: धार्मिक आयोजन से मन शांत रहता है - राजेश्री महंत
Fri, May 6, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - इस तरह के धार्मिक आयोजन एवं उत्सव होने से हमारा मन , चित्त मजबूत और शांत रहता है। इसके साथ ही हमारा मन अच्छे कार्य को करने के लिये विचार करता है। हमारे धर्मग्रंथों में बहुत अच्छी बातें होती हैं , इस तरह के धार्मिक आयोजन से हमें चिंतन मनन करने और अपने जीवन में उतारने का अवसर प्राप्त होता है।
उक्त बातें मां शंवरीन दाई की पावन धरा अमोरा (महन्त) के तिलखैय्या तालाब में आयोजित रूद्र महायज्ञ एवं श्रीरामकथा के पांचवे दिन राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष ( कैबीनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) राजेश्री महंत रामसुंदर दास ने कही। उन्होंने आगे कहा कि यह छत्तीसगढ भगवान श्री राम का ननिहाल है। हमारे यहां के लोग भगवान राम को भांजा मानते हैं , इसलिये उनके चरण छूकर प्रणाम करने की भी परंपरा है। जबकि जहां भगवान का प्रादुर्भाव हुआ वहां भी ऐसी परंपरा नहीं है। उन्होंने बताया कि भगवान शंकर ने रामचरित मानस को रचकर अपने मन मस्तिष्क में रखा था। वे किसी योग्य पात्र की खोज कर रहे थे कि कोई योग्य मिले तो इस कथा को सुनाऊं। अंत में भगवान ने माता पार्वती को यह कथा सुनाया। इसी बात को रामचरित मानस में गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा - रचि महेश निज मानस राखा। पाई सुसमय शिवा सन भाषा।। ऐसे देवों के देव महादेव की सभी युगों से पूजा आराधना होते आयी है। इसी क्रम में आज हम सब संत केशवानंद सरस्वती की इस तपोभूमि में भी रामकथा का श्रवण कर रहे हैं। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव , कमलेश सिंह , प्रमोद सिंह , यजमान के रूप में शांति तिवारी / श्रीमति पुष्पा तिवारी , आचार्य केशव प्रसाद पाण्डेय , कामधेनु सेना के प्रदेश सचिव योगेष तिवारी , गो सेवा संगठन के साक्षी चौबे विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके पूर्व गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष ने गांव में ही जोगीराम कश्यप के स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भी शिरकत की। यहां उन्होंने कहा कि जब राजा परीक्षित को सर्प के डसने और सातवें दिन मृत्यु के प्राप्त होने का श्राप मिला तो भी वे विचलित नहीं हुये। उन्होंने सात दिनों तक एकाग्रचित्त होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और मोक्ष को प्राप्त कर लिये। राजेश्री ने कहा कि परीक्षित ऐसा पराक्रमी राजा था जिससे कलियुग ने भी रहने का स्थान मांगा। अंत में उन्होंने कश्यप परिवार को इस पुण्य कार्य के लिये बधाई देते हुये दिवंगत आत्मा की मोक्ष हेतु भगवान से प्रार्थना किया।
: धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दो आरोपी जेल दाखिल
Wed, Apr 20, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - सोशल मीडिया में हिन्दू देवी देवताओं का आपत्तिजनक फोटो अपलोड एवं टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दो आरोपी को नवागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं एक अन्य आरोपी फरार है , जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक जी०एस० राजपूत ने अरविन्द तिवारी को बताया गत 17 अप्रैल को प्रार्थी आकाश साहू पिता दिलीप कुमार साहू (उम्र 19 साल) साकिन मिस्दा द्वारा थाना नवागढ़ में लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसी दिन माईकल बंजारे पिता सालिक राम बंजारे निवासी ग्राम मिस्दा थाना नवागढ़ के द्वारा अपने इंस्टाग्राम ID banjare.maikal में भगवान राम और भगवान श्री कृष्ण को पेड़ से बांधकर अम्बेडकर के द्वारा चाबुक मारते दिखाते हुये एक कार्टुन फोटो पोस्ट कर तथा देव ज्योति प्रकाश दिव्य पिता लकेश्वर दिव्य ग्राम मिसदा के द्वारा अपने इंस्टाग्राम ID mr_dev_divya में जानवर लोग जानवर के जयंती मनाते हैं पोस्ट डालकर बंजारे माईकल को किये गये मेन्सन पर बंजारे माईकल के द्वारा जय जबरन खली लिखकर तथा मि० देव दिव्य के द्वारा जानवर लोग जानवर की जयंती मनाते है कि पोस्ट मि० साहिल 578 को मेन्सन कर मि० साहिल के द्वारा उसी पोस्ट को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किये गये फोटो