: प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा हेतु हमर बेटी हमर मान अभियान की होगी शुरुआत - सीएम बघेल
Fri, Sep 23, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - छत्तीसगढ़ सरकार महिला सुरक्षा की दिशा में खासकर बेटियों की सुरक्षा, उनके मान सम्मान की रक्षा, उनकी सुविधा और उन्हें आवश्यक सेवा प्रदान करने के लिये एक अभिनव अभियान 'हमर बेटी - हमर मान' प्रारंभ करने जा रही है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अभियान की घोषणा करते हुये ट्वीट कर बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार बेटियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये ’हमर बेटी-हमर मान’ अभियान प्रारंभ करने जा रही है। इस अभियान के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिस समाज में बेटियां सुरक्षित और सशक्त हो, वह समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। इस अभियान के तहत राज्य की पुलिस की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी प्रदेश के सभी जिलों में स्कूल, कॉलेजों में जाकर बेटियों को उनके कानूनी अधिकार, गुड टच, बैड टच, छेड़खानी, यौन शोषण, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया क्राइम से बचाव और अधिकार जैसी बातों पर मार्गदर्शन देंगी और संवाद करेंगी।
गर्ल्स स्कूल, कॉलेजों तथा महिलाओं, युवतियों की उपस्थिति वाली प्रमुख जगहों पर पुलिस की स्पेशल महिला पेट्रोलिंग लगाई जायेगी। ’हमर बेटी हमर मान’ हेल्पलाइन के लिये एक मोबाइल नंबर भी जारी किया जायेगा, जिस पर शिकायत करने से प्राथमिकता पर कार्रवाई होगी। महिला संबंधी अपराधों की विवेचना प्राथमिकता के आधार पर महिला विवेचकों से ही करवायी जायेगी। ऐसे अपराधों की विवेचना निर्धारित समय में पूरी होकर चालान पेश हो जाये, ये सुनिश्चित करने का दायित्व आई०जी० रेंज का होगा।
: नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का पंचदिवसीय यात्रा प्रवास आज से
Wed, Sep 21, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टरायपुर - छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल आज से पंचदिवसीय जगदलपुर , सुकमा , दंतेवाड़ा , भैरमगढ़ , कोण्डागांव , नारायणपुर , कांकेर , धमतरी एवं कुरूद दौरे पर रहेंगे। इस दरम्यान वे अपने प्रस्तावित कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। उनके विशेष सहायक सुशांत राय से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल अपने यात्रा के प्रथम दिवस आज 21 सितम्बर को दोपहर दो बजे कार द्वारा निवास विधायक कॉलोनी रायपुर से एयरपोर्ट रायपुर हेतु प्रस्थान करेंगे। ढाई बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर से विमान द्वारा जगदलपुर हेतु प्रस्थान कर दोपहर साढ़े तीन बजे मां दंतेश्वरी विमानतल जगदलपुर पहुंचेंगे एवं कार द्वारा विश्राम गृह जगदलपुर हेतु प्रस्थान करेंगे। शाम चार बजे वे विश्राम गृह जगदलपुर पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अपने यात्रा के द्वितीय दिवस 22 सितंबर को सुबह आठ बजे कार द्वारा जगदलपुर से सुकमा हेतु प्रस्थान कर पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे विश्राम गृह सुकमा पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दोपहर ढाई बजे कार द्वारा सुकमा से दंतेवाड़ा हेतु प्रस्थान करेंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे दंतेवाड़ा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और भोजन पश्चात रात्रि विश्राम दंतेवाड़ा में ही करेंगे। अपने यात्रा के तृतीय दिवस 23 सितम्बर को प्रात: नौ बजे दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना में शामिल होंगे और दस बजे कार द्वारा दंतेवाड़ा से भैरमगढ़ जिला बीजापुर हेतु प्रस्थान करेंगे। सुबह साढ़े दस बजे भैरमगढ़ पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद पूर्वाह्न ग्यारह बजे वे कार द्वारा भैरमगढ़ से नेमेड़ हेतु प्रस्थान करेंगे और साढ़े ग्यारह बजे नेमेड़ पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां के कार्यक्रमों की समाप्ति पश्चात वे दोपहर तीन बजे कार द्वारा नेमेड़ से फरसागुड़ा प्रस्थान कर शाम साढ़े छह बजे फरसागुड़ा पहुंचेंगे। यहां से देर शाम सात बजे कोण्डागांव पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और