: सबका साथ , सबका विकास - सबका विश्वास और सबका प्रयास हमारा मंत्र - पीएम मोदी
Thu, Nov 25, 2021
गौतमबुद्धनगर - पहले की सरकारें सिर्फ घोषणायें करती थीं , पिछली सरकारों ने लोगों को अंधेरे में रखा लेकिन हम ऐसा कुछ नहीं करते। हमारे देश में कुछ राजनीतिक दलों ने हमेशा अपने स्वार्थ को सर्वोपरी रखा है। इन लोगों की सोच रही है अपना स्वार्थ , अपने परिवार को ही विकास मानते थे। जबकि हम राष्ट्रप्रथम पर चलते हैं। सबका साथ , सबका विकास , सबका विश्वास और सबका प्रयास यही हमारा मंत्र है। हमारी राष्ट्रसेवा के सामने कुछ राजनीतिक दलों की स्वार्थनीति नहीं टिक सकती। आज जेवर का नाम भी अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर अंकित हो गया है।
उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गौतमबुद्धनगर में पश्चिमी यूपी को एशिया के सबसे बड़े इंटरनेशनल जेवर एयरपोर्ट की सौगात देने के बाद उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुये कही। यह एयरपोर्ट प्रदेश के औद्योगिक , आर्थिक और पर्यटन के विकास के लिये मील का पत्थर साबित होगा। इसके पहले पीएम मोदी ने एयरपोर्ट से होने वाले यूपी के विकास का ऑडियो-विजुुुअल प्रजेंटेशन और एयरपोर्ट के मॉडल का अवलोकन किया। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुये आगे कहा कि पहले सरकारों के दौरान जिनके लिये किसानों से जमीन तो ली गई , लेकिन उनमें या तो मुआवजे से जुड़ी समस्या रही या फिर सालों से जमीन बेकार पड़ी है। हमने किसान हित में , देश के हित में इन अड़चनों को भी दूर किया। हमने सुनिश्चित किया कि प्रशासन किसानों से समय पर भूमि खरीदे और तब जाकर तीस हजार करोड़ की इस परियोजना का भूमिपूजन करने के लिये आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में इक्कीसवीं सदी की आव्श्यकताओं को ध्यान में रखते हुये तेजी से काम चल रहा है , यही सशक्त भारत की गारंटी है। इक्कीसवीं सदी का भारत एक से बढ़कर एक आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के जरिये बेहतर मॉडल बनेगा। यह उत्तर भारत का लॉजिस्टिक गेटवे बनेगा , जो पूरे क्षेत्र को नेशनल गतिशक्ति मास्टर प्लान का प्रतिबिंब बनायेगा। डबल इंजन की सरकार की प्रतिबद्धता से यूपी में अग्रणी भूमिका निभायेंगे और हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि जिसे पहले की सरकारों ने झूठे सपने दिखाये , आज वही यूपी अंतर्राष्ट्रीय छाप छोड़ रहा है। आज यूपी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मेडिकल संस्थान , रेलवे , हाईवे , एयर कनेक्टिविटी मिल रही है। इसलिये आज देश और दुनियां के निवेशक कहते हैं यूपी यानि उत्तम सुविधा , निरंतर निवेश , यूपी की इसी अंतर्राष्ट्रीय पहचान को नये आयाम दे रही है। पीएम ने विपक्ष जमकर हमला बोलते हुये कहा कि पहले जो सरकारें रहीं उन्होंने कैसे पश्चिमी यूपी के विकास को नजरअंदाज किया ? उसका एक उदाहरण ये जेवर एयरपोर्ट भी है। दो दशक पहले यूपी की भाजपा सरकार ने इस प्रोजेक्ट का सपना देखा था , लेकिन बाद में ये एयरपोर्ट अनेक सालों तक दिल्ली और लखनऊ में पहले जो सरकारें रहीं उनकी खींचतान में उलझा रहा। यूपी में पहले जो सरकार थी , उसने तो बकायदा चिट्ठी लिखकर तब की केंद्र सरकार को कह दिया था कि इस एयरपोर्ट के प्रोजेक्ट को बंद कर दिया जाये। अब डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से आज हम उसी एयरपोर्ट के भूमिपूजन के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर हमारे लिये राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति का हिस्सा है। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि तय समय पर ही काम पूरा हो जाये , देरी होने पर हमने जुर्माने का प्रवधान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि हवाई अड्डे के निर्माण के दौरान रोजगार के हजारों अवसर बनते हैं , पश्चिमी यूपी के हजारों लोगों को नये रोजगार देगा। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट निर्यात के बहुत बड़े केंद्र को अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों से सीधे जोड़ेगा। यहां के किसान फल , सब्ज़ी , मछली जैसी ज़ल्दी खराब होने वाली उपज को सीधे निर्यात कर पायेंगे। इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , नारिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया , प्रदेश के नारिक विमानन मंत्री नंद गोपाल नंदी ने भी संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे पहले उत्तरप्रदेश की जनता को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे , कुशीनगर एयरपोर्ट , रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर , राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य यूनिवर्सिटी , पचहत्तर विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण सहित नौ मेडिकल कॉलेज की सौगात दे चुके हैं।
: काआशी में दौड़ेगी मंदसौर की बहु ललिता
Thu, Nov 25, 2021
