: अवैध शराब बिक्री करने का आरोपी जेल दाखिल
Sun, Mar 5, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबिलासपुर - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिल्हा पुलिस ने निजात अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री करने वाले आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बिल्हा थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर ने अरविन्द तिवारी को बताया पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर संतोष कुमार सिंह के द्वारा जिले में नशे के करोबार पर अंकुश लगाने एवं जिला को नशा मुक्त करने हेतु निजात अभियान के तहत कार्यवाही करने निर्देशित किया गया था। जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय (ग्रामीण) राहूल देव शर्मा , उप पुलिस अधीक्षक सी० डी० लहरे के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर थाना बिल्हा के नेतृत्व में टीम गठित कर बिल्हा में अवैध शराब बिक्री करने वालो की धरपकड हेतु मुखबिर तैनात किया गया था। आज मुखबिर से सूचना मिला कि ग्राम पत्थर खान में एक व्यक्ति अवैध रूप से भारी मात्रा में महुआ शराब रखकर ब्रिकी कर रहा है। जिस पर थाना बिल्हा पुलिस द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी मुकेश नेताम पिता बहोरीक नेताम उम्र 30 साल निवासी पत्थरखान थाना बिल्हा जिला-बिलासपुर (छग) के कब्जे से दो नग पांच-पांच लीटर क्षमता वाली सफेद रंग की प्लाटिक जरीकेन में दोनो जरीकेन मे पांच-पांच लीटर कुल दस लीटर हाथ भट्ठी का बना हुआ कच्ची महुआ शराब कीमत करीब दो हजार रूपये व 100 रूपये बिक्री रकम जुमला रकम 2100 रूपये को जप्त किया गया। आरोपी के विरूद्ध पृथक - पृथक धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुये बिल्हा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी देवेश सिह राठौर के नेतृत्व मे किया गया , जिसमें प्रधान आरक्षक रूपेश तिग्गा , आरक्षक सुमंत चंद्रवंशी , दिनेश कुमार पटेल , जय कुमार बंजारे का विशेष योगदान रहा।
: होली में हुडदंग करने वालों पर की जायेगी सख्त कार्यवाही - बिलासपुर आईजी
Sat, Mar 4, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबिलासपुर - पुलिस अधीक्षकों की रेंज स्तरीय बैठक आज रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में बद्री नारायण मीणा पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज द्वारा आहूत की गई । बैठक के दौरान रेंज के जिलों में होली पर्व के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द्र , शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया। साथ ही दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा की गई। इस बैठक में आईजी मीणा द्वारा होली पर्व के पूर्व प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक करने तथा थाना क्षेत्रों में आदतन अपराधियों , गुण्डा-बदमाश एवं असामाजिक तत्वों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही करने , बिना नम्बर प्लेट वाली वाहनों , दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी के साथ वाहन चालन , नकाब पहनकर वाहन चालन करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया गया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन कर ऐसे क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग दस्ता के नियमित पेट्रोलिंग तथा फिक्स पिकेट लगाने कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग कराने के लिये निर्देशित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक मीणा द्वारा बैठक के दौरान दोषमुक्ति प्रकरणों पर भी चर्चा कर पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया कि न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के पूर्व इसकी समीक्षा संबंधित थाने के पर्यवेक्षणकर्ता अधिकारी के माध्यम से आवश्यक रूप से करावें। एनडीपीएस के प्रकरणों में विवेचक द्वारा की जा रही प्रक्रियात्मक त्रुटियों के निराकरण हेतु विवेचकों के प्रशिक्षण के लिये निर्देशित किया गया ताकि न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान अभियोजन पक्ष की कमी का लाभ आरोपी पक्ष को ना मिले व विवेचना के स्तर में सुधार लाया जा सके। इस बैठक में सदानंद कुमार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ , एम.आर.अहीरे पुलिस अधीक्षक सक्ती , संतोष कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक बिलासपुर , आशुतोष सिंह पुलिस अधीक्षक सारंगढ-बिलाईगढ़ , विजय अग्रवाल पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा , यू.उदय किरण पुलिस अधीक्षक कोरबा , श्रीमती दीपमाला कश्यप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर , श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली एवं अतिरिक्त संचालक , उप संचालक , संयुक्त संचालक अभियोजन तथा अन्य अभियोजन अधिकारीगण उपस्थित रहे।
