: आबकारी एक्ट में जप्त हजारों लीटर शराब का किया गया नष्टीकरण
Wed, May 17, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - विभिन्न थानों से विगत पांच वर्षों में आबकारी एक्ट के तहत कुल 23 प्रकरणों में जप्त 10753.02 लीटर शराब का विधिवत नष्टीकरण किया गया। शराब नष्टीकरण हेतु करने हेतु कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा टीम का गठन किया गया था। थाना के मालखाना में अधिक मात्रा में जप्ती शराब रखे होने से थाना भवन में स्थान का अभाव हो गया था ,, अब नष्टीकरण किये जाने से पर्याप्त स्थान की उपलब्धता हुई है। इन थानों में शराब के नष्टीकरण होने से थाना का वातावरण साफ सुथरा एवं दुर्गंध मुक्त हो गया है।
पुलिस मीडिया ग्रुप से इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गत संध्या रक्षित केन्द्र जांजगीर मैदान में जिले के विभिन्न थानों में छ.ग. आबकारी अधिनियम 1915 के धारा 34(2) में जप्त मदिरा को नष्टीकरण करने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जांजगीर के आदेश क्रमांक/आबकारी/अपराध/5502/23 दिनांक 12 मई 2023 के माध्यम से श्रीमती कमलेश नंदनी साह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व , यदुमणी सिदार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा , सहायक आयुक्त आबकारी जांजगीर , निरीक्षक लखेश केंवट , मनीष सिंह परिहार , उनि सनत , सुरेश ध्रूव का टीम गठित किया गया था। गठित टीम एवं पंचानों के समक्ष थाना प्रभारी जांजगीर , सारागांव , पामगढ़ , चांपा के द्वारा प्रस्तुत सूची के अनुसार कुल 35 प्रकरणों जिसमें थाना जांजगीर का 01 प्रकरण में 3456 लीटर , थाना सारागांव के 01 प्रकरण में 6842.88 लीटर , थाना पामगढ़ के 09 प्रकरण में 182 लीटर एवं थाना चांपा के 24 प्रकरण में 272.140 लीटर कुल 10753.02 लीटर शराब का विधिवत् नष्टीकरण किया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान अनिल सोनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , श्रीमती कमलेश नंदनी साहू अनुविभागीय अधिकारी राजस्व , यदुमणि सिदार अनुविभागीय अधिकारी चाम्पा , सहायक आयुक्त आबकारी एवं गठित टीम के सदस्यों के अतिरिक्त अन्य अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
: वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त पत्रों का त्वरित निराकरण करें - एसपी विजय अग्रवाल
Wed, May 10, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यालयीन कार्यों के सुचारू रूप से संचालन के संबंध में शाखा प्रभारियों की समीक्षा बैठक आहूत की गई। इस बैठक में उन्होंने कई अतिआवश्यक निर्देश दिये। जिनमें उनके द्वाराआगामी एक वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के प्रकरण की समीक्षा कर सेवानिवृत्त होने से पूर्व की संपूर्ण कार्यवाही समय पर पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। किसी भी सेवानिवृत्त हुये अधिकारी / कर्मचारियों का कोई भी स्वत्व लंबित नहीं रखने हेतु निर्देशित किया गया। इस इकाई से जिला सक्ती स्थानांतरित हुये पुलिस कर्मियों का सेवा पुस्तिका आवश्यक रूप से भेजने हेतु निर्देशित किया गया।अनावश्यक दस्तावेजों का एक सप्ताह के अंदर नष्टीकरण के संबंध में कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। माननीय सर्वोच्च एवं उच्च न्यायालय से प्राप्त होने वाले रिट पिटिशनों का समयावधि में
निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त होने वाले पत्रों की जानकारी समय पर प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया। कार्यालय के कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना पाये जाने पर संबंधितों को दंडित करने हेतु हिदायत दिया गया। उक्त बैठक में अनिल सोनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , निकोलस खलखो एवं कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
: नया खाता खुलवाकर महादेव एप में उपयोग करने वाले सात आरोपी जेल दाखिल