प्रधानमंत्री के संसदीय सीट वाराणसी उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली तीसरी राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए शासकीय माध्यमिक स्कूल गरनई, ब्लाक मल्हारगढ़ जिला मंदसौर का चयन हुआ है। राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में ललिता सिसोदिया 5 किलोमीटर वॉक रेस और लंबी कूद में प्रतिभाग करेंगी। उनके इस चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी मंदसौर श्री आर० एल० कारपेंटर ने उन्हें विजय श्री का आशीर्वाद देते हुए कहा कि आदर्श शिक्षिका ललिता सिसोदिया पर हम सबको गर्व है कि इनका चयन राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। हम सभी को मिलकर इनका हौसला बढ़ाना चाहिए। संकुल प्राचार्य अनिल पाटीदार एवम संजीत के प्राचार्य रामेश्वर डांगी ने कहा कि यह हमारे विद्यालय के साथ साथ मंदसौर और संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के लोकेंद्र डाबी सुनील मारु ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी। विकासखंड स्त्रोत समन्वयक मदन मालवीय, बीएसई दिनेश वर्मा पद्मश्री ने भी शुभकामनाएं दी, कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में मंदसौर की बेटी प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अवसर पर बधाई देने वालों में दिनेश शर्मा, अनिल पाटीदार, मदन मालवीय, शैलेंद्र सिसोदिया, शेखर सिसोदिया सहित इष्ट मित्रों और परिवार के लोगों ने हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।
: पीएम मोदी आज करेंगे जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास
Thu, Nov 25, 2021
गौतमबुद्धनगर - पूर्वी उत्तरप्रदेश में कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन , पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण और बुंदेलखंड को विभिन्न उपहार देने के बाद चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले अब पीएम मोदी उत्तरप्रदेश को जेवर एयरपोर्ट की सौगात देने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज एशिया के सबसे बड़े जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास कर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी और सीएम योगी के अलावा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत राज्य सरकार के मंत्री और अन्य दिग्गज नेता शिरकत करेंगे। जेवर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं ,प्रधानमंत्री के स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप में कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन , बम निरोधक दस्ता आदि के जरिये जांच कर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है , सभी को सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जायेगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पूर्वान्ह 11:20 बजे दिल्ली से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर में सवार होकर जेवर के लिए रवाना होंगे। उनका हेलीकॉप्टर करीब आधा घंटे में 11:50 पर जेवर में भूमिपूजन स्थल पर बनाये गये हेलीपैड पर उतरेगा। जेवर में कार्यक्रम स्थल पर तीन हेलीपैड बनाये गये हैं , इनमें से एक हेलीपैड का इस्तेमाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे , दूसरे हेलीपैड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तीसरे हेलीपैड पर उनका सुरक्षा दस्ता उतरेगा। हेलीपैड पर पीएम मोदी का स्वागत करने के लिये दस मिनट का वक्त निर्धारित किया गया है। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल , गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सिंह , जिलाधिकारी सुहास एलवाई , स्थानीय सांसद डॉ.महेश शर्मा और जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह को जगह दी गई है। अगुवानी पश्चात प्रधानमंत्री ठीक बारह बजे शिलान्यास स्थल पर पहुंच जायेंगे।दोपहर बारह बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिये भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम का विधि-विधान से शुभारंभ होगा। भूमिपूजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , यमुना इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह , जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेनेलमैन , स्थानीय विधायक और सांसद को सम्मिलित किया जायेगा। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी करीब चालीस मिनट जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद वे दोपहर 01:10 पर मंच से वापस होकर हैलिपैड पहुंचेंगे जहां से दोपहर 01:15 पर उनका हेलीकॉप्टर दिल्ली के लिये टेकऑफ करेगा। इस हिसाब से जानकारी के अनुसार पीएम मोदी जेवर में लगभग 85 मिनट रहेंगे।एक नजर जेवर एयरपोर्ट परयह शायद दुनियां का इकलौता एयरपोर्ट होगा , जिसकी कनेक्टिविटी सबसे बेहतर होगी। यह एयरपोर्ट चार एक्सप्रेसवे , मेट्रो , बुलेट ट्रेन और पॉड टैक्सी से जुड़ा होगा। खास बात यह है कि मेट्रो और बुलेट ट्रेन का स्टेशन एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग में बनेगा। यहां हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिये हर सुविधा का ख्याल रखा गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर तक पहुंचने के लिये यात्रियों को कई विकल्प दिये जायेंगे। मेट्रो के जरिये जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली एयरपोर्ट से जोड़ा जायेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यूपी का यह पांचवां अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा वर्ष 2024 में शुरू हो जायेगा। चौतीस हजार करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से विकसित होने वाला हवाई अड्डा एक लाख से अधिक लोगों के लिये रोजगार के अवसर पैदा करेगा। फिलहाल इस एयरपोर्ट की चारदीवारी का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।