: आत्महत्या के लिये उत्प्रेरित करने वाला आरोपी पति जेल दाखिल
Mon, Jan 30, 2023
जांजगीर चांपा - दहेज और वेतन के पैसा के नाम पर प्रताड़ित कर आत्महत्या करने के लिये उत्प्रेरित करने वाले आरोपी पति को बलौदा पुलिस ने दहेज मृत्यु धारा के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बलौदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी ने अरविन्द तिवारी को बताया कि मृतिका ललिता यादव उम्र 38 वर्ष निवासी खिसोरा जो लेवई मिडिल स्कूल में शिक्षा कर्मी वर्ग 02 के पद पर कार्यरत थी। मृतिका की शादी आरोपी रूद्रप्रताप यादव से करीबन पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उन्होंने गत 14 जनवरी को अपने घर के कमरा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी , जिस पर थाना बलौदा में मर्ग कायम कर जांच की गई। प्रकरण गंभीर प्रकृति का होने से पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल पहुंचकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिया गया था। मृतिका के नव विवाहिता होने से उनके माता पिता एवं गवाहों का कथन लिया गया। जिसमें पाया गया कि मृतिका का पति रूद्रप्रताप यादव उम्र 33 वर्ष निवासी खिसोरा मृतिका को किसी से बात नही करने देता था और मृतिका के बैंक पास बुक एटीएम को अपने पास रखता था। इसके अलावा खर्च के लिये पैसी भी नही देता था और शराब पीकर मारपीट करता था। इसकी जानकारी मृतिका ने अपनी मां को मृत्यु के एक दिन पूर्व फोन कर बताई थी। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी पति रूद्रप्रताप यादव द्वारा मृतिका से पांच लाख रूपये की मांग करना और तुम मर जाओंगे तो तुम्हारे जगह नौकरी करूंगा कहकर मृतिका को शरीरिक , मानसिक आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इससे प्रताड़ित होकर नवविवाहिता दिनांक घटना को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस प्रकरण में आरोपी रूद्रप्रताप यादव पिता धिरपाल यादव उम्र 33 वर्ष निवासी खिसोरा थाना बलौदा जिला जांजगीर चांपा के विरूद्ध बलौदा पुलिस ने धारा 304बी भादवि का अपराध कायम कर आज विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर परमा , उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी थाना प्रभारी बलौदा , सउनि प्रमोद महार , कृष्णपाल सिंह कंवर , प्रधान आरक्षक अरूण कौशिक , महिला प्रधान आरक्षक रामकुमारी मार्को , आरक्षक युवराज सिंह , रामभरोश कश्यप , चंद्रकांत कश्यप , जितेंद्र कुर्रे एवं योगेश यादव का सराहनीय योगदान रहा।
: रक्तदान से मुझे मिलती है आत्मिक संतुष्टि - आरक्षक जयप्रकाश
Mon, Dec 5, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है , क्योंकि रक्त से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। रक्तदान करने से हमे जहां हार्टअटैक जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है , वहीं दूसरों को रक्त देकर उनका जीवन भी बचाया जा सकता है।लोगों पर आये संकट की घड़ी में सही समय पर नि: स्वार्थ भावना से रक्तदान करना भी एक प्रकार से देश सेवा ही है। इसलिये ज्यादा से ज्यादा लोग स्वेच्छा से रक्तदान कर जरुरतमंद लोगों की मदद करें।
उक्त बातें जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ आरक्षक जयप्रकाश राठौर (36 वर्षीय) ने दुरभाष के माध्यम से चर्चा करते हुये अरविन्द तिवारी से कहीं। