: तीन सौ पचास लीटर अवैध डीजल के साथ आरोपी गिरफ्तार
Wed, Dec 8, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - मुखबीर से मिली सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने कार्यवाही करते हुये दस जेरीकेन में भरे तीन सौ पचास लीटर अवैध डीजल सहित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय ने अरविन्द तिवारी को बताया कि जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत सिंह ठाकुर के द्वारा अवैध शराब , जुआ , सट्टा , गांजा , डीजल के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करने के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय संजय महादेवा एवं उप पुलिस अधीक्षक निकोलस खलखो के कुशल मार्गदर्शन में मुखबीर की सूचना के आधार पर आरोपी रमेश कुमार साहू पिता समेलाल साहू (उम्र 52 वर्ष) साकिन बुड़गहन के कब्जे से 10 नग जेरीकेन में प्रत्येक में 35-35 लीटर भरा हुआ कुल करीबन 350 लीटर अवैध डीजल कीमती 32410 रूपये को पनोरापारा ग्राम बुड़गहन मे आरोपी के कब्जे से उसके होटल / ढाबा के पीछे से जप्त कर आरोपी का कृत्य धारा 41 (1-4) जा फी / 379 भादवि के पाये जाने से आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यवाही की गयी। उपरोक्त कार्यवाही निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय थाना प्रभारी बलौदा के मार्गदर्शन में हुआ जिसमें सउनि कपिल साहू , प्रधान आरक्षक अवधेश तिवारी , आरक्षक मो. शहबाज खान , हेमंत साहू , रोहित साहू , मनभावन पटेल , श्याम राठौर की सराहानीय भूमिका रही।
: श्रीराम के आदर्शों का अनुकरण आवश्यक - प्रकाश कृष्ण
Sat, Dec 4, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - देश में अनादिकाल से भगवान् श्रीराम का प्राकट्य उत्सव मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मदिवस रूप में मनाया जाता हैं। मर्यादित जीवन का सबसे सुंदर उदाहरण हमें श्रीरामचंन्द्र जी के जीवन दर्शन से ही प्राप्त होता हैं। नवमी के दिन भगवान चार भुजाओं को लेकर प्रकट हुये , पुत्र की तरह उन्होंने रूदन किया। गुरूकुल के शिक्षा-दीक्षा से लेकर गुरू आश्रम की रक्षा करने का दायित्व बालक राम ने अच्छे ढंग से निभाया और राजा दशरथनन्दन के ज्येष्ठ पुत्र रत्न के रूप में जीवन धर्म निभाया। आज की पीढ़ी के लिये भगवान श्रीराम के आदर्शों का अनुकरण करना अवश्यंभावी है।
उक्त बातें कोसा , कांसा एवं कंचन की नगरी एवं मां समलेश्वरी की पावन धरा चाम्पा में संगीतमय रामकथा के चतुर्थ दिवस कथावाचक प्रकाश कृष्ण महाराज ने मुख्य यजमान कोमल ममता सोनी सहित श्रद्धालुओं को कथा श्रवण कराते हुये कही। कथा प्रसंग को आगे बढ़ाते हुये उन्होंने कहा कि जीवन को सफल बनाना हैं तो मनुष्य को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवनशैली को अपनाना ही होगा। रामचंद्रजी जो भी कार्य करते थे उससे दूसरों का उद्धार होता था , प्रभु ने हमें सन्मार्ग दिखाया। उसी परमात्मा की लीलाओं को हम परोस रहे हैं। उन्होंने कहा रामकथा में कई ऐसे पड़ाव आये जहां श्रवण करने से लोगों को शिक्षा ही शिक्षा मिलती हैं। रामचंद्र जी ने हमेशा-हमेशा बड़े-बुजुर्गों को सम्मान दिया , सामान्य मनुष्य की कद्र की ,पशु-पक्षी ,जानवर सभी को अपना सहयोगी माना और बुराईयों का अंत कर हमेशा ज्ञानघाट के वक्ता बनें रहे। व्यासपीठ से उन्होंने भक्तजनों को मुख्य संदेश देते हुये कहा स्वार्थ को छोड़ो और परमात्मा को अपनाओं , तन में जब-तक प्राण हैं मन को भगवान की भक्ति में लगाओं। मन की एकाग्रता अगर सही है , ध्यान परमात्मा में लग जाये तो जीवन सफल हो जायेगा । भगवान् की कृपादृष्टि मिलने से ही जीवन सफल हो जाता हैं , जीवन में भोजन और भजन दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने भक्ति और