन में, जी-20 की सफलता के लिए आत्मश्लाघा के इस सिलसिले को और आगे बढ़ाया गया, जिसका संकेत प्रधानमंत्री ने बैठक शुरू होने से पहले के, संसद के दरवाजे पर दिए गए अपने वक्तव्य में ही दे दिया था। और जैसा कि आसानी से अनुमान लगाया जा सकता था, प्रधानमंत्री ने इसके साथ चंद्रयान-3 की सफलता को भी जोड़ दिया। इसके लिए वह अपने खास अंदाज में चांद पर तिरंगा फहराने के साथ ही, शिव-शक्ति पाइंट की याद दिलाना नहीं भूूले।फिर भी प्रधानमंत्री मोदी के इस लगभग एक घंटे के भाषण से लोकसभा को कुछ हैरानी जरूर हुई होगी। संसद की 75 वर्ष की यात्रा की चर्चा का प्रधानमंत्री का यह भाषण, कुछ ज्यादा ही मौके के अनुरूप था। पिछले नौ साल से ज्यादा में नरेंद्र मोदी का संसद में और वास्तव में संसद के बाहर भी, दूसरा शायद ही कोई ऐसा भाषण हुआ होगा, जिसमें उन्होंने अपने से पहले के दौर को, इतनी उदारता से याद किया होगा। नरेंद्र मोदी के मुंह से पंडित जवाहरलाल नेहरू और श्रीमती इंदिरा गांधी के लिए प्रशंसा के शब्द सुनकर, बहुतों को अवश्य हैरानी हुई होगी। जवाहरलाल नेहरू के 15 अगस्त 1947 की मध्यरात्रि के ''ट्राइस्ट विद डेस्टिनी'' वाले भाषण का ही संसद की 75 साल की यात्रा में नरेंद्र मोदी ने उल्लेख नहीं किया, बांग्लादेश के आंदोलन के लिए इंदिरा गांधी के समर्थन और बांग्लादेश की स्थापना में योगदान का भी उल्लेख करना उन्हें जरूरी लगा। प्रधानमंत्री मोदी के मुंह से ऐसे निर्विवाद और अनाक्रामक बोल सुनना, कम से कम अब बेशक हैरान करता है।फिर भी इसका अर्थ यह नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इस संबोधन में सचमुच पूरी तटस्थता से, संसद की 75 साल की यात्रा का आख्यान प्रस्तुत करने की कोशिश की। जाहिर है कि मोदी के लिए न तो यह संभव था और न ही उनसे कोई इसकी अपेक्षा भी करता है। उल्टे मोदी से वस्तुगतता की अपेक्षा इतनी कम हो चुकी है कि उनके भाषण में खासतौर पर विपक्षियों के प्रति आक्रामकता में कमी और लंबे अर्से तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने वाले कांग्रेस से जुड़े अपने पूर्ववर्तियों, विशेष रूप से नेहरू तथा इंदिरा गांधी के लिए सम्मान के दो शब्द कहने भर से, उनका भाषण हैरान करने वाला लगने लगा। वर्ना नरेंद्र मोदी की इस ओढ़ी हुई उदारता की ''सीमाएं'' भी साफ दिखाई दे रही थीं। जिस तरह उन्होंने पूर्व-प्रधानमंत्रियों में राजीव गांधी का जिक्र तक करना जरूरी नहीं समझा और मनमोहन सिंह के कार्यकाल को किसी भी सकारात्मक चीज के लिए याद करना तो दूर रहा, सिर्फ उनके दौर में हुए ''कैश फॉर वोट'' प्रकरण के लिए ही याद करना जरूरी समझा, उससे साफ था कि प्रधानमंत्री मोदी का रुख नहीं बदला था, वह