भोजन पश्चात रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। अपने यात्रा के चतुर्थ दिवस 24 सितम्बर को पूर्वाह्न ग्यारह बजे कार द्वारा कोण्डागांव से नारायणपुर हेतु प्रस्थान कर दोपहर बारह बजे विश्राम गृह नारायणपुर पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों शामिल होंगे। यहां कार्यक्रमो की समाप्ति पश्चात वे दोपहर ढाई बजे कार द्वारा नारायणपुर से कांकेर हेतु प्रस्थान करेंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे विश्राम गृह कांकेर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और रात आठ बजे विश्राम गृह कांकेर पहुंचकर रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। अपनी यात्रा के पांचवे और अंतिम दिवस 25 सितंबर को नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल पूर्वाह्न ग्यारह बजे कार द्वारा
कांकेर से धमतरी हेतु प्रस्थान कर दोपहर बारह बजे धमतरी पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां शाम चार बजे से शाम पांच बजे तक उनका समय आरक्षित रहेगा। यहां से शाम पांच बजे वे कार द्वारा धमतरी से कुरूद प्रस्थान कर साढ़े पांच बजे कुरूद पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां के कार्यक्रमों की समाप्ति पश्चात देर शाम साढ़े सात बजे कार द्वारा कुरूद से रायपुर के लिये प्रस्थान करेंगे और रात्रि साढ़े आठ बजे वे अपने निवास विधायक कालोनी रायपुर पहुंचकर वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इस पंचदिवसीय यात्रा प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बिलासपुर सांसद अरुण साव भी नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के साथ रहेंगे।
: डीएमएफ के पैसे का दुरुपयोग कर रही है प्रदेश सरकार - नारायण चंदेल
Sun, Sep 11, 2022
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि प्रदेश में जिला खनिज न्यास के पैसे का लगातार दुरुपयोग हो रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार जिस तरीके से बदहाली के दौर से गुजर रही है वह इस डीएमएफ के पैसे का उपयोग वेतन और पेंशन देने के लिये करने जा रही है। प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश सरकार कर्मचारी अधिकारियों के डीए बढ़ोत्तरी नहीं कर रही है। प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मचारी अधिकारियों को आंदोलन को बलपूर्वक समाप्त करवा रहे हैं। यह इस बात को प्रमाणित करता है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिये डीएमएफ के पैसे का उपयोग वेतन देने पर राज्य सरकार करने जा रही है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि जिस तरह से पूरे प्रदेश में डीएमएफ की राशि का दुरुपयोग हुआ है। वो किसी से छुपा नहीं है राज्य की हर जिलों में स्थिति एक जैसे ही है। छत्तीसगढ के जांजगीर चांपा और कोरबा जिले में डीएमएफ के पैसे का लगातार दुरुपयोग हुआ है। इसे लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश जो आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। आने वाले दिनों में ये संकट और बढ़ सकता है। अधिकारी और कर्मचारियों को वेतन के भी लाले पड़ पड़ रहे है। इस सब के लिये प्रदेश कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जरा भी गंभीर नहीं है उनकी पूरी प्राथमिकता श्रीमति सोनिया और गांधी परिवार है। उन्हें प्रदेश की जनता की जरा भी चिंता नहीं है। जब भी कोई चुनावी समय आता है वो प्रदेश के लिये प्रवासी मुख्यमंत्री के तौर पर काम करते हैं। इस समय उनका पूरा ध्यान हिमाचल के चुनाव पर है और वो जिस जिस जगह पर चुनाव पर गये है इनको वहां की जनता ने करारा जवाब दिया है। इस समय उन्हें प्रदेश की जनता की हित का ध्यान रखना चाहिये लेकिन वे इसमें पूरी तरीके से असफल है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि जिस तरीके से डीएमएफ के राशि का दुरुपयोग हुआ है उसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिये। जिससे यह स्पष्ट हो सके कि राज्य सरकार ने इन पैसों का उपयोग कहा किया है और जो भारी भ्रष्टाचार हुआ है उन दोषियो के खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाये। इस मामलें पर प्रदेश सरकार ने सदन में भी जवाब दिया है और इससे प्रश्न उठते हैं कि आखिरकार भ्रष्टाचार के मामले लगातार डीएमएफ को ले कर हो रहे है।