: चोटग्रस्त निराश्रित श्वान को फिर मिला निधि का सहारा
Mon, Mar 27, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - जिले के विकासखंड बलौदा में दो दिन से सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त डाग की आज बिलासपुर निवासी सुश्री निधि तिवारी ने सुध लेकर उपचार हेतु जीवाश्रय पहुंची। गौरतलब है कि गत दिवस बलौदा के काजल सेन ने फोन के माध्यम से जानकारी दी कि एक दुर्घटनाग्रस्त डाग जनपद पंचायत के सामने पड़ी है। उसके मुंह से खून बह रहा है और चल भी नहीं नहीं पा रही है। इसकी सूचना मिलते ही निधि अपनी टीम के साथ बलौदा पहुंची और श्वान का रेस्क्यू कर उसे दर्द और ताकत का इंजेक्शन लगाकर अतिरिक्त उपचार के लिये बिलासपुर पहुंची। यहां पशु चिकित्सालय में श्वान का एक्सरा कराने से जबड़ा टूटना पाया गया। जीवाश्रय प्रमुख निधि ने बताया कि अब डॉक्टर पीयूष दुबे द्वारा श्वान का ऑपरेशन किया जायेगा। जीवाश्रय में कुछ दिनों के सेवा के बाद वह फिर से अपनी ज़िंदगी नये सिरे से जीना शुरू कर देगा। श्वान के सफल रेस्क्यू करने और उपचार कराने में निधि तिवारी के अलावा अनुराग अग्रवाल , अभिषेक सोनी , सूरज यादव और संग्राम ध्रुव का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं रेस्क्यू के पहले दिन बलौदा थाना टीम के अलावा नरेंद्र मित्तल , काजल सेन , गौतम सेन , वासुदेव सेन का भी श्वान को नाली से निकालने और दूध बिस्किट खिलाने में अमूल्य सहयोग रहा। बताते चलें कि शनि , राहु और केतु इन तीनों ग्रह की नकारात्मक दृष्टि से सभी बचना चाहते हैं। इन तीनों ग्रहों की अशुभ दृष्टि पड़ जाये तो इंसान अमीर से गरीब और राजा से रंक तक बन जाता है। उसको जिंदगी में कई कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोग इन ग्रहों को शांत करने के लिये विभिन्न उपाय भी करते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ऐसे बेजूबानों की सेवा करने से भी इन ग्रहों को शांत करने में मदद मिलती है।जीव सेवा ही ईश्वर सेवा - निधि तिवारीनिधि ने समाज के नाम अपने संदेश में कहा है कि जीव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। अगर हमारा थोड़ा सा समय किसी के जीवन को बचा सकता है , तो अपना समय ज़रूर दें। किसी का जीवन बचाना बहुत बड़ी बात होती है , क्योंकि ये काम तो ईश्वर ही करते हैं जबकि हम तो केवल माध्यम बनते हैं। हम ईश्वर की शुक्रिया अदा करें कि उन्होंने हमें इस सेवा के लिये चुना है। उन्होंने कहा कि यदि हम सब संकल्प करके थोड़ा सा समय दें तो अब कोई भी दुर्घटनाग्रस्त बेजूबान सड़कों पर नही भटकेंगे बल्कि वे आश्रम में सुकून का जीवन व्यतीत करेंगे।
: फर्जी पंजीयन कर गबन करने के दो आरोपी जेल दाखिल
Sat, Mar 25, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - धान खरीदी केंद्र कोरबी में फर्जी पंजीयन कर चार लाख पांच हजार रूपये की शासकीय राशि गबन करने वाले दो आरोपियों को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में पुलिस मीडिया ग्रुप से मिली जानकारी के अनुसार माननीय जिला दंडाधिकारी जिला जांजगीर चांपा द्वारा गठित टीम के जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रार्थी मुकेश पाण्डेय मैनेजर ग्रामीण सहकारी बैंक बलौदा द्वारा लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि श्रीमति पुजा अग्रवाल एवं अन्यों द्वारा धान खरीदी केन्द्र में किसानो का फर्जी पंजीयन कर फर्जीवाडा कर चार लाख पांच हजार रूपये रकम को निकालकर गबन करने एवं धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट पर आरोपीयों के विरूद्ध धारा 420 , 409 , 468 ,471 , 120 बी , 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में विवेचना के दौरान मनोज अग्रवाल तथा सीमा अग्रवाल निवासी डोंगरी का सलिप्ता पाये जाने से नाम जोड़ा गया है। प्रकरण के अन्य आरोपिया सीमा अग्रवाल एंव पूजा अग्रवाल माननीय छग हाईकोर्ट बिलासपुर से अग्रीम जमानत पर है। प्रकरण के आरोपी जितेन्द्र अग्रवाल उर्फ छोटू और मनोज अग्रवाल उर्फ डब्बू के द्वारा शासन के राशि का कूटरचना कर चार लाख पांच हजार रूपये का राशि गबन करना पाये जाने पर बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी बलौदा उपनिरीक्षक गोपाल सतपथी , सउनि कृष्णपाल सिंह कंवर , प्रधान आरक्षक अरूण कौशिक , आरक्षक दिलीप माथुर , जितेन्द्र कुर्रे , महेश राज का सराहनीय योगदान रहा।
: ज्यादा ब्याज देने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के तीन आरोपी जेल दाखिल