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से मेरे मन में एक अलग सी सन्तुष्टि मिलती है और मेरे अंदर एक नये ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने आगे बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी व्यक्ति को रक्तदान की आवश्यकता की जानकारी प्राप्त होने पर मेरे द्वारा रक्तदान किया जाता है। अब तक मेरे द्वारा जिला अस्पताल जांजगीर चांपा , अपोलो अस्पताल बिलासपुर , रामकृष्ण केयर रायपुर , महारानी अस्पताल जगदलपुर में बीस बार रक्तदान किया गया है। इसके अलावा भी उन्होंने इस बात पर विशेष जोर देते हुये कहा कि इसी तरह से मैं आजीवन जरूरतमंदों के लिये रक्तदान करता रहूंगा। रक्तदान करने से आने वाली मनगढंत भ्रांतियों के बारे में स्पष्ट करते हुये उन्होंने दावे के साथ कहा कि रक्तदान करने से हमारे शरीर में कभी भी कोई कमजोरी नही आती , बल्कि शरीर में नये रक्त का संचार होने से शरीर में आने वाली बीमारियों की सभावनायें कम होती हैं। उन्होंने कहा कि हमें यह समझने की जरुरत है कि रक्त हमारे स्वास्थ्य के लिये कितना महत्वपूर्ण है। जब व्यक्ति इस बात को समझ जाता है तो वह एक नहीं अनेकों बार रक्तदान करता है। इसका फायदा गिनाते हुये जयप्रकाश ने बताया कि रक्तदान का जितना फायदा जरुरतमंद को होता है। उससे कहीं ज्यादा लाभ रक्तदान करने वाले व्यक्ति को भी मिलता है। अत: हमें समय - समय पर रक्तदान करते रहना चाहिये।गौरतलब है कि जयप्रकाश राठौर पिता विजय कुमार राठौर (36 वर्षीय) मूलत: जांजगीर चांपा जिले के ही नवागढ़ थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सिऊंड़ (भैंसमुड़ी) के निवासी हैं। इन्होंने अपनी शिक्षा पूरी कर देश सेवा के लिये पुलिस का नौकरी चुना और वर्ष 2008 में भर्ती हुये। अपनी पुलिस की जिम्मेदारियों को बखूबी से निभाते हुये एक ओर जहां समाज में फैले विभिन्न भ्रांतियों के कारण आज भी युवा पीढ़ी रक्तदान से कतराती है। ऐसे माहौल में ये बरसों से स्वयं के खर्च पर अस्पताल पहुंचकर नि:स्वार्थ भाव से बेसहारों के लिये सहारा बनते हुये जरूरतमंदों को निर्बाध गति से रक्त देकर मिशाल कायम कर रहे हैं। तीन बहनों में इकलौते भाई होने कारण पारिवारिक दायित्वों के साथ - साथ अपनी नौकरी पर भी सामंजस्य निभाना इनको बखूबी से आता है। वरिष्ठ पत्रकारों के बीच मिलनसार और मृदुभाषी होने के चलते जेपी के नाम से जान पहचान बनाने वाले जयप्रकाश फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ होकर पुलिस मीडिया ग्रुप के माध्यम से जिले भर में पुलिस द्वारा किये जा रहे कार्यवाहियों को सारगर्भित शब्दों में और पुख्ता प्रमाण के साथ पत्रकारों तक सही समय में पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका रहती है।
: लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें - एसपी विजय अग्रवाल
Wed, Nov 30, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में अहम बैठक आहूत की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से थानों में लंबित अपराधों , मर्ग एवं शिकायतों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त बैठक में ऐसे विवेचक को बुलाया गया जिनके पास अपराध , मर्ग और शिकायत अधिक मात्रा में लंबित है। प्रत्येक अपराध की समीक्षा पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई। बैठक में जिन अपराधों के निराकरण के विषय में शंका थी अथवा लाइन ऑफ एक्शन को लेकर कोई गाइडेंस की आवश्यकता थी , उन सभी को दूर किया गया। साथ ही शीतकालीन सत्र को ध्यान में रखते हुये चोरी की आशंकाओं के मद्देनजर रात्रि गश्त मजबूत करने की भी हिदायत दी गई। इसके अलावा धारा 363 भादवि के गुमशुदा बच्चों की तलाश हेतु विशेष अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा दस्तयाब करने और दस्तयबी के लिये दस विशेष टीमों का गठन कर टीमों को बाहर तत्काल भेजने हेतु भी निर्देशित किया गया। लघु अधिनियम और विविध अपराधों का निराकरण एक सप्ताह से पंद्रह दिनों की अवधि के अंदर करने हेतु भी निर्देशित किया गया। उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय अनिल सोनी सहित सभी राजपत्रित अधिकारीगण एवं सभी थाना और चौकी से आये विवेचकगण उपस्थित थे।