में तीन हंसते हुये स्माईल का फोटो पोस्ट कर हिन्दू धर्म के लोगों की धार्मिक भावना ठेस पहुंचाये हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 100/2022 धारा 295 / 34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुये पुलिस अधीक्षक महोदय डा० अभिषेक पल्लव , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय अनिल सोनी के प्रकरण का त्वरित निराकरण करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश प्राप्त कर तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) चंद्रशेखर परमा के कुशल मार्गदर्शन पर दौरान विवेचना के जरिये मुखबिर के सूचना मिलने पर कि प्रकरण के आरोपी देव ज्योति प्रसाद दिव्य एवं माईकल बंजारे साकिन मिस्दा कही भागने के फिराक में अटल चौक मिस्दा के पास साधन का इंतजार करते खड़ा है। सूचना पर हमराह स्टाफ के घेराबंदी कर दोनों को पकड़े , जिन्होंने पूछताछ करने पर धारा सदर के तहत अपराध घटित करना स्वीकार किये। आरोपियों के विरुद्ध धारा सदर के तहत अपराध घटित करना सबूत पाये जाने से आरोपियों को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया , जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में एक अन्य आरोपी साहिल लहरे फरार है , जिसकी गिरफ्तारी शेष है। उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी निरीक्षक जी० एस० राजपूत के निर्देशन में किया गया , जिसमें उनि बी०एन० बनाफर / प्रधान आरक्षक राधेश्याम पूर्णा /भीम प्रसाद श्रीवास / आरक्षक बलराम यादव / फुलचंद जाहिरे / मंगल सिंह नेताम / गुहाराम उरांव का सराहनीय योगदान रहा।
: काशी विश्वनाथ कारीडोर का पीएम मोदी करेंगे 13 को लोकार्पण
Wed, Dec 1, 2021
वाराणसी - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने महत्वकांक्षी परियोजना काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को 13 दिसम्बर को लोकार्पित करेंगे। लगभग सौ से भी ज्यादा छोटे बड़े मन्दिर और विग्रहों को इस कॉरिडोर में एक श्रृंखला के तौर पर स्थापित किया गया है। इस कॉरिडोर के निर्माण में अधिग्रहण और निर्माण पर लगभग 600 करोड़ की राशि खर्च हुई है। पूरे परिसर का क्षेत्रफल करीब 55 हज़ार वर्गमीटर में फैला हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 08 मार्च 2019 को काशी विश्वनाथ धाम का शिलान्यास किया था। ढाई साल से जारी निर्माण कार्य के बीच कोरोना की पहली और दूसरी लहर में विश्वनाथ धाम का काम भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। पहले इसका उद्घाटन मार्च में होना था लेकिन काम प्रभावित होने से दिसंबर में हो रहा है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को भव्य रूप देने के लिये सात तरह के विशेष पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें बालेश्वर स्टोन , मकराना मार्बल , कोटा ग्रेनाइट और मैडोना स्टोन का मुख्य रूप से उपयोग किया गया है। यहां मुख्य रूप से यात्री सुविधा केंद्र , म्यूजियम , स्प्रिचुअल बुक सेंटर , फूड कोर्ट और मुमुक्ष भवन से लेकर हर वो चीज होगी जो श्रद्धालुओं के साथ ही सैलानियों को आकर्षित करने के लिये पर्याप्त होगी।पीएम मोदी 11 अर्चकों के साथ बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और पूजा अर्चना करेंगे। इस भव्य आयोजन के लिये सभी बारह द्वादश ज्योतिर्लिंग के अर्चकों को को भी निमंत्रण दिया गया है। इसके अलावा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन पर चारों पीठ के पीठाधीश्वर और धर्म आचार्यों भी उपस्थित रहेगी। कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ ही काशी में लगातार एक महीने के कार्यक्रमो की पूरी एक श्रृंखला शुरू होगी। पंद्रह दिसम्बर को सभी भाजपा समर्थित राज्यों के मुख्यमंत्री काशी में रहेंगे , इन सभी मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम की मुलाकात भी होगी। इसके बाद 14 जनवरी तक उद्यमी , शिक्षाविद , वास्तुविद , सोशल मीडिया इंफ्लून्सर ,पर्यावरणविद , देश के सभी प्रमुख मीडिया समुह के सम्पादकों , ब्लॉगर , टूर ऑपरेटर , विभिन्न देशों के पर्यटन और संस्कृति मंत्री , ओडीओपी के लाभार्थी , इंजीनियर , डॉक्टर लोग अलग अलग दिनों में काशी में इकट्ठा हो कर सरकार के कामकाज और नीतियो पर मंथन करेंगे।