: कीड़े लगे विक्षिप्त महिला की सेवा कर इंसानियत की मिसाल बनीं निधि
Sat, Mar 4, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टबिलासपुर - उपचार के दौरान कई बार अस्पताल से फरार हुई विक्षिप्त महिला को पुलिस और आमजनों की सहयोग से पकड़कर बिलासपुर की निधि तिवारी ने अंतत: कोरबा स्थित अपना घर आश्रम में दाखिल कराने में सफलता हासिल कर ही ली। बहुत दिनों तक उनकी सेवा करने के बाद महिला को आश्रम में छोड़ते समय निधि जहां भावुक हो गई वहीं महिला ने भी भावुक होकर रूधे स्वर में गले लगाकर फिर देखने आने की बात कही। यह दृश्य देखकर आश्रम के पदाधिकारी और अन्य सेवकों के भी आंखों से आंसू निकल पड़े।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये जीव जंतुओं की सेवा करने वाली बिलासपुर की निधि तिवारी ने अरविन्द तिवारी को बताया कि पूछताछ में अपना नाम नत्थूबाई गोड़ पति मानसिंग गोंड़ निवासी पकरिया बताने वाली यह विक्षिप्त महिला इसी साल 31 जनवरी को तखतपुर मे मार्केट के पास दयनीय स्थिति में पड़ी हुई मिली थीं। जिसे कुत्ते नोच रहे थे और उसके शरीर से सड़न की बदबू आ रही थी। हिंदू युवा मंच के कोमल ठाकुर एवं अन्य भाईयों ने देखा तो तत्काल 112 की मदद से उन्हें बिलासपुर सिम्स भिजवाया एवं मुझे फ़ोन करके घटना की जानकारी दी। जैसे ही एम्बुलेंस तखतपुर से बिलासपुर सिम्स पहुंची , मैंने उसे तुरंत एडमिट करवाया। उनकी हालत देख डॉक्टर भी अचंभित हो गये थे ,क्योंकि उनके सिर का पिछला हिस्सा कीड़े खा चुके थे। अंदर उनकी खोपड़ी नज़र आ रही थी , जिसमें लाखों की तादाद में कीड़े थे। बदबू इतनी ज़्यादा थी की कोई भी पास जाने से कतरा रहा था वहाँ उनका प्राथमिक उपचार कराके वार्ड में एडमिट कराया। फिर रोज़ाना मैं सिम्स जाकर उन्हें भोजन व उनका उपचार करवाती थी। इसी तरह कुछ दिन बीत गये , घाव भरने लगा था और एक महीने बाद उनकी सर्जरी होनी थी। लेकिन कुछ दिन बाद उन्हें दर्द से राहत मिला और वह थोड़ी सक्रिय होते ही हॉस्पिटल से भाग निकली। ढूँढने पर बिलासपुर मे देवकीनन्दन चौक पर मिली पुनः उन्हें सिम्स में भर्ती कराया गया। इसके बाद फिर भागी और सिरगिट्टी में मिली और उसे फिर भर्ती कराया गया। विक्षिप्त होने के कारण वह फिर भाग निकली और इस बार वह रतनपुर में मिली , जहां से उसे फ़ोन के ज़रिये थाने में बात करके उन्हें वापस मँगवाया। फिर मैं उन्हें 112 की सहायता से सेंद्री लेकर गयी ताकि वह अब कही जा ना सके। वहाँ घंटो तक खड़ी रही लेकिन उन्हें एडमिट नही किया गया। उन्होंने स्पष्ट जवाब दे दिया कि घाव वाले मरीज़ के लिये हमारे पास कोई डॉक्टर या ड्रेसिंग करने वाला नही है। इस कठिन परिस्थिति में मैंने तखतपुर विधायक रश्मि सिंह से बात किया उनके बोलने पर वो रखने को राज़ी हुये पर उन्होंने उनको दूसरे ही दिन फिर से सिम्स रिफ़र कर दिया। यहां से वह फिर भाग निकली और सेंद्री के पास दोबारा मिलने पर फिर सिम्स मे एडमिट करवाई। मैंने सिम्स में कई बार निवेदन किया कि सर्जरी होने तक इन्हें मानसिक रोगी वाले कक्ष में रखा जाये परंतु वहाँ ध्यान नही दिया गया। अब की बार जब वह फिर भागी तो मैं हिम्मत हार चुकी थी , कही से कोई मदद नही मिल रही थी। लेकिन पंद्रह दिन बाद जब वो चकरभांठा में दिखी तो राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक महोदय रतन लाल डांगी के मार्गदर्शन एवं बिल्हा थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर और गो सेवक प्रह्लाद के दो दिन के अथक प्रयास से एक बार फिर महिला को सिम्स लाया गया। लेकिन इस बार मुझमें इतनी हिम्मत नही थी कि फिर से सिम्स जाकर सारी प्रक्रिया दोहराकर उन्हें एडमिट कराऊं। इस बार मैंने राणा मुखर्जी , प्रभजोत कौर एवं टीम द्वारा संचालित कोरबा स्थित अपना घर आश्रम में बात की और उस महिला को वहीं एडमिट कर दी। अगर मैं हार मान जाती तो उसे कीड़े ज़िंदा खा जाते। निधि ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य होते ही उन्हें उनके परिवार को सौंप दिया जायेगा।
इस सम्पूर्ण सेवा में अभिषेक सोनी , अनुराग अग्रवाल , रौनक़ पांडेय , अभ्यूश्री श्रीवास्तव , नम्रता तिवारी का विशेष सहयोग रहा।हम तो बस माध्यम हैं - निधि तिवारीनिधि ने समाज के नाम अपने संदेश में कहा है कि अगर हमारा थोड़ा सा समय किसी के जीवन को बचा सकता है , तो अपना समय ज़रूर दें। किसी का जीवन बचाना बहुत बड़ी बात होती है , क्योंकि ये काम तो ईश्वर ही करते हैं जबकि हम तो केवल माध्यम बनते हैं। हम ईश्वर की शुक्रिया अदा करें कि उन्होंने हमें इस सेवा के लिये चुना है। उन्होंने कहा कि यदि हम सब संकल्प करके थोड़ा सा समय दें तो अब कोई भी विक्षिप्त भाई बहन सड़कों पर नही भटकेंगे बल्कि वे आश्रम में सुकून का जीवन व्यतीत करेंगे।