Tue, Mar 21, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - ज्यादा ब्याज का झांसा देकर ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने के दो महिला सहित तीन आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों द्वारा ग्राम केरा के साथ - साथ आसपास के ग्रामीणों से भी धोखाधड़ी किया गया है। आरोपीगण नये ग्राहकों से रकम प्राप्त कर पुराने ग्राहकों का लोन किस्त पटाते थे। आरोपी संतोष दास के कब्जे से लोन संबंधी एवं अन्य दस्तावेज बरामद किया गया। आरोपी दस्तावेजों को अपने ससुराल गेवरानी जिला बलौदा बाजार में छिपाकर रखा था।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इस मामले का खुलासा करते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय अनिल सोनी ने बताया प्रार्थी रोशन महंत निवासी केरा के द्वारा गत 16 मार्च को थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि वह ग्राम केरा के संतोष दास महंत , संतोष की पत्नी जगरबाई महंत एवं जानकी महंत को पिछले कई वर्षो से जानता है , जो ग्राम केरा में ही रहते है और उसके घर आते जाते रहते है। प्रार्थी ने बताया विगत 12 फरवरी 2022 को संतोष दास महंत , उसकी पत्नी जगरबाई महंत एवं उसकी मां जानकी बाई महंत मेरे घर आये। संतोष अपनी पत्नी जगर बाई और मां जानकी बाई के साथ मिलकर मेरे को बोला कि बैंक का एक अच्छी स्कीम आई है , जिसमें ज्यादा ब्याज मिलता है। तुम मेरे पास पैसा जमा करा दो तो मैं तुम्हारा पैसा बैंक में जमा कर दूंगा और तुम्हें ज्यादा ब्याज मिलाकर पैसा वापस करूंगा। तब मैं संतोष दास महंत को फरवरी 2022 से सितम्बर 2022 तक किस्त-किस्त करके कुल दो लाख रूपये बैंक में जमा करने को दिया था। मैं जब संतोष महंत से अपना पैसा वापस लेने गया तो वह नहीं दिया और टाल मटोल करने लगा। मैं संतोष से बैंक में पैसा जमा करने का रसीद और बैंक का पास बुक मांगा तो संतोष रसीद व पास बुक नहीं दिया , टाल मटोल करने लगा। पुन : दिनांक 23 फरवरी 2023 को मैं संतोष के घर गया तो उसकी पत्नी जगर बाई और संतोष की मां जानकी बाई घर पर नहीं थे और घर में ताला लगाकर चले गये थे। तब मुझे पता चला कि मेरे अलावा गांव के अन्य लोगों के साथ भी उन लोागों के द्वारा धोखाधड़ी किया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 98/23 धारा 409 , 420 , 34 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये आरोपियों के रायपुर में होने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल टीम गठित कर उनकें रहने के स्थान पर दबिश देकर हिरासत में लेकर बारिकी से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपना जुर्म करना स्वीकार कर बताया कि आरोपियों द्वारा मिलकर अधिक ब्याज का लालच देकर लोगों से पैसा जमा कराने एवं अधिक पैसा जमा होने पर पैसा लेकर भाग जाने की योजना बनाये थे। योजना के अनुसार आरोपी संतोष , जगर बाई एवं जानकी बाई द्वारा मिलकर ग्राम केरा एवं आसपास के लोगों को बताते थे कि बैंक में एक अच्छी स्कीम आई है जिसमें ज्यादा ब्याज मिलता है। आप लोग हमारे पास पैसा जमा करो तो हम लोग आप लोगों का पैसा बैंक में उस स्कीम में जमा करके आप लोगों को अधिक ब्याज सहित पैसा वापस करेंगे। इस प्रकार गांव के रोशन महंत से 02 लाख रूपये , भोला देवांगन से 02 लाख रूपये , रामनाथ से 63 हजार रूपये , कमला बाई से 70 हजार रूपये , जगेश्वर बाई से 01 लाख रूपये , बद्रिका सागर से 94 हजार रूपये , रजनी सहिस से 20 हजार रूपये , बदरा से 35 हजार रूपये, रत्नी कुमार से 45 हजार रूपये , कंवल दास से 50 हजार रूपये , दिले बाई से 60 हजार रूपये , पूजा बाई से 60 हजार रूपये , खीखबाई से 10 हजार रुपये , निर्मला सहिस से 50 हजार रूपये , शकुन कहरा से 63 हजार रूपये एवं इसके अलावा गांव एवं आसपास के अन्य लोगों से पैसा जमा कराये थे। कुछ लोगों के द्वारा पैसा नकदी एवं कुछ लोगों के द्वारा बैंक से लोन लेकर आरोपीगण के पास जमा किया गया था। उनका लोन आरोपियों को पटाना था इसलिये उनके लोन का कागजात /पास बुक आरोपी अपने पास रखे है। नये ग्राहक से पैसा प्राप्त होने पर पुराने ग्राहकों की लोन की किस्त को पटा देते थे और शेष बचे रकम को अपनी घर की जरूरत एवं शौक पूरा करने के लिये खर्च करते थे। आरोपी संतोष दास द्वारा लोगों के बैंक लोन संबंधी कागजात को अपने ससुराल घर ग्राम गेवरानी जिला बलौदा- बाजार में छिपाकर बताने से आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर ग्राहकों के बैंक लोन संबंधी कागजात एवं अन्य दस्तावेजों को जप्त किया गया है। नवागढ़ पुलिस ने आरोपी संतोष दास महंत उम्र 38 वर्ष , जगर बाई महंत एवं जानकी बाई महंत को आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय , सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप , महिला प्रधान स्वाती गिरोलकर , आरक्षक शिवभोला कश्यप , बलराम यादव , विरेन्द्र सूर्यवंशी एवं साईबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।