: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का छग दौरा 13 अगस्त को
Tue, Aug 8, 2023
जांजगीर-चांपा - अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 13 अगस्त को पुलिस ग्राउंड खोखराभांठा में भरोसा सम्मेलन का कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अजजा सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार का शंखनाद करेगी। इस कार्यक्रम में सांसद राहुल गांधी को भी आना था , लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनके दौरे की सहमति नहीं मिली है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के इस प्रथम कार्यक्रम में राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट व पीसीसी के पदाधिकारी उपस्थित होंगे , इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है। दरअसल दो अगस्त को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर खड़गे को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया था। खड़गे के न्योता स्वीकार करने के बाद अब उनका कार्यक्रम फाइनल कर लिया गया है। बताते चलें इस चुनावी साल में मल्लिकार्जुन खड़गे का ये दूसरी बार छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इससे पहले फरवरी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिये कांग्रेस के सभी राष्ट्रीय नेता रायपुर आये थे। फरवरी महीने में नया रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ था। उस समय रायपुर के जोरा ग्राउंड में मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी ने चुनावी आगाज कर दिया था। गौरतलब है कि आगामी नवंबर दिसंबर महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। चुनावी तैयारी के मद्देनजर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के बड़े कार्यक्रम हो चुके हैं तो वही प्रधानमंत्री का दूसरी बार दौरा पड़ोसी जिला रायगढ़ में होने वाला है। इधर राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में भी चुनावी तैयारियां नजर आने लगी है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय जांजगीर के पुलिस ग्राउंड में 13 अगस्त को भरोसा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ में इस प्रथम कार्यक्रम को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है। जांजगीर चांपा जिले की ज्यादातर सीट अनुसूचित जाति के लिये आरक्षित है। जिले की 06 में से सिर्फ 02 सीट पर कांग्रेस विधायक है , बाकी 02 सीट पर बीजेपी और 02 सीटों पर बसपा के विधायक हैं। माना जा रहा है कि अनुसूचित जाति वर्ग का समर्थन हासिल करने के लिये मल्लिकार्जुन खड़गे यहां बड़ी सभा कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में इस समय एससी वर्ग की आरक्षित 10 विधानसभा सीटों में से वर्तमान में 07 सीट कांग्रेस के पास है , दो बीजेपी और एक बसपा के पास है। इनमें से एससी वर्ग की दो सीटें सरायपाली और सारंगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशियों ने पचास - पचास हजार के बड़े वोट के अंतराल से जीत दर्ज की थी। हालांकि एससी वर्ग को साधने की कोशिश भाजपा भी कर रही है लेकिन भाजपा की सभा से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को यहां लाकर कांग्रेस ये साबित करना चाह रही है कि ये सीटें उनके लिये कितनी महत्वपूर्ण हैं।
: बड़े वाहनों से डीजल चोरी करने के चार आरोपी जेल दाखिल
Sat, Aug 5, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - चाय दुकान एवं पंचर दुकानों की आड़ लेकर मेन रोड में बड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले चार आरोपियों को 1190 लीटर डीजल बरामद के साथ बलौदा पुलिस एवं सायबर सेल टीम ने गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली जानकारी अनुसार थाना बलौदा में अलग -अलग चार मामले में मेन रोड में खड़ी बड़ी वाहनों से डीजल की चोरी करने का प्रार्थीयों की रिपोर्ट पर मामले दर्ज किये गये थे। जिसमें विशेष टीम जांजगीर व बलौदा पुलिस के द्वारा जरिये मुखबिर सूचना पर रेड कार्यवाही किया गया। आरोपियों कृष्ण कुमार उम्र 45 वर्ष निवासी बुड़गहन डिहारिन मंदिर के पास , बलौदा से 350 लीटर डीजल कीमती 33,000 रूपये , संतोष उम्र 38 वर्ष निवासी पनोरापारा डिहारिन मंदिर के पास , बलौदा से 260 लीटर डीजल कीमती 25,000 रूपये , शत्रुहन उम्र 26 वर्ष निवासी पनोरापारा डिहारिन मंदिर के पास , बलौदा से 280 लीटर डीजल कीमती 28000 रूपये , विनोद कुमार उम्र 34 वर्ष बुड़गहन सिंघरीपारा थाना बलौदा से 300 लीटर डीजल कीमती 28000 रूपये जप्त किया गया है। आरोपियों के विरूद्ध अपराध धारा सदर का सबूत पाये जाने से बलौदा पुलिस ने धारा 379 भादवि के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही मे विषेष टीम साईबर सेल प्रभारी , निरीक्षक मनीष परिहार उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव व अन्य साईबर की टीम तथा थाना प्रभारी बलौदा उप निरीक्षक गोपाल सतपथी , सउनि कौशल सिदार , प्रधान आरक्षक जगदीश अजय , मुकेश यादव , प्रीतम सिंह कंवर एवं आरक्षक हेमंत साहू का सराहनीय योगदान रहा।गिरफ्तार आरोपी -कृष्ण कुमार उम्र 45 वर्ष निवासी बुड़गहन डिहारिन मंदिर के पास बलौदा , संतोष उम्र 38 वर्ष निवासी पनोरापारा डिहारिन मंदिर के पास बलौदा , शत्रुहन उम्र 26 वर्ष निवासी पनोरापारा डिहारिन मंदिर के पास बलौदा , विनोद कुमार उम्र 34 वर्ष निवासी बुडगहन सिंघरीपारा थाना बलौदा।
: मोटर सायकल चोरी के दो आरोपी जेल दाखिल
Thu, Aug 3, 2023
अरविन्द तिवारी की रिपोर्टजांजगीर चांपा - रात के समय घर के बाहर रखे मोटर सायकल चोरी करने के दो आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करते हुये जांजगीर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव ने अरविन्द तिवारी को बताया प्रार्थी दीपक कहरा उम्र 23 वर्ष निवासी केरा रोड जांजगीर गत एक अगस्त को खाना खाकर अपने घर में सो गया था , तथा अपने मोटर सायकल बजाज पल्सर को घर के सामने रखा था। सुबह लगभग छह बजे उठकर देखा तो मोटर सायकल को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 521/2023 धारा 379 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी फूटेज को बारिकी से देखा गया। सीसीटीवी के आधार पर संदेही समीर लदेर उम्र 19 वर्ष निवासी आईबी रेस्ट हाउस के पास जांजगीर और अमृत दास उम्र 19 वर्ष निवासी वार्ड नं 19 इंद्रानगर जांजगीर को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किया गया। पूछताछ में उनके द्वारा उक्त वाहन मोटर सायकल को चोरी करना स्वीकार किये जाने से आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक नग मोटर सायकल पल्सर CG - 11 सीडी -2373 बरामद किया गया। उनके विरुद्ध अपराध धारा सदर का सबूत पाये जाने से जांजगीर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में निरीक्षक अशोक वैष्णव , प्रधान आरक्षक मोहन साहू एवं कोतवाली थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।