सिर्फ मौके के हिसाब से अपना स्वर थोड़ा एडजस्ट कर रहे थे। वर्ना प्रधानमंत्री को इसका बखूबी पता होगा कि कैसे ''कैश फॉर वोट'' प्रकरण की जांच में आखिरकार, कुछ भी नहीं निकला था। उल्टे उस प्रकरण में मास्टर माइंड के रूप में कुख्यात हुए, दिवंगत अमर सिंह, अपने आखिरी समय में नरेंद्र मोदी की पार्टी के ही साथ जुड़ चुके थे।मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व या यूपीए-1 के दौर में वामपंथ के दबाव में बने सूचना का अधिकार, वनाधिकार, शिक्षा का अधिकार तथा ग्रामीण रोजगार अधिकार कानूनों और यहां तक कि लोकपाल कानून के रूप में, आम जनता को अधिकारसंपन्न करने के पहलू से हुई प्रगति के तो, नरेंद्र मोदी जैसे सैद्घांतिक रूप से ही खिलाफ हैं। उनका मानना तो यह है कि अधिकारों के शोर से देश यानी जनता को ''कर्तव्यों'' की ओर ले जाने की जरूरत है। यह भी हैरानी की बात नहीं है कि लोकसभा के स्पीकरों का जिक्र करते हुए भी, नरेंद्र मोदी को पहले स्पीकर के बाद, सिर्फ भाजपा के दो स्पीकरों के नाम याद रहे और सोमनाथ चैटर्जी तक का नाम याद नहीं रहा। दूसरी ओर, खुद ही अपनी प्रशंसा का बाजा बजाते हुए नरेंद्र मोदी ने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में संविधान की धारा-370 का खत्म किया जाना, जीएसटी आदि, अपने हिसाब से अपनी पहले की तमाम उपलब्धियों का भी ठीक-ठाक तरीके से बखान किया, जबकि किन्हीं सीमाओं के जिक्र को अपने आस-पास फटकने तक नहीं दिया। आखिरकार, उन्हें अपने पूर्ववर्तियों के कार्यकाल की उतार-चढ़ाव भरी कहानी के सामने, अपनी सिर्फ कामयाबियों भरी कहानी जो पेश करनी थी।फिर भी कुल मिलाकर यह प्रधानमंत्री मोदी का एक प्रकार से विदाई भाषण था। और विदाई भाषण के अनुरूप इसमें पूर्ववर्तियों के प्रति कुछ उदारता थी और सब के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन था। हालांकि, मोदी जी को यह बखूबी याद था कि यह विदाई पुराने संसद भवन की ही थी, जिसका पता संसद की दीवारों तक के प्रति उनके कृतज्ञता ज्ञापन से लगता था, फिर भी यह भाषण सुनते हुए बहुतों को यह मोदी जी का विदाई भाषण ही लगा हो, तो हैरानी की बात नहीं होगी। ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन, इस विशेष सत्र के बुलाए जाने के सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों में से एक था। याद रहे कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री के संबोधन की बात नहीं है। यह पुराने संसद भवन से संसद के नये भवन में जाने को, अपने आप में एक बड़े और ऐतिहासिक ईवेंट का रूप दिए जाने का मामला है। और इस संबोधन के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को उसी प्रकार, इस समूचे ईवेंट के केंद्र में स्थापित किया जाना है, जैसे सेंगोल संस्कार के माध्यम से, प्रधानमंत्री मोदी को जून के आखिर में हुए नये संसद भवन के उद्घाटन के ईवेंट के केंद्र में स्थापित किया गया था। इस ईवेंट पर अतिरिक्त ऐतिहासिकता लादने की सचेत कोशिश में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने विदाई संबोधन के आखिर में यह याद दिलाने का विशेष रूप से ध्यान रखा कि वह, वर्तमान और भविष्य के संधिकाल पर खड़े थे; वर्तमान को भविष्य से जोड़ने वाली कड़ी पर खड़े होकर देश का नेतृत्व कर रहे हैं। यह खुद ही अपने लिए जबर्दस्ती महानता का आविष्कार करने की सचेत कोशिश के सिवा और कुछ नहीं है।(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और साप्ताहिक पत्रिका 'लोकलहर' के संपादक हैं।)