: भगवान शिव के पांचवें अवतार हैं कालभैरव - अरविन्द तिवारी
Sat, Nov 27, 2021
वाराणसी - हिंदू धर्म में काल भैरव जयंती का महत्वपूर्ण स्थान है। यह मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि यानि आज मनायी जाती है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये अरविन्द तिवारी ने बताया कि भगवान शिव के उग्र स्वरूप को काल भैरव के नाम से जाना जाता है। कालभैरव दो शब्दों से मिलकर बना है - एक काल और दूसरा भैरव। काल का अर्थ होता है मृत्यु , डर और अंत जबकि भैरव का मतलब है भय को हरने वाला। जिससे काल भी डरता है। काल भैरव की पूजा करने से मृत्यु का भय दूर हो जाता है और जीवन में आ रहे कष्टों से भी मुक्ति मिलती है। इस दिन व्रत रखने का खास महत्व माना गया है।हिंदू धर्म में विशेषकर शैव और शाक्त संप्रदाय में भगवान शिव के पांचवें अवतार काल भैरव के पूजन का विशिष्ट महत्व है। इनके पूजन से मृत्यु भय पर विजय की प्राप्ति होती है। काल भैरव का भक्त कभी अकाल मृत्यु को प्राप्त नहीं होता है। यूं तो भैरव के प्रमुख रूपों में बटुक भैरव और काल भैरव ही हैं वहीं इन्हें रुद्र , क्रोध , उन्मत्त , कपाली , भीषण और संहारक भी कहा जाता है। भैरव को भैरवनाथ भी कहा जाता है , इसकी महत्ता का आकलन इसी से किया जा सकता है कि जहां-जहां ज्योर्तिलिंग और शक्तिपीठ हैं , वहां-वहां काल भैरव को स्थान मिला है। वैष्णो देवी , उज्जैन के महाकालेश्वर , विश्वनाथ मंदिर आदि में काल भैरव मौजूद हैं।मान्यता है कि भगवान भैरव की उत्पत्ति भगवान शिव के अंश के रूप में हुई। श्वान पर सवार भक्तों के लिये भगवान कालभैरव दयालु , कल्याण करने वाले और अतिशीर्घ प्रसन्न होने वाले देवता हैं। लेकिन अनैतिक कार्य करने वालों के लिए ये दंडनायक है। इतना ही नहीं , ऐसा भी माना जाता है कि अगर इनके भक्तों का कोई अहित करता है तो उसे तीनों लोकों में कहीं भी शरण नहीं मिलती। काल भैरव श्वान पर सवार होते हैं और बुरे कार्य करने वाले को दंडित करने के लिये त्रिशूल के साथ साथ एक छड़ी भी रखते हैं। इस दिन भगवान काल भैरव जी की विधि विधान से पूजा कर “ॐ कालभैरवाय नम:’ मंत्र का जाप किया जाता है। इस दिन व्रत रखने से व्यक्ति के शत्रु दूर हो जाते हैं। काल भैरव अष्टमी के दिन साधक को भगवान काल भैरव के मंदिर में उनकी आरती करके पीले रंग की पताका भगवान को अर्पित करनी चाहिये। भैरव की विशेष कृपा पाने के लिये आज के दिन उन्हें पाँच नींबू अर्पित करें। आज के दिन बाबा भैरव नाथ को जलेबी का भोग लगाकर बची हुई जलेबी किसी काले श्वान को खिलाना चाहिये। बाबा भैरव नाथ की सवारी होने के कारण बाबा को श्वान अतिप्रिय होता है , श्वान को जलेबी या मीठी रोटी खिलाने से उनकी विशेष कृपा आती है। काल भैरव को प्रसन्न करने के लिये काल आज के दिन तैलीय खाद्य पदार्थ जैसे पापड़ , पूड़ी , पुये और पकौड़े का भोग लगाकर अगले दिन इन्हें गरीब और जरूरतमंद लोगों में बाँटने से काल भैरव की विशेष कृपा बनी रहती है। इस उपाय को करने से भगवान भैरव के साथ साथ शनिदेव की भी कृपा बनी रहती है। भैरव उपासना क्रूर ग्रहों के प्रभाव को समाप्त करती है। भैरव देव जी के राजस , तामस व सात्विक तीनों प्रकार के साधना तंत्र प्राप्त होते हैं। इनकी साधना स्तंभन , वशीकरण , उच्चाटन और सम्मोहन जैसी सभी तांत्रिक क्रियाओं के दुष्प्रभाव को नष्ट करती है। मान्यतानुसार भैरव आराधना से शत्रु