मुक्ति के लिये भजन-कीर्तन को अति आवश्यक बताया। कथा श्रवण करने पहुंचे शशिभूषण सोनी ने बताया कि पंडित वैष्णव जी ने बहुत ही सुंदर ढंग से चतुर्थ दिवस भगवान रामचन्द्र जी के जन्म बाल लीलाओं , अहिल्या उद्धार , जटायु प्रसंग और राम जन्म पर बधाई गीत गाकर सबको भाव-विभोर कर दिया। श्रीराम जन्मोत्सव पर "दो अक्षर का प्यारा नाम , जय श्रीराम जय श्रीराम" की संगीतमयी धुन पर श्रद्धालु थिरकते रहे। आज आकर्षण का केंद्र राम लक्ष्मण भरत और शत्रुघ्न बने छोटे-छोटे बच्चे रहे। कड़ी ठंड के बावजूद भी सामाजिक , राजनैतिक , धार्मिक स्तर के श्रोतागण कथा विश्राम तक उपस्थित रहते हैं। आज चतुर्थ दिवस श्री रामकथा श्रवण करने विशेष आमंत्रण पर श्रीमद्भागवत कथा विदुषी श्रीमती सविता गोस्वामी , क्षेत्रीय विधायक नारायण चंदेल पहुंचे थे।
: डकैती के दो अपचारी बालक सहित पांच आरोपी जेल दाखिल
Sat, Dec 4, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - मुखबीर से मिली सूचना के आधार पर मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ करते हुये बलौदा पुलिस को डकैती मामले में तीसरे ही दिन दो अपचारी बालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पांडेय ने अरविन्द तिवारी को बताया प्रार्थी अमन नायक द्वारा थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि एक दिसंबर को ग्राम बछौद में शाम करीबन छह बजे चार अज्ञात व्यक्ति जो एक मोटर सायकल एवं एक स्कूटी मे थे प्रार्थी एवं उसके दोस्त दीपासू गुप्ता से नगदी तीस हजार रूपये , प्रार्थी का रेडमी मोबाइल एवं काला रंग का बैग जिसमें प्रार्थी का पेन कार्ड , आधार कार्ड था लूटकर भाग गये हैं। प्रार्थी अमन नायक की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 502/21 धारा 392 ,34 भादवि पंजीबद कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुये जांजगीर चांपा पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत सिंह ठाकुर के तत्काल कार्यवाही के निर्देश , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय संजय महादेवा के निर्देशन में एवं उपपुलिस अधीक्षक निकोलस खलखो के कुशल मार्ग दर्शन में तीन दिसंबर को मुखबीर की सूचना के आधार पर आरोपी आकाश राठौर पिता मनोज राठौर (उम्र 21 वर्ष) से मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ पर आरोपी द्वारा अपने अन्य साथी राज , कोमल एवं अन्य दो नाबालिक के साथ मिलकर महंगे मोबाईल , कपड़े खरीदने , बाहर घूमने जाने एवं अय्याशी करने का शौक पूरा करने के लिये पैसों की जरूरत होने के कारण अपने साथियों के साथ प्लान बनाकर लूट डकैती की घटना को अंजाम देना स्वीकार करने पर आरोपियों से लूट की रकम नगदी तीस हजार रुपये , प्रार्थी का रेडमी मोबाईल कीमती आठ हजार रूपये , प्रार्थी का काला बैग , पेन कार्ड , आधार कार्ड , प्रार्थी की मोटर सायकल की चाभी जुमला कीमती अट्ठाईस हजार रूपये एवं अपराध में प्रयुक्त वाहन मोटर सायकल स्पलेण्डर प्रो सीजी 11 एए 6389 तथा होन्डा कंपनी का स्कूटी सी जी 11ए डब्लू 5767 को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया। प्रकरण के आरोपी आकाश राठौर पिता मनोज राठौर (उम्र 21 वर्ष) निवासी सिवनी , राज राठौर पिता मनोज राठौर (उम्र 19 वर्ष) निवासी जांजगीर , कोमल सूर्यवंशी पिता कन्हैया लाल सूर्यवंशी निवासी दर्रीपारा नैला एवं अन्य दो अपचारी बालक सहित कुल पांच आरोपियों को धारा 395 भादवि का अपराध घटित करना पाये जाने से दिनांक तीन दिसंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय थाना प्रभारी बलौदा के मार्गदर्शन में किया गया , जिसमें सउनि सुनील कुमार टैगोर , आरक्षक विरेन्द्र टण्डन , मो. शहबाज खान , श्रीकांत सेंगर , शंकर राजपूत , जितेन्द्र कुर्रे की भूमिका सराहनीय रही।