Tue, Mar 28, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - अधिक रकम का झांसा देकर नया खाता खुलवाकर महादेव एप में उपयोग करने वाले सात आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं इस प्रकरण में सम्मिलित एक विधि से संघर्षरत बालक के विरूद्ध कार्यवाही करने के साथ ही पुलिस द्वारा प्रकरण में अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में विवेचना की जा रही है। आरोपी चिरंजीव केशरवानी पूर्व में दुबई जाकर भी महादेव सट्टा एप में काम कर चुका है। इस प्रकरण में संलिप्त आरोपियों से मोबाईल , बैंक खाता का पास बुक एवं अन्य दस्तावेज भी जप्त किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इस मामले का खुलासा करते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय अनिल सोनी ने बताया प्रार्थी अभिषेक कुमार पटेल उम्र 24 वर्ष निवासी तुस्मा द्वारा थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि ग्राम पोड़ी में रहने वाले चन्द्र प्रकाश साहू , चन्द्रकांत साहू , राखी लाल साहू , तुलेस यादव , सुनील साहू , शिवरीनारायण मे रहने वाले चिरंजीव केशरवानी एवं अकलतरा मे रहने वाले अरूण पनारिया ये सभी लोग मिलकर गांव कटौद आकर प्रार्थी को बैंक मे एक अच्छी स्कीम आई है , जिसमें पैसा जमा करने पर शुरू मे पांच हजार रूपये बैक मे जमा कर खाता खेालवाना पडे़गा। उसके एक दो माह बाद मे पच्चीस हजार रूपये मिलेगा कहते हुये प्रार्थी का नया खाता खुलवाकर उसको महादेव सटटा बुक एप मे देकर उस खाते का गलत तरीके से उपयोग किये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना नवागढ़ में आरोपियों के विरूद्ध अप क्र 111/23 धारा 420 , 34 भादवि दर्ज कर विवेचना कार्यवाही मे लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु तत्काल टीम का गठन कर आरोपियो के ठिकानो पर दबीश दी गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी चिरंजीव केशरवानी उर्फ चंकी केशरवानी उम्र 22 वर्ष निवासी शिवरीनारायण , अरूण पनरिया उम्र 32 वर्ष निवासी अकलतरा , चन्द्रकांत साहू उम्र 18 वर्ष निवासी पोड़ी , चन्द्र प्रकाश साहू उम्र 20 वर्ष निवासी पोड़ी , राखीलाल साहू उम्र 33 साल निवासी पोड़ी , तुलेश यादव उम्र 27 साल निवासी पोड़ी राछा और सुनील साहू उम्र 21 साल निवासी पोड़ी राछा को हिरासत मे लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा बताया गया कि नये लोगों का पांच हजार रूपये में नया बैक खाता खुलवाने पर एक माह बाद पच्चीस हजार रूपये मिलेगा ऐसी लालच देकर ग्राहक से पांच हजार रूपये और उनकी आधार कार्ड एवं अन्य जानकारी लेकर बैक में खाता खुलवा लेते थे। उस खाता को महादेव सटटा बुक एप वालो को दे देते थे जिसके एवज मे उन्हें पच्चीस हजार रूपये प्रति बैंक खाता के हिसाब से राशि प्राप्त होती थी , जिसको वे आपस में बंटवारा कर लेते थे। आरोपी चिरंजीव केशरवानी द्वारा बताया गया कि वह पूर्व में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फ्रेंचायजी महादेव सट्टा एप बुक में काम करता था। जिसमें अपने साथियों के साथ मिलकर फ्रेंचायजी के आईडी के माध्यम से लोकल स्तर पर महादेव एप सट्टा के क्वाईन से पैसे में ट्रांसफर को आपरेट करते थे। आरोपी चिरंजीव केशरवानी लगभग एक वर्ष पूर्व दुबई जाकर भी महादेव सट्टा एप में काम कर चुका है। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से मोबाइल जिसके माध्यम से धोखाधड़ी करते थे , ग्राहक के बैंक खाता एवं अन्य दस्तावेज को जप्त कर सात आरोपियों को को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही इस प्रकरण में सम्मिलित एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी कार्यवाही की जा रही है। वहीं प्रकरण मे अन्य आरोपियो की संलिप्तता के संबंध मे विवेचना की जा रही है। उक्त कार्यवाही में थाना नवागढ़ स्टाफ एवं साईबर सेल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।