से मुक्ति , संकट , कोर्ट-कचहरी के मुकदमों में विजय प्राप्त होती है , व्यक्ति में साहस का संचार होता है। भैरव को काशी का कोतवाल भी कहा जाता है। इस दिन भगवान काल भैरव की पूजा की जाती है। साथ ही यह भी कहा जाता है कि काशी में रहने वाले हर व्यक्ति को यहां पर रहने के लिये बाबा काल भैरव की आज्ञा लेनी पड़ती है। मान्यता है कि भगवान शिव ने ही इनकी नियुक्ति यहां की। आज के दिन भगवान शिव की पूजा कर 21 बिल्वपत्रों पर चंदन से ‘ॐ नम: शिवाय’ लिखकर शिवलिंग पर चढ़ायें। भैरव देव की कृपा पाने के लिये प्रत्येक गुरूवार के दिन श्वान को गुड़ खिलाना चाहिये। इसके अलावा गरीबों में कंबल दान करना चाहिये।काल भैरव अवतरणवैसे तो काल भैरव के जन्म या अवतरण की कई पौराणिक कथायें प्रचलित हैं। शिवपुराण के अनुसार एक बार सबसे ज्यादा कौन श्रेष्ठ है इसे लेकर ब्रह्मा जी , विष्णु जी और भगवान शिव के बीच विवाद पैदा हो गया। इसी बीच ब्रह्माजी ने भोलेनाथ की निंदा की। इसके चलते शिव जी बेहद क्रोधित हो गये , शिवशंकर के रौद्र रूप से ही काल भैरव का जन्म हुआ था। काल भैरव ने अपने इस अपमान का बदला लेने के लिये अपने नाखून से ब्रह्माजी के पांँचवे सिर को काट दिया। क्योंकि इस सिर ने शिव जी की निंदा की थी। इसके चलते ही काल भैरव पर ब्रह्म हत्या का पाप लग गया था। ब्रह्माजी का कटा हुआ शीष काल भैरव के हाथ में चिपक गया था। ऐसे में काल भैरव को ब्रह्म हत्या से मुक्ति दिलाने के लिये शिवशंकर ने उन्हें प्रायश्चित करने के लिये कहा। शिव जी ने बताया कि वो त्रिलोक में भ्रमण करें और जब ब्रह्रमा जी का कटा हुआ सिर हाथ से गिर जायेगा उसी समय से उनके ऊपर से ब्रह्म हत्या का पाप हट जायेगा। फिर जब वो काशी पहुंँचे तब उनके हाथ से ब्रह्मा जी का सिर छूट गया। इसके बाद काल भैरव काशी में ही स्थापित हो गये और शहर के कोतवाल कहलाये। ऐसा कहा जाता है कि काशी के राजा भगवान विश्वनाथ हैं वहीं नगरी के कोतवाल काल भैरव हैं। आज भी बिना काल भैरव के दर्शन के बाबा विश्वनाथ का दर्शन अधूरा माना जाता है।
: परंपरागत पूजन पश्चात बंद हुआ बद्रीनाथ मंदिर का कपाट
Sun, Nov 21, 2021
बद्रीनाथ - उत्तराखंड में देवस्थानम बोर्ड एक्ट विरोध के मुद्दे के बीच जारी रही चार धामों की यात्रा संपन्न हो चुकी है। केदारनाथ , गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के बाद तय कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर शनिवार को
उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध बद्रीनाथ मंदिर के कपाट भी सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के बाद शाम 06:45 बजे बंद कर दिये गये। आईटीबीपी के बैंड धुन के साथ कपाट बंद होने की रस्में हुईं। इस बार कपाट बंद होने के दौरान धाम में कोई भी वीआईपी नहीं पहुंचा था। इसके पहले केदारनाथ , गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पहले ही पांच और छह नवंबर को बंद हो चुके हैं। पिछले चार दिनों से चल रहे कपाट बंद होने का क्रम शनिवार की देर शाम तक समाप्त हुआ। बताते चलें चारों धामों में बद्रीनाथ ही इकलौता धाम है , जहां कपाट बंद होने का कार्यक्रम चार दिन पहले से ही शुरू हो जाता है। कपाट बंद होने से पूर्व पुष्प सेवा समिति ऋषिकेश की ओर से बद्री विशाल के मंदिर का चारो तरफ से श्रृंगार बीस क्विंटल गेंदा , गुलाब और कमल फूलो से किया गया था। कड़ाके की ठंड होने के बावजूद भी कपाट बंद होने की साक्षी बनने के लिये चार धाम यात्रा के अंतिम दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुये थे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के अंतिम दिन शनिवार की तड़के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ने भगवान बद्रीनाथ का महाभिषेक कर फूलों से श्रृंगार गार किया। सुबह छह बजे भगवान बद्रीनाथ की अभिषेक पूजा हुई , इसके बाद सुबह आठ बजे बाल भोग और दोपहर में साढ़े बारह बजे भोग लगाया गया। बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया शाम चार बजे से शुरू हुई। शाम चार बजे माता लक्ष्मी को बदरीश पंचायत (बदरीनाथ गर्भगृह) में स्थापित किया गया और गर्भगृह से गरुड़ जी , उद्घव जी और कुबेर जी को बदरीश पंचायत से बाहर लाया गया। सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के बाद देर शाम बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद कर दिये गये। आज रविवार को बद्रीनाथ के रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी के नेतृत्व में आदि गुरु शंकराचार्य की डोली , कुबेर जी और उद्घव जी की उत्सव डोली पांडुकेश्वर के लिये रवाना होगी। अब शीतकाल में कुबेर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में और आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी की पूजा नृसिंह मंदिर जोशी मठ में की जायेगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के चार प्रसिद्ध हिमालयी मंदिरों को 'चारधाम' के नाम से जाना जाता है। प्रत्येक वर्ष सर्दियों में इन चारों धामों पर भारी बर्फबारी के कारण मंदिरों के कपाट बंद कर दिये जाते हैं , इसके साथ ही उत्तराखंड की वार्षिक चारधाम यात्रा समाप्त हो जाती है। कोरोना महामारी की लहर को लेकर चार धाम यात्रा इस बार भी देरी से शुरू हुई। हाईकोर्ट ने सितंबर माह में चार धाम यात्रा पर लगी रोक हटायी थी। हाईकोर्ट ने कुछ नियमों के साथ चार धाम यात्रा की मंजूरी दे दी थी। पिछले दो साल से बंद चार धाम यात्रा की वजह से कारोबारियों और पर्यटन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। इसे लेकर व्यापारी सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं बद्रीनाथ धाम में साधु संत भी सरकार के खिलाफ मैदान में उतर आये थे , तब कहीं जाकर चार धाम यात्रा को हाईकोर्ट से मंजूरी मिली लेकिन अब शीतकाल को देखते हुये फिर से कपाट बंद हो गया है।
: छठ पर्व पर पुरी शंकराचार्य ने दी शुभकामना संदेश
Tue, Nov 9, 2021
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजगन्नाथपुरी -- ऋग्वेदीय पूर्वाम्नाय श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्यपाद स्वामी श्रीनिश्चलानन्द सरस्वती जी महाराज छठ पर्व पर अपनी शुभकामना प्रेषित करते हुये संदेश में कहा है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी भगवान् आदित्य और भगवती षष्ठी देवी की आराधना की पवित्र तिथि है। इस वर्ष यह योग 10 तथा 11 नवम्बर को सुलभ है। इस अवसर पर सनातन धर्म में आस्थान्वित महानुभाव पवित्र दशा में आदित्याय नमः - इस मन्त्र का आस्था पूर्वक 1008 बार जप करें तथा भगवान् सूर्य और षष्ठी देवी को जलदानादि से तृप्तकर उनका अनुग्रह पात्र बनें। स्वास्थ्य , सुमति , समृद्धि से सम्पन्न भारत को हिन्दु राष्ट्र के रूप में ख्यापित करने की भावना से उनकी